Tiger Shroff Attack: मुंबई के जुहू में टाइगर श्रॉफ की BMW पर 5 राउंड फायरिंग हुई। एक्टर सुरक्षित हैं, जबकि ड्राइवर अस्पताल में भर्ती है। पुलिस की 12 टीमें जांच में जुटी हैं।

Tiger Shroff Firing Case: बॉलीवुड एक्टर टाइगर श्रॉफ को लेकर मुंबई से बड़ी खबर सामने आई है। रविवार शाम जुहू इलाके में उनकी गाड़ी पर फायरिंग की गई। इस घटना में टाइगर श्रॉफ सुरक्षित हैं और उन्हें कोई चोट नहीं आई है। सोशल मीडिया पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े लोगों के नाम से इस हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया है। हालांकि, सोशल मीडिया पोस्ट की प्रामाणिकता और उसमें किए गए दावों की आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, टाइगर श्रॉफ की BMW कार पर 5 राउंड फायरिंग की गई। घटना के दौरान उनके ड्राइवर को चोट आई, जिसके बाद उसे इलाज के लिए नानावती अस्पताल में भर्ती कराया गया।

फुटबॉल खेल घर लौट रहे थे टाइगर, तभी हुआ हमला

बताया जा रहा है कि टाइगर फुटबॉल मैच खेलने के बाद घर लौट रहे थे, तभी उनकी गाड़ी को निशाना बनाया गया। घटना के बाद पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर दी और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। फिलहाल पुलिस फायरिंग के पीछे की वजह और इसमें शामिल लोगों का पता लगाने में जुटी है।

टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के बाद CM देवेंद्र फडणवीस ने लिया अपडेट

  • टाइगर श्रॉफ पर हुई फायरिंग की घटना के बाद महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मुंबई पुलिस आयुक्त को फोन किया और मामले की जानकारी ली। उन्होंने पुलिस आयुक्त को तत्काल जांच में तेजी लाने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
  • वहीं, महाराष्ट्र के सांस्कृतिक मंत्री आशीष शेलार ने भी टाइगर श्रॉफ के परिवार से फोन पर बात की और उनका हालचाल जाना।
  • डीसीपी मोहित गर्ग, जोन-1, पश्चिमी क्षेत्र ने स्पष्ट किया कि टाइगर श्रॉफ पूरी तरह सुरक्षित हैं और फायरिंग में उन्हें कोई चोट नहीं आई है। उन्होंने बताया कि मामले की आगे की जांच जारी है।
Scroll to load tweet…

जैकी श्रॉफ की टीम ने बताया- टाइगर बिल्कुल ठीक हैं

  • फायरिंग की घटना के बाद टाइगर श्रॉफ की सुरक्षा को लेकर उनके पिता और अभिनेता जैकी श्रॉफ की टीम ने भी स्थिति स्पष्ट की। उन्होंने बताया कि टाइगर सुरक्षित हैं और उन्हें कोई चोट नहीं आई है।
  • जैकी श्रॉफ की टीम ने कहा, 'टाइगर ठीक हैं।' इससे पहले मुंबई पुलिस भी स्पष्ट कर चुकी थी कि फायरिंग की घटना में टाइगर श्रॉफ को कोई चोट नहीं आई है।
  • इस बीच, मुंबई पुलिस ने आरोपियों की तलाश तेज कर दी है। मामले की जांच और आरोपियों का पता लगाने के लिए पुलिस की 12 टीमें बनाई गई हैं। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

जो भी सलमान के साथ काम करेगा अगला नंबर उसका

  • फायरिंग की घटना के बाद सोशल मीडिया पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े होने का दावा करने वाले लोगों की एक पोस्ट सामने आई। इसमें गैंगस्टर अनिल पंडित और हरमन संधू के नाम से हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया।
  • पोस्ट में दावा किया गया कि टाइगर श्रॉफ को पहले भी फोन करके धमकी दी गई थी। पोस्ट में अनिल पंडित के नाम से लिखा गया, ‘जय महाकाल... जय श्रीराम... सभी भाइयों को राम राम... आज ये टाइगर श्रॉफ का काम हुआ है। इसकी जिम्मेदारी अनिल पंडित और हरमन संधू लेते हैं।’
  • पोस्ट में आगे दावा किया गया कि टाइगर को पहले फोन करके समझाया गया था, लेकिन उन्होंने बात नहीं मानी। पोस्ट में लिखा गया कि इसी वजह से उन्हें निशाना बनाया गया।
  • इसके बाद पोस्ट में मुंबई फिल्म इंडस्ट्री के लोगों को धमकी देते हुए कहा गया कि जो भी उनकी बात नहीं सुनेगा या सलमान खान के साथ काम करेगा, अगला निशाना वह हो सकता है। पोस्ट में लिखा गया, ‘अगला नंबर उसका होगा। वेट एंड वॉच।’
  • पोस्ट में कुछ अन्य समूहों को भी धमकी दी गई। इसमें दावा किया गया कि जो लोग उनके नाम का इस्तेमाल करके पहचान बनाने की कोशिश कर रहे हैं, उन्हें भी निशाना बनाया जाएगा। हालांकि, सोशल मीडिया पर सामने आई इस पोस्ट की प्रामाणिकता और इसमें किए गए दावों की पुलिस की ओर से आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।