टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के दौरान उनकी कार के पीछे मौजूद ‘बिग बॉस’ विनर ने भयावह मंजर बयां किया। उन्होंने खून के निशान, गोलियों की आवाज और मौके पर मची अफरा-तफरी का जिक्र किया।

मुंबई के जुहू इलाके में टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के वक्त वहां मौजूद लोगों ने कुछ ऐसे पल देखे, जिन्हें भूलना आसान नहीं होगा। 'बिग बॉस 18' विनर करण वीर मेहरा की कार भी एक्टर की गाड़ी के पीछे थी। घटना के करीब एक घंटे बाद उन्होंने एक इंटरव्यू में उस शाम का अनुभव साझा किया। करण ने बताया कि मौके पर पहुंचने पर उन्हें खून के निशान दिखे और टाइगर के ड्राइवर को गोली लगने की जानकारी मिली। उन्होंने एक्टर के सुरक्षित होने पर राहत जताई, लेकिन घायल ड्राइवर की हालत को लेकर चिंता भी जाहिर की।

टाइगर श्रॉफ फायरिंग के वक्त कहां थे करण वीर मेहरा?

करण वीर मेहरा ने एनडीटीवी से बातचीत में बताया कि उनकी कार टाइगर श्रॉफ की गाड़ी के ठीक पीछे थी। जब वह घटनास्थल पर पहुंचे, तो उन्हें खून के निशान दिखाई दिए। इसके बाद उन्हें पता चला कि टाइगर के ड्राइवर को गोली लगी है। करण ने कहा, “मेरी कार गेट से निकलते वक्त ठीक पीछे थी। जब तक मेरी कार वहां पहुंची, मैंने सिर्फ खून के निशान देखे और मुझे पता चला कि टाइगर के ड्राइवर को गोली लगी है। मुझे बस इस बात की खुशी है कि वह सुरक्षित हैं। लेकिन ड्राइवर के लिए मेरा दिल दुख रहा है और मैं उम्मीद करता हूं कि वह जल्द ठीक हो जाए। वहां बच्चे जन्मदिन मना रहे थे। हर कोई इधर-उधर भागने लगा था।”

यह भी पढ़ें : Tiger Shroff Firing Case: टाइगर पर गोलियां चलाने वालों चेहरे आए सामने, मिला सबसे बड़ा सुराग!

गोलियों की आवाज को पहले पटाखे क्यों समझ बैठे करण?

टाइगर के साथ जुहू में अक्सर फुटबॉल खेलने वाले करण ने कहा कि उन्होंने हमलावरों को नहीं देखा था। उन्हें गोलियों जैसी आवाज सुनाई दी, लेकिन आसपास पटाखे फोड़े जाने के कारण शुरुआत में उन्हें लगा कि आवाज उसी की होगी। उन्होंने बताया, “मेरी कार थोड़ी पीछे थी और बहुत से लोग तस्वीरें खींच रहे थे। हमने गोलियों जैसी आवाज सुनी और लोगों को चिल्लाते हुए सुना कि किसी ने गोली चलाई है, क्योंकि वहां कुछ लोग पटाखे भी जला रहे थे। इसलिए हमें लगा कि शायद आवाज उन्हीं की वजह से आई है।”

फायरिंग के बाद टाइगर के साथ क्या हुआ?

करण के मुताबिक, बाहर खड़े प्रशंसकों ने चिल्लाना शुरू किया, जिसके बाद सुरक्षा कर्मियों को घटना का अंदाजा हुआ और पुलिस को फोन किया गया। उन्होंने कहा, “बाहर खड़े प्रशंसक चिल्लाने लगे थे। असली गोलियां चली थीं और उनकी आवाज से पटाखों का शोर रुक गया। तभी सुरक्षा कर्मियों को सतर्क किया गया और हमने पुलिस को फोन किया। तब तक टाइगर अपने ड्राइवर को लेकर जा चुके थे।” पुलिस के मुताबिक, हमलावरों ने टाइगर की कार पर तीन से चार राउंड गोलियां चलाई थीं। ड्राइवर फिरदौस के बाएं हाथ में चोट आई और उन्हें अस्पताल ले जाया गया। रिपोर्टों के अनुसार, गोलियां नजदीक से चलाई गई थीं।

टाइगर श्रॉफ को लेकर करण वीर मेहरा ने क्या कहा?

इस घटना से भावनात्मक रूप से प्रभावित करण ने टाइगर के साथ अपने पुराने संबंधों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा, “मैं टाइगर को बहुत लंबे समय से जानता हूं। वह उन बेहतरीन लोगों में से हैं जिन्हें जानना अच्छा लगता है। वह अपने काम से काम रखते हैं और हमेशा सभी के साथ सम्मान से पेश आते हैं। उनके साथ ऐसा होते देखना बहुत दुखद है। मैं उनके परिवार को भी अच्छी तरह जानता हूं। टाइगर और उनके परिवार को इस स्थिति से गुजरते देखना मेरे लिए भी बेहद तकलीफदेह है।”

यह भी पढ़ें : टाइगर पर फायरिंग के बाद दौड़ी-दौड़ी उनके घर पहुंची दिशा पाटनी, हाथ में क्या था, जिसने खींचा ध्यान?

टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस में लॉरेंस बिश्नोई गैंग का क्या दावा है?

इस बीच, एक कथित ऑडियो क्लिप में अनिल पंडित नाम के शख्स ने लॉरेंस बिश्नोई गैंग की ओर से हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया। उसने कहा, “मैं अनिल पंडित, लॉरेंस का छोटा भाई हूं। टाइगर श्रॉफ के साथ जो हुआ, उसकी जिम्मेदारी मैं और मेरा बड़ा भाई हरमन संधू लेते हैं। हमने उसे समझाने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं समझा।” ऑडियो में आगे फिल्म इंडस्ट्री में उनके साथ न जुड़ने वालों और सलमान खान के साथ काम करने वालों को धमकी दी गई। शख्स ने कहा, “अगर कोई हमारे साथ जुड़े बिना इंडस्ट्री में काम करने की कोशिश करेगा या सलमान खान के साथ काम करेगा, तो हम उसे मार देंगे। यह हमारी आखिरी चेतावनी है।”