यश की ‘टॉक्सिक’ ने पहले दिन 100 करोड़ रुपए से ज्यादा कूटे, लेकिन दूसरे ही दिन इसकी हवा निकल गई। फिल्म का कलेक्शन लगभग 64 फीसदी गिरा, जो अच्छा संकेत नहीं माना जा सकता।

यश की ‘टॉक्सिक’ रिलीज के साथ ही बॉक्स ऑफिस पर बड़ा धमाका करने में कामयाब रही, लेकिन फिल्म को लेकर दर्शकों की राय एक जैसी नहीं है। एक तरफ सोशल मीडिया पर मीम्स, ट्रोलिंग और कहानी को लेकर सवाल उठ रहे हैं, तो दूसरी तरफ सिनेमाघरों में फिल्म की कमाई अभी भी मजबूत बनी हुई है। पहले दिन शानदार शुरुआत के बाद दूसरे दिन बॉक्स ऑफिस पर लड़खड़ा गई और इसे बड़ी गिरावट का सामना करना पड़ा। हालांकि, हिंदी मार्केट में फिल्म का प्रदर्शन कन्नड़ से बेहतर नजर आ रहा है। अब नजरें वीकेंड पर हैं, जहां फिल्म की असली रफ्तार सामने आएगी।

‘टॉक्सिक’ ने दूसरे दिन कितनी कमाई की?

ट्रेड वेबसाइट सैकनिल्क के आंकड़ों के मुताबिक, गुरुवार को ‘टॉक्सिक’ ने भारत में 36.40 करोड़ रुपए का नेट कलेक्शन किया। अगर पहले दिन से तुलना करें तो कमाई में 64 फीसदी की गिरावट आई है। पहले दिन यानी बुधवार को फिल्म ने 101.10 करोड़ रुपए का कलेक्शन किया था। गुरुवार को इस फिल्म का प्रदर्शन देशभर में 22,629 शोज में हुआ। दूसरे दिन फिल्म की ओवरऑल ऑक्यूपेंसी 23.15 फीसदी रही।

यह भी पढ़ें : न कोई बड़ा स्टार, न प्रमोशन, तीसरे हफ्ते में दौड़ पड़ी 150 मिनट की यह फिल्म, कमाई ने किया हैरान

'टॉक्सिक' ने दो दिन में कुल कितनी कमाई की

दूसरे दिन की कमाई जुड़ने के बाद फिल्म का दो दिनों का भारत में कुल नेट कलेक्शन 137.50 करोड़ रुपए पहुंच गया है। वहीं ग्रॉस कलेक्शन 164.50 करोड़ रुपए पहुंच गया है। दूसरे दिन इस फिल्म ने विदेशों में ग्रॉस 10 करोड़ रुपए कमाए, जिसके चलते टोटल ओवरसीज ग्रॉस कलेक्शन 26.25 करोड़ रुपए पहुंच गया है। कुल मिलाकर फिल्म ने दो दिन में वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस पर ग्रॉस 190.75 करोड़ रुपए का कलेक्शन कर लिया है।

हिंदी या कन्नड़, किस भाषा में ज्यादा चल रही है ‘टॉक्सिक’?

‘टॉक्सिक’ का सबसे दिलचस्प ट्रेंड इसके भाषा-वार प्रदर्शन में दिखाई दे रहा है। फिल्म की मूल भाषा कन्नड़ होने के बावजूद हिंदी वर्जन कन्नड़ से बेहतर प्रदर्शन कर रहा है। तेलुगु वर्जन भी मजबूत बना हुआ है, जबकि तमिल और मलयालम भाषाओं में कलेक्शन तुलनात्मक रूप से कम रहा है। पहले दिन हिंदी में फिल्म ने 55 करोड़ रुपए, जबकि कन्नड़ में 23.30 करोड़ रुपए का नेट कलेक्शन किया था। वहीं दूसरे दिन हिंदी वर्जन ने 23 करोड़ रुपए तो वहीं कन्नड़ वर्जन ने 8.50 करोड़ रुपए की कमाई की। फिल्म का दो दिन का भाषा वार प्रदर्शन ऐसा रहा :-

वर्जनभारत में कमाई
हिंदी78 करोड़ रुपए
कन्नड़31.80 करोड़ रुपए
तेलुगु19 करोड़ रुपए
तमिल7 करोड़ रुपए
मलयालम1.7 करोड़ रुपए

यह भी पढ़ें : पहले ही दिन 100 करोड़ से ज्यादा कमाने वाली 6 फ़िल्में, Toxic किस नंबर पर पहुंची?

‘टॉक्सिक’ में कौन-कौन हैं?

‘टॉक्सिक’ का निर्देशन गीतू मोहनदास ने किया है। फिल्म को वेंकट के. नारायण और यश ने क्रमशः केवीएन प्रोडक्शंस और मॉन्स्टर माइंड क्रिएशंस एलएलपी के बैनर तले प्रोड्यूस किया है। फिल्म में यश राया और टिकट के डबल रोल में नजर आते हैं। उनके साथ कियारा आडवाणी, नयनतारा, हुमा कुरैशी, तारा सुतारिया और रुक्मिणी वसंत अहम भूमिकाओं में हैं। फिल्म का बजट लगभग 500 करोड़ रुपए से ज्यादा बताया जा रहा है।