यश की ‘टॉक्सिक’ की 200 करोड़ क्लब में एंट्री। लेकिन ओपनिंग के बाद हर दिन कमाई फिसली है। अब फिल्म की अगली परीक्षा वीकडे में होगी। जाने फिल्म का ताजा बॉक्स ऑफिस हाल।
यश की ‘टॉक्सिक’ ने बॉक्स ऑफिस पर धमाकेदार शुरुआत के बाद जिस रफ्तार की उम्मीद जगाई थी, फिलहाल वह कहानी कुछ अलग मोड़ लेती दिख रही है। बुधवार को रिकॉर्डतोड़ ओपनिंग करने वाली इस एक्शन ड्रामा फिल्म की कमाई अगले दिनों में लगातार नीचे गई। हालांकि फिल्म ने घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 200 करोड़ की कमाई का आंकड़ा पार कर लिया है, लेकिन असली सवाल अब इसकी आगे की रफ्तार को लेकर है। रविवार यानी पांचवें दिन भी फिल्म ने सिनेमाघरों में अच्छी मौजूदगी दर्ज कराई, मगर डेली कलेक्शन में गिरावट का सिलसिला नहीं रुका। ऐसे में अब नजर वीकडेज के प्रदर्शन पर टिकी है।
पांचवें दिन ‘टॉक्सिक’ ने कितनी कमाई की?
सैकनिल्क के आंकड़ों के मुताबिक, रविवार को ‘टॉक्सिक’ ने भारत में 23 करोड़ रुपए नेट कमाए। यह चौथे दिन यानी पहले शनिवार की कमाई (25.15 करोड़ रुपए) के मुकाबले 8.5 फीसदी कम है। चौथे दिन के आंकड़े जोड़ने के बाद फिल्म का भारत में कुल नेट कलेक्शन 214.10 करोड़ रुपए हो गया। वहीं भारत में ग्रॉस कलेक्शन 255.95 करोड़ रुपए तक पहुंच गया है। रविवार को फिल्म की ऑल-ओवर थिएटर ऑक्यूपेंसी 29.97 फीसदी रही और इसे देशभर में 16,220 शोज में दिखाया गया।
भाषा के हिसाब से किस वर्जन ने सबसे ज्यादा कमाया?
- पांचवें दिन हिंदी वर्जन सबसे बड़ा योगदान देने वाला रहा। इसे 11,715 शोज मिले और इसने 24 फीसदी ऑक्यूपेंसी के साथ 14.50 करोड़ रुपए नेट कमाए।
- कन्नड़ वर्जन ने 1,297 शोज में 6.40 करोड़ रुपए का कलेक्शन किया।
- तेलुगु वर्जन ने 1,541 शोज से 1.40 करोड़ रुपए कमाए।
- तमिल वर्जन को 1,415 शोज मिले और इसकी कमाई 60 लाख रुपए रही।
- मलयालम वर्जन का 252 शोज के साथ कलेक्शन 10 लाख रुपए रहा।
ओपनिंग के बाद ‘टॉक्सिक’ की कमाई लगातार क्यों गिरी?
‘टॉक्सिक’ ने पहले दिन 101.10 करोड़ रुपए नेट के साथ शानदार शुरुआत की थी। लेकिन दूसरे दिन यानी गुरुवार को कमाई सीधे 37.65 करोड़ रुपए पर आ गई। यह ओपनिंग डे के मुकाबले करीब 62.8 फीसदी की गिरावट थी। इसके बाद शुक्रवार को फिल्म ने 27.20 करोड़ रुपए और शनिवार को 25.15 करोड़ रुपए नेट कमाए। रविवार को फिल्म की कमाई 23 करोड़ रुपए रही। यानी पांचवें दिन तक फिल्म का डेली कलेक्शन लगातार नीचे जाता रहा, जबकि वीकेंड से ग्रोथ की उम्मीद की जा रही थी।
'टॉक्सिक' का वर्ल्डवाइड कलेक्शन कितना हुआ?
5वें दिन 'टॉक्सिक' ने विदेशों में 2 करोड़ रुपए का ग्रॉस कलेक्शन किया। फिल्म का टोटल ओवरसीज कलेक्शन 29.25 करोड़ रुपए पहुंच गया है। भारत में फिल्म का ग्रॉस कलेक्शन 255.95 करोड़ रुपए हुआ है। कुल मिलाकर फिल्म ने वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस पर 285.20 करोड़ रुपए का ग्रॉस कलेक्शन कर लिया है।
गीतू मोहनदास के निर्देशन में बनी ‘टॉक्सिक: ए फेयरी टेल फॉर ग्रोन अप्स’ में यश के साथ कियारा आडवाणी, नयनतारा, तारा सुतारिया, रुक्मिणी वसंत, हुमा कुरैशी और अक्षय ओबेरॉय अहम भूमिकाओं में हैं।
