वो हीरोइन, जिसने 'रामायण' किया था डबल रोल, एक के लिए आज भी लोग करते हैं नफरत
रामायण में कैकेयी बनीं पद्मा खन्ना ने एक और रोल निभाया था! जानिए उनकी जिंदगी और रामायण से जुड़ी दिलचस्प बातें। क्या आप जानते थे वो अब कहां हैं?
- FB
- TW
- Linkdin
)
रामानंद सागर के पॉपुलर शो 'रामायण' में कैकेयी की भूमिका निभा कर मशहूर हुईं पद्मा खन्ना 76 साल की हो गई हैं। पद्मा वो हीरोइन हैं, जो फ़िल्में छोड़कर टीवी पर आई थीं। हालांकि, 'रामायण' से पहले पद्मा ने दूरदर्शन पर ही 'मीठा ज़हर' नाम का एक शो किया था, जो ज्यादा चल नहीं पाया था। लेकिन यह कम ही लोग जानते होंगे कि पद्मा खन्ना ने 'रामायण' में एक नहीं, बल्कि दो रोल निभाए थे। जानिए 10 मार्च 1949 को पैदा हुईं पद्मा खन्ना के बारे में रोचक बातें...
'रामायण' में कैकेयी का रोल नहीं करना चाहतीं पद्मा खन्ना
पद्मा खन्ना 'रामायण' में कैकेयी का रोल करने में झिझक रही थीं। यहां तक उन्होंने यह भूमिका करने से मना भी कर दिया था। क्योंकि यह बेहद निगेटिविटी से भरा किरदार था और उन्हें डर था कि यह भूमिका करने के बाद उन्हें लोगों की नफरत का सामना करना पड़ेगा।
पद्मा खन्ना आखिर कैकेयी का रोल करने के लिए मानी कैसे?
बताया जाता है कि रामानंद सागर ने पद्मा खन्ना को समझाया कि कैकेयी ऐसा किरदार है, जिसे कभी कोई भूल नहीं पाएगा। सागर ने उनसे कहा कि भले ही लोग शो के बाकी सभी किरदारों को भूल जाएं, लेकिन कैकेयी उन्हें हमेशा याद रहेगी। इसी के बाद पद्मा यह रोल करने को तैयार हुईं।
'कैकेयी' पद्मा खन्ना से वाकई नफरत करने लगे थे लोग
कहा जाता है कि जब 'रामायण' टेलीकास्ट हुआ और भगवान राम के वनवास वाला एपिसोड आया तो लोग वाकई कैकेयी बनी पद्मा खन्ना से नफरत करने लगे थे और उन्हें भला-बुरा कहने लगे थे।
पद्मा खन्ना की अदाकारी से कायल थे प्रेम सागर
रामानंद सागर के बेटे प्रेम सागर पद्मा खन्ना की अदाकारी के कायल थे। उन्होंने ई-टाइम्स से एक बातचीत में कहा था कि कैकेयी का रोल जिस तरह पद्मा खन्ना ने निभाया था, उन्हें नहीं लगता कि कोई और इस भूमिका को कर सकता था। उन्होंने तो यह तक कहा था कि भविष्य में भी कोई पद्मा खन्ना द्वारा निभाए गए कैकेयी के रोल को टक्कर नहीं दे पाएगा।
'रामायण' में कैकेयी के अलावा और किस रोल में दिखी थीं पद्मा खन्ना
प्रेम सागर के मुताबिक़, पद्मा खन्ना ने 'रामायण' मेनका नाम की उस अप्सरा का रोल भी किया था, जो विश्वामित्र की तपस्या भंग करती है। उनके मुताबिक़, बेहतरीन डांसर होने की वजह से यह रोल उन्हें दिया गया था।
भारत नहीं तो अब कहां रहती हैं पद्मा खन्ना
पद्मा खन्ना ने करियर के पीक पर डायरेक्टर जगदीश एल. सिदाना से शादी की और फिर वे अमेरिका में जाकर बस गईं। बताया जाता है कि अमेरिका में पद्मा ने 'इंडियानिका' नाम से डांस एकेडमी खोली थी, जहां वे क्लासिक डांस सिखाती थीं। पद्मा के पति अब इस दुनिया में नहीं हैं। वे अपने बच्चों संग रहती हैं।
बॉलीवुड और भोजपुरी फिल्मों में नज़र आई थीं पद्मा खन्ना
पद्मा खन्ना ने 1970 और 1980 के दशक में बॉलीवुड और भोजपुरी फिल्मों में हीरोइन के तौर पर काम किया था। वे अमिताभ बच्चन संग 'सौदागर' और संजीव कुमार के साथ 'अनहोनी' जैसी मूवीज में नज़र आई थीं।