Ramanand Sagar Son Prem Sagar Death: रामायण के रामानंद सागर के बेटे प्रेम सागर का निधन हो गया है। वे 84 साल के थे। बता दें कि वे काफी समय से बीमार चल रहे थे और रविवार को उन्होंने दुनिया को अलविदा कह दिया। उनके निधन से मनोरंजन जगत में शोक की लहर है। 

Ramanand Sagar Son Prem Sagar Passed Away: फिल्ममेकर और रामायण सीरियल बनाने वाले रामानंद सागर के बेटे प्रेम सागर का रविवार को निधन हो गया। उन्होंने सुबह 10 बजे अंतिम सांस ली। वे 84 साल के थे। मीडिया में चल रही रिपोर्ट्स की मानें तो प्रेम सागर लंबे समय से बीमार चल रहे थे। मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। रविवार को उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और उन्होंने दुनिया को अलविदा कह दिया। खबरों की मानें तो प्रेम सागर का अंतिम संस्कार रविवार को मुंबई के जुहू स्थित पवनहंस शमशान घाट पर किया जाएगा।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

प्रोड्यूसर-सिनेमेट्रोग्राफर प्रेम सागर के बारे में

प्रेम सागर टीवी के सबसे फेमस धारावाहिक रामायण के प्रोड्यूसर-डायरेक्टर रामानंद सागर के बेटे थे। प्रेम सागर ने पुणे के फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (FTII) से पढ़ाई की थी। उन्होंने यहां से कैमरे और फोटोग्राफी की पढ़ाई की थी। पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने पिता रामानंद सागर की सागर आर्ट्स कंपनी में काम करने शुरू किया था। बता दें कि रामानंद सागर के सीरियल रामायण में प्रेम सागर ने कैमरामैन का काम किया। इसके अलावा भी उन्होंने पिता के साथ विक्रम बेताल, लव कुश, श्रीकृष्ण जैसे कई सीरियलों में बतौर सिनेमैट्रोग्राफर काम किया था।

प्रेम सागर के टीवी सीरियल और फिल्मों के बारे में

प्रेम सागर ने अपने पिता रामानंद सागर की विरासत को आगे बढ़ाया था। उन्होंने पिता के साथ लंबे समय तक काम किया। उन्होंने टीवी सीरियल अलिफ लैला को डायरेक्ट किया था। इसके अलावा उन्होंने काकभुशुंडी रामायण (2024) और कामधेनु गौमाता (2025) जैसे धार्मिक सीरियलों का भी निर्माण किया था। उन्होंने हम तेरे आशिक हैं (1979), बसेरा (2009) और जय जय शिव शंकर (2010) जैसे प्रोजेक्ट पर भी काम किया था। फिल्मों में उन्होंने बतौर फोटोग्राफर और सिनेमैट्रोग्राफर काम किया था। 1968 की धर्मेंद्र और माला सिन्हा की फिल्म आंखें और 1972 में आई राजेंद्र कुमार-माला सिन्हा की फिल्म ललकार का टेक्निकल डिपार्टमेंट उन्होंने संभाला था। 1976 में आई धर्मेंद्र-हेमा मालिनी की फिल्म चरस के वो सिनेमैट्रोग्राफर थे।

View post on Instagram

Scroll to load tweet…

प्रेम सागर के निधन पर रामायण के राम-लक्ष्मण दुखी

प्रेम सागर के निधन पर सीरियल रामायण में राम का किरदार निभाने वाले अरुण गोविल ने शोक व्यक्त किया और उन्हें श्रद्धांजलि दी। इंस्टाग्राम पर प्रेम सागर की फोटो शेयर कर लिखा- रामायण टीवी सीरियल को स्वरूप देकर इलेक्ट्रॉनिक माध्यम से जन-जन तक भगवान श्रीराम की मर्यादा, आदर्श और शिक्षाओं को पहुंचाने वाले स्व.रामानंद सागर जी के सुपुत्र और प्रसिद्ध फिल्म निर्माता प्रेम सागर जी के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। प्रभु श्रीराम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोक संतप्त परिवारजनों को ये दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करें। ओम शांति। वहीं, लक्ष्मण का रोल करने वाले सुनील लहरी ने अपनी इंस्टा स्टोरी पर प्रेम सागर की फोटो शेयर कर लिखा- ये दुखद समाचार शेयर करते हुए अत्यंत दुख हो रहा है। रामानंद सागर जी के पुत्र प्रेम सागर परलोक सिधार गए हैं। भगवान उनकी आत्मा को शांति दे और घरवालों को इस दुख की घड़ी सहने को शक्ति दे।