कौन हैं रॉकी जायसवाल, शादी कर जिनकी बीवी बनीं हिना खान?
पॉपुलर टीवी शो 'ये रिश्ता क्या कहलाता है' में अक्षरा का रोल कर मशहूर हुईं हिना खान ने शादी कर ली है। अब वे अपने लॉन्गटाइम बॉयफ्रेंड रॉकी जायसवाल की पत्नी हैं। जानिए रॉकी जायसवाल कौन हैं और क्या करते हैं...

IMDB की मिनी बायो की मानें तो हिना खान के पति रॉकी जायसवाल का असली नाम जयंत जायसवाल है। दुनिया उन्हें रॉकी के नाम से जानती है। रॉकी पेशे से राइटर, डायरेक्टर और प्रोड्यूसर हैं। वे फिल्मों और टीवी शोज के लिए काम करते हैं।
रॉकी जायसवाल का जन्म 14 फ़रवरी 1987 को कोलकाता में हुआ था। बताया जाता है कि रॉकी बिजनेस घराने से ताल्लुक रखते हैं। रिपोर्ट्स में यह दावा भी किया जाता है कि जब वे 10 साल के थे, तब अपने पिता के साथ उनकी फैक्ट्री में जाने लगे थे और उनकी मदद करने लगे थे ।
रिपोर्ट्स की मानें तो 14 साल के होने पर उन्हें पता चला कि उनके और उनके पिता के रास्ते एकदम अलग हैं। तब उन्होंने पिता की मदद के बिना अपना काम करना शुरू किया। पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने कई छोटे-मोटे काम किए और फिर किस्मत उन्हें मुंबई ले आई।
उन्होंने टीवी इंडस्ट्री से जुड़े कई प्रोडक्शन हाउस के साथ काम किया। कभी वे को-डायरेक्टर रहे, कभी एसोसिएट क्रिएटिव हेड, कभी एग्जिक्यूटिव प्रोड्यूसर तो कभी सुपरवाइजिंग प्रोड्यूसर के रूप में वे अलग--अलग शोज से जुड़े।
रॉकी जायसवाल ने जिन शोज के लिए काम किया, उनमें 'मितवा', 'अग्नि परीक्षा', 'ससुराल सिमर का', 'साथ निभाना साथिया', 'कुछ तो लोग कहेंगे' और 'ये रिश्ता क्या कहलाता है' शामिल हैं। उन्होंने 'हीरो फॉर बेटर फिल्म्स' नाम से एक प्रोडक्शन हाउस भी बनाया है।
जब रॉकी 'ये रिश्ता क्या कहलाता है' में सुपरवाइजिंग प्रोड्यूसर थे, तब उनकी मुलाक़ात हिना खान से हुई, जिनसे उन्हें प्यार हो गया और 2012 में शुरू हुआ दोस्ती का उनका रिश्ता 13 साल बाद पति-पत्नी के रिश्ते में तब्दील हो गया है।
मनोरंजन जगत की सबसे खास खबरें अब एक क्लिक पर। फिल्में, टीवी शो, वेब सीरीज़ और स्टार अपडेट्स के लिए Bollywood News in Hindi और Entertainment News in Hindi सेक्शन देखें। टीवी शोज़, टीआरपी और सीरियल अपडेट्स के लिए TV News in Hindi पढ़ें। साउथ फिल्मों की बड़ी ख़बरों के लिए South Cinema News, और भोजपुरी इंडस्ट्री अपडेट्स के लिए Bhojpuri News सेक्शन फॉलो करें — सबसे तेज़ एंटरटेनमेंट कवरेज यहीं।

