अक्षय कुमार की फिल्म ‘वेलकम टू द जंगल’ का बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन जारी है। पहले हफ्ते में बंपर कमाई के बाद दूसरे वीकेंड की शुरुआत भी इसने बेहतर की है।
अक्षय कुमार की मल्टीस्टारर कॉमेडी फिल्म 'वेलकम टू द जंगल' बॉक्स ऑफिस पर लगातार शानदार प्रदर्शन कर रही है। दूसरे हफ्ते में प्रवेश करने के बावजूद फिल्म की रफ्तार धीमी नहीं पड़ी है। 8वें दिन भी फिल्म ने मजबूत कमाई दर्ज की और अब यह 100 करोड़ क्लब में शामिल होने से महज कुछ करोड़ रुपये दूर रह गई। खास बात यह है कि आलिया भट्ट की स्पाई थ्रिलर 'अल्फा' की रिलीज के बावजूद फिल्म ने अपनी पकड़ बरकरार रखी है। ट्रेड रिपोर्ट्स के मुताबिक फैमिली ऑडियंस का जबरदस्त सपोर्ट फिल्म की सबसे बड़ी ताकत बनकर सामने आया है।

'वेलकम टू द जंगल' ने 8वें दिन कितनी कमाई की?
ट्रेड रिपोर्ट्स के मुताबिक़, 'वेलकम टू द जंगल' ने रिलीज के 8वें दिन यानी दूसरे शुक्रवार को 4.50 करोड़ रुपये (नेट) का कारोबार किया। इसके साथ ही फिल्म का भारत में कुल नेट बॉक्स ऑफिस कलेक्शन 97.65 करोड़ रुपये और ग्रॉस कलेक्शन 116.27 करोड़ रुपये पहुंच गया है। विदेशों में इस फिल्म ने 8 दिन में 27.45 करोड़ रुपये की ग्रॉस कमाई की है। कुल मिलाकर दुनियाभर में फिल्म 143.72 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन कर चुकी है। माना जा रहा है कि 9वें दिन के आंकड़े आने के बाद यह फिल्म भारत में 100 करोड़ रुपये के नेट और वर्ल्डवाइड 150 करोड़ रुपये के ग्रॉस कलेक्शन को पार कर जाएगी।
यह भी पढ़ें : Alpha Collection Day 1: भारत में डबल डिजिट को तरसी 'अल्फा', वर्ल्डवाइड कूटे इतने करोड़!
क्या 'अल्फा' की रिलीज का फिल्म पर असर पड़ा?
दूसरे शुक्रवार को आलिया भट्ट और शरवरी स्टारर 'अल्फा' सिनेमाघरों में रिलीज हुई, जिसने प्रीमियम मल्टीप्लेक्स स्क्रीन पर अच्छी शुरुआत की। इसके बावजूद 'वेलकम टू द जंगल' की कमाई पर बड़ा असर देखने को नहीं मिला। इसकी सबसे बड़ी वजह यह मानी जा रही है कि दोनों फिल्मों का दर्शक वर्ग अलग है। जहां 'अल्फा' एक्शन पसंद करने वाले दर्शकों को आकर्षित कर रही है, वहीं 'वेलकम टू द जंगल' फैमिली ऑडियंस की पहली पसंद बनी हुई है।
वीकेंड पर 'वेलकम 3' से कितनी कमाई की उम्मीद है?
बॉक्स ऑफिस एक्सपर्ट्स का मानना है कि दूसरे वीकेंड में फिल्म की कमाई में फिर उछाल देखने को मिल सकता है। शनिवार और रविवार को फैमिली ऑडियंस के सिनेमाघरों में पहुंचने की संभावना ज़्यादा रहती है। ऐसे में फिल्म के वीकेंड पर 8 से 12 करोड़ रुपये तक का कारोबार करने की उम्मीद जताई जा रही है।
यह भी पढ़ें : सलमान खान की 'मातृभूमि' पर लगा ब्रेक! जानिए आखिर कहां फंसा हुआ है पेंच?
'वेलकम टू द जंगल' की स्टारकास्ट और कहानी क्या है?
अहमद खान के डायरेक्शन में बनी इस फिल्म का निर्माण फिरोज नाडियाडवाला ने किया है। फिल्म में अक्षय कुमार, सुनील शेट्टी, परेश रावल, अरशद वारसी और रवीना टंडन समेत 30 से अधिक कलाकार नजर आ रहे हैं। कहानी ऐसे कलाकारों के इर्द-गिर्द घूमती है, जिन्हें गलती से एक दूरदराज के जंगल में असली सैन्य दस्ते का हिस्सा समझ लिया जाता है। इसके बाद शुरू होता है कॉमेडी, भ्रम और मनोरंजन से भरपूर घटनाक्रम। यह फिल्म 2007 में शुरू हुई 'वेलकम' फ्रेंचाइजी की तीसरी क़िस्त है।
