Who Was Dinyar Tirandaz: टीवी और बॉलीवुड के जाने-माने एक्टर दिनयार तीरंदाज का 11 जून 2026 को मुंबई में निधन हो गया। 'ज़बान संभाल के', 'नुक्कड़' और 'ब्योमकेश बक्शी' जैसे लोकप्रिय शोज़ से पहचान बनाने वाले एक्टर के निधन की खबर से मनोरंजन जगत में शोक की लहर दौड़ गई है। सोशल मीडिया पर फैंस और कलाकार उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दे रहे हैं।

इंडियन टेलीविजन और हिंदी सिनेमा के अनुभवी एक्टर दिनयार तीरंदाज नहीं रहे। 11 जून 2026 को मुंबई में उनके निधन की खबर सामने आई, जिसने एंटरटेनमेंट वर्ल्ड और उनके फैन्स को गहरा दुख पहुंचाया है। कई दशकों तक अपनी शानदार अदाकारी से दर्शकों का मनोरंजन करने वाले दिनयार तीरंदाज ने टीवी और फिल्मों में कई यादगार किरदार निभाए। खासकर 'ज़बान संभाल के' में उनके निभाए गए मिस्टर केकी दारूवाला के किरदार को आज भी दर्शक याद करते हैं। उनके निधन की खबर सामने आते ही सोशल मीडिया पर श्रद्धांजलियों का सिलसिला शुरू हो गया।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

कैसे सामने आई दिनयार तीरंदाज के निधन की खबर

दिनयार तीरंदाज के निधन की जानकारी सबसे पहले फेसबुक ग्रुप "पारसी ज़ोरोस्ट्रियंस वर्ल्डवाइड – द हैदराबादी पेज" पर साझा की गई। पोस्ट में लिखा गया, "दिवंगत रुस्तम तीरंदाज के भाई श्री दिनयार तीरंदाज अपने स्वर्गीय सफर पर रवाना हो गए हैं। अंतिम प्रार्थना आज दोपहर 3:45 बजे वाडिया बंगली, मुंबई में होगी। सरोश यज़द नी पनाह। अशेम वोहू।" इस पोस्ट के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर शोक संदेशों की बाढ़ आ गई। हालांकि, खबर लिखे जाने तक उनके निधन की वजह का आधिकारिक खुलासा नहीं हुआ था।

कई दशक लंबा रहा दिनयार तीरंदाज का शानदार करियर

दिनयार तीरंदाज भारतीय दर्शकों के बीच एक बेहद परिचित चेहरा थे। उन्होंने साल 1984 में फिल्म 'दुनिया' से अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत की थी। इसके बाद उन्होंने धीरे-धीरे खुद को एक बहुमुखी कलाकार के रूप में स्थापित किया। उनकी सहज एक्टिंग शैली, हास्यपूर्ण अंदाज और किरदारों में वास्तविकता लाने की क्षमता ने उन्हें इंडस्ट्री में खास पहचान दिलाई।

'ज़बान संभाल के' ने बनाया घर-घर का चेहरा

टेलीविजन पर दिनयार तीरंदाज को सबसे ज्यादा पॉपुलैरिटी 'नुक्कड़' और 'ब्योमकेश बख्शी' जैसे चर्चित सीरियल्स से मिली। हालांकि, उनके करियर का सबसे यादगार किरदार 'ज़बान संभाल के' में मिस्टर केकी दारूवाला माना जाता है। यह किरदार भारतीय टीवी इतिहास के सबसे लोकप्रिय कॉमिक किरदारों में गिना जाता है और आज भी दर्शकों के बीच उतना ही पसंद किया जाता है।

फिल्मों में भी छोड़ी अलग पहचान

टेलीविजन के अलावा दिनयार तीरंदाज ने कई सफल हिंदी फिल्मों में भी काम किया। उनकी प्रमुख फिल्मों में सलमान खान-अरबाज़ खान स्टारर 'हेलो ब्रदर', 'मैंने प्यार क्यों किया?' प्रिटी जिंटा-सैफ अली खान स्टारर 'क्या कहना',शाहरुख़ खान स्टारर 'दिल है कि मानता नहीं', ''चलते चलते' और गोविंदा स्टारर अलबेला' जैसी मूवीज शामिल हैं। चाहे कॉमिक रोल हो या सपोर्टिंग किरदार, उन्होंने हर भूमिका में अपनी अलग छाप छोड़ी और दर्शकों के दिलों में जगह बनाई।