Sanjay Gupta Death News : बॉलीवुड के जाने-माने फिल्म मेकर संजय गुप्ता का 57 साल की उम्र में निधन हो गया। उनकी अचानक हुई मौत से पूरी फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर है। लेकिन सबसे ज्यादा दुख एक्टर संजय दत्त है, उन्होंने कहा-अब जिंदगी पहले जैसी नहीं रहेगी।

मुंबई. बॉलीवुड से 31 अक्टूबर को एक दुखद खबर सामने आई। मशहूर फिल्म डायरेक्टर संजय गुप्ता का निधन हो गया। उनके अचानक चले जाने से फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर है। लेकिन इस खबर ने एक्टर संजय दत्त को भी अंदर तक झकझोर दिया। वजह यह थी कि दोनों के बीच करीब तीन दशक पुरानी दोस्ती थी। संजय दत्त ने अपने दोस्त को याद करते हुए कहा कि अब जिंदगी पहले जैसी नहीं रहेगी। उन्होंने संजय गुप्ता का एक सपना पूरा करने का भी वादा किया है।

कौन थे फिल्म डायरेक्टर संजय गुप्ता?

  • संजय गुप्ता बॉलीवुड के जाने-माने फिल्म डायरेक्टर, राइटर और प्रोड्यूसर थे। उन्हें खास तौर पर एक्शन, क्राइम और गैंगस्टर फिल्मों के लिए जाना जाता था। उन्होंने साल 1994 में फिल्म 'आतिश: फील द फायर' से डायरेक्शन की दुनिया में कदम रखा था। इस फिल्म में संजय दत्त और आदित्य पंचोली नजर आए थे।
  • इसके बाद उन्होंने कई ऐसी फिल्में बनाईं, जिन्होंने बॉक्स ऑफिस के साथ दर्शकों के बीच भी अपनी अलग पहचान बनाई। उनकी फिल्मों में दमदार डायलॉग, एक्शन और क्राइम की कहानियां देखने को मिलती थीं।

संजय दत्त के साथ थी खास दोस्ती

  • संजय गुप्ता और संजय दत्त की जोड़ी बॉलीवुड में काफी मशहूर रही। दोनों ने 'कांटे' (2002), 'मुसाफिर' (2004), 'जिंदा' (2006) और 'शूटआउट एट लोखंडवाला' जैसी फिल्मों में साथ काम किया।
  • संजय गुप्ता के निधन पर संजय दत्त ने पुरानी तस्वीरें शेयर करते हुए उन्हें अपना भाई बताया। उन्होंने कहा कि दोनों ने साथ में कई यादें और साल बिताए हैं। संजय दत्त ने यह भी वादा किया कि वे अपने दोस्त के सपने को पूरा करने के लिए 'कांटे 2' बनाएंगे।

संजय गुप्ता की ये फिल्में रहीं खास

  • संजय गुप्ता ने अपने करियर में कई यादगार फिल्में दीं। इनमें 'आतिश', 'कांटे', 'मुसाफिर', 'जिंदा', 'शूटआउट एट वडाला', 'जज्बा', 'काबिल' और 'मुंबई सागा' शामिल हैं।
  • फिल्म 'काबिल' में ऋतिक रोशन और यामी गौतम मुख्य भूमिका में थे। वहीं 'मुंबई सागा' में जॉन अब्राहम और इमरान हाशमी नजर आए थे। 'शूटआउट एट लोखंडवाला' में उन्होंने बतौर निर्माता और सह-लेखक काम किया था।

कैसे हुई संजय गुप्ता की मौत?

बता दें कि 30 अक्टूबर की रात मुंबई स्थित अपने घर पर गिरने से संजय गुप्ता के सिर में गंभीर चोट लगी थी। अगले दिन उनके निधन की खबर सामने आई। पुलिस ने इस मामले में आकस्मिक मौत की रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की है। उनके जाने से बॉलीवुड ने एक ऐसे फिल्ममेकर को खो दिया, जिनकी फिल्मों का अंदाज बाकी निर्देशकों से काफी अलग था।