पाकिस्तान की पत्रकार राबिया अहसान की घर में गोली लगने से मौत हो गई। मामले में उनके पति को हिरासत में लिया गया है। पुलिस हत्या के एंगल से जांच कर रही है।
पाकिस्तान से एक महिला पत्रकार की मौत की चौंकाने वाली खबर सामने आई है। रावलपिंडी स्थित अपने घर में राबिया अहसान की गोली लगने से जान चली गई। घटना के बाद पुलिस ने उनके पति अहसान ताहिर को हिरासत में लिया है और मौके से एक पिस्तौल भी बरामद की गई है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, गोली चलने के समय राबिया की मां और बहन घर के लॉन में थीं। गोली की आवाज सुनकर बहन कमरे में पहुंचीं, जहां राबिया खून से लथपथ पड़ी थीं। अब इस मामले में हत्या का केस दर्ज कर जांच की जा रही है।
घर में कैसे हुई पत्रकार राबिया अहसान की हत्या?
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, 41 साल की राबिया अहसान की रविवार दोपहर करीब 3 बजे उनके बेडरूम में गोली लगने से मौत हुई। घटना के वक्त उनकी मां और बहन घर में मौजूद थीं, लेकिन दोनों लॉन में थीं। गोली की आवाज सुनते ही राबिया की बहन अलविना कमरे की ओर दौड़ीं। वहां उन्होंने राबिया को फर्श पर खून से लथपथ पड़ा देखा। उस समय उनके पति अहसान ताहिर के हाथ में पिस्तौल थी।
पुलिस को राबिया अहसान की मौत के मौके से क्या मिला?
पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर शुरुआती जांच की। बाहरी जांच में राबिया की गर्दन के नीचे और पीठ के दाहिने हिस्से में गोली लगने के निशान मिले। पंजाब फॉरेंसिक साइंस अथॉरिटी (PFSA) ने मौके से .30 बोर की पिस्तौल और कारतूस बरामद किए। घर में काम करने वाले एक पुरुष कर्मचारी ने पुलिस को बताया कि ताहिर ने गोली गलती से चलने की बात कही थी। हालांकि, पूछताछ के दौरान ताहिर पिस्तौल का वैध लाइसेंस या परमिट पेश नहीं कर सके।
राबिया अहसान के पति पर किस आधार पर दर्ज हुआ केस?
घटना से जुड़े बयानों और शुरुआती परिस्थितियों के आधार पर पुलिस ने पाकिस्तान दंड संहिता की धारा 302 के तहत हत्या का मामला दर्ज किया है। राबिया के पति अहसान ताहिर को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। वह ओवरसीज पाकिस्तानिस फाउंडेशन (OPF) में डिप्टी डायरेक्टर के पद पर कार्यरत बताए गए हैं। फिलहाल मामले की जांच जारी है और पुलिस घटना के पीछे की पूरी सच्चाई सामने लाने में जुटी है।
आसिफा भुट्टो जरदारी ने जताया राबिया की मौत पर शोक
पाकिस्तान की फर्स्ट लेडी आसिफा भुट्टो-जरदारी ने राबिया की हत्या पर गहरा दुख जताते हुए घटना की निंदा की है। राष्ट्रपति भवन की ओर से जारी बयान में उन्होंने मामले की निष्पक्ष, पारदर्शी और विस्तृत जांच कराने की मांग की। साथ ही उन्होंने कहा कि जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय होनी चाहिए। आसिफा ने करीब तीन महीने पहले मारी गईं एक अन्य कामकाजी महिला हिना जावेद का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि उस मामले की जांच का नतीजा अब तक सामने नहीं आया है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि महिलाओं को अपनी जान के डर के बिना जीने और काम करने का अधिकार होना चाहिए।
कौन थीं राबिया अहसान, उनके परिवार में कौन-कौन?
रिपोर्ट्स के अनुसार, राबिया अहसान दो बेटियों की मां थीं। वह 92 न्यूज के लिए काम कर चुकी थीं। उनकी मौत के मामले में पुलिस की जांच जारी है। फिलहाल हत्या के पीछे की वजह और घटना की पूरी परिस्थितियों को लेकर आधिकारिक जांच के निष्कर्ष का इंतजार है।












