मुंबई के एक इवेंट में फोटोग्राफर के कमेंट पर जरीन खान भड़क उठीं। उन्होंने कैमरे के सामने ही सख्त लहजे में कहा कि ऐसी बातें बर्दाश्त नहीं करेंगी। वीडियो वायरल।
बॉलीवुड एक्ट्रेस जरीन खान का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। मुंबई में कपड़ों के एक ब्रांड के लॉन्च इवेंट के दौरान फोटोग्राफर्स के एक कमेंट पर एक्ट्रेस नाराज हो गईं। जब एक फोटोग्राफर ने उनसे ड्रेस पहनकर दिखाने की बात कही तो जरीन ने तुरंत कड़ा रिएक्शन देते हुए सभी को अपनी हद में रहने की नसीहत दे डाली। उनका यह वीडियो इंटरनेट पर चर्चा का विषय बन गया है। इससे पहले भी जरीन सोशल मीडिया पर अश्लील कमेंट्स और ट्रोलिंग के खिलाफ खुलकर आवाज उठाती रही हैं और कई बार ऐसे व्यवहार पर अपनी नाराजगी जता चुकी हैं।
जरीन खान लॉन्च इवेंट में क्यों भड़क गईं?
मुंबई में एक क्लोदिंग ब्रांड के लॉन्च के दौरान जरीन खान डेनिम जैकेट और ड्रेस दिखा रही थीं। इसी दौरान एक फोटोग्राफर ने उनसे कहा कि वह ड्रेस पहनकर दिखाएं। यह बात एक्ट्रेस को पसंद नहीं आई और उन्होंने तुरंत नाराजगी जाहिर की। जब ज़रीन ड्रेस दिखा रही थीं, तभी एक फोटोग्राफर ने कहा, "ट्राय करो ना।" यह सुनते ही जरीन भड़क गईं। उन्होंने करारा जवाब देते हुए कहा, "तुम लोगों के सामने? वो नहीं हो रहा। फालतूगिरी की बातें नहीं करना मेरे साथ, क्योंकि मैं उन लोगों में से नहीं हूं जो ये सब बर्दाश्त करेंगे, ठीक है? तुम सब अपनी हद में रहो।" उनका यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
सोशल मीडिया पर अश्लील कमेंट्स को लेकर जरीन ने क्या कहा था?
पिछले साल जरीन खान ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर कर बताया था कि जैसे ही वह कोई पोस्ट करती हैं, कमेंट सेक्शन में अश्लील इमोजी और आपत्तिजनक मैसेज आने लगते हैं। उन्होंने सवाल किया था, “हैलो सभी को... क्या आपके साथ भी ऐसा होता है? जैसे ही मैं कोई पोस्ट डालती हूं, ऐसे कमेंट्स आने लगते हैं। कोई पानी और पीच वाला इमोजी भेजता है, कोई लिखता है 'सर्विस उपलब्ध है', 'लड़के आ जाओ', या 'बॉयफ्रेंड चाहिए, घर पर अकेली हूं'।” उन्होंने आगे कहा, "मैं कुछ भी पोस्ट करूं, लोग गंदे कमेंट करने का तरीका ढूंढ ही लेते हैं। कुछ टिप्पणियां इतनी अश्लील होती हैं कि हैरानी होती है।" पोस्ट के कैप्शन में उन्होंने लिखा था, "ये क्या चक्कर है... कोई समझाओ प्लीज। और क्या आप लोगों के साथ भी ऐसा हो रहा है? मुझे कमेंट में जरूर बताइए।"
जरीन खान को फैंस का कैसा मिला साथ?
जरीन की पोस्ट पर कई फैंस ने उनका समर्थन किया। एक यूजर ने लिखा, "लोगों ने शालीनता पूरी तरह खो दी है। सिर्फ ध्यान खींचने के लिए कुछ भी लिख देते हैं।" वहीं दूसरे यूजर ने कहा, "ये लगभग सभी के साथ होता है। सबसे अच्छा तरीका है इसे नजरअंदाज करके आगे बढ़ जाना।"
जरीन खान ने किन फिल्मों से बनाई पहचान?
जरीन खान ने साल 2010 में सलमान खान के साथ फिल्म 'वीर' से बॉलीवुड डेब्यू किया था। इसके बाद वह 'हाउसफुल 2', 'हेट स्टोरी 3', 'अक्सर 2', '1921' जैसी फिल्मों में नजर आईं। उन्होंने सलमान खान की फिल्म 'रेडी' के एक गाने में भी विशेष उपस्थिति दर्ज कराई और पंजाबी फिल्मों 'जट्ट जेम्स बॉन्ड' और 'डाका' में भी काम किया।
