सांप्रदायिक माहौल बिगाड़ने के लिए सोशल मीडिया (Social Media) पर एक और पोस्ट को भ्रामक तरीके से वायरल (Viral) किया जा रहा है। मस्जिद का ढांचा गिरा एक फोटो शेयर करके उसके साथ लिखा जा रहा- कल आंधी में जामा मस्जिद (Jama Masjid) का 300 किलो का गुम्बद व कलश गिरना कोई संयोग नहीं, ये महादेव का स्पष्ट संकेत है। उनके लिए भी और हमारे लिए भी।

नई दिल्लीः जामा मस्जिद (Jama Masjid) के क्षतिग्रस्त गुंबद पर यह भ्रामक बातें लिखकर यूजर ने मैसेज में लिखा- दिल्ली (Delhi) जामा मस्जिद का गुंबद कल क्षतिग्रस्त हो गया। बता दें यह 31 मई को पोस्ट किया गया है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

Asianetnews Hindi ने वायरल (Viral) दावे को शब्दशः लिखा है, इसमें कोई बदलाव नहीं किया है। Asianetnews Hindi ने जब इस पोस्ट की पड़ताल की तो पूरा सच सामने आ गया। पड़ताल में डैमेज गुम्बद की तस्वीर सच पाई गई, लेकिन इसका दिल्ली के जामा मस्जिद से कनेक्शन पूरी तरह से भ्रामक निकला। क्षतिग्रस्त गुम्बद की यह तस्वीर उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर की है, जो 2017 में गिरा था। आइए जानते हैं क्या है इस पूरे मैसेज के पीछे का सच...

पड़ताल: सबसे पहले हमने डैमेज गुम्बद की फोटो को क्रॉप करके सेव किया। इसके बाद इस फोटो को हमने गूगल रिवर्स इमेज में सर्च किया। सर्च रिजल्ट के पहले ही इंडेक्स पेज पर कई सारे मिलती-जुलती फोटोज दिखाईं दी। इंडेक्स पेज के चौथे पेज पर हमें पत्रिका की एक लिंक मिली। पत्रिका की हेडिंग थी: नमाज के समय जामा म‍स्जिद का गुंबद गिरने से मासूम साद की मौत, दो बच्‍चे गंभीर। यह खबर 21 अक्टूबर 2017 को अपलोड की गई थी। इसमें लिखा है- बुलंदशहर के ऐतिहासिक जामा मस्जिद के 3 गुंबद में से एक गुंबद गिर गया। 3 बच्चे समेत एक दर्जन लोग इसमें घायल हुए थे। एक बच्चे की इसमें मौत भी हो गई थी।

बता दें, 19 अक्टूबर 2017 को दीवाली थी। उस दिन गुरुवार था। दोपहर करीब 3 बजे नमाज के समय बुलंदशहर के ऊपर कोर्ट इलाके की जामा मस्जिद की मीनार और गुंबद गिरा था। इसके गिरने की बड़ी वजह नालियों का पानी मस्जिद की दीवार में जमा होना बताया गया था। उस दौरान मस्जिद के मुख्य मौलवी जैनुल अबिदीन ने बताया था- गुंबद गिरने की वजह से पास की गली में खेल रहा बच्चा मलबे की जद में आ गया था। दिल्ली ले जाते समय उसकी मौत हो गई थी।

निष्कर्षः पड़ताल में यह क्लियर हो गया कि वायरल हो रही तस्वीर तो सच है, लेकिन फोटो का दिल्ली की जामा मस्जिद से कनेक्शन पूरी तरह भ्रामक है। मस्जिद का गुंबद गिरा था, लेकिन वो यूपी के बुलंदशहर में 2017 में हुआ था। दिल्ली की जामा मस्जिद का कोई गुंबद नहीं गिरा है। यह बात पूरी तरह से मिसलीडिंग है।