चुकंदर को ज्यादातर सलाद के रूप में खाया जाता है। यह काफी पौष्टिक होता है। इसकी चटनी भी बहुत टेस्टी होती है। चुकंदर की चटनी आसानी से तैयार की जा सकती है। 

फूड डेस्क। चुकंदर को ज्यादातर सलाद के रूप में खाया जाता है। यह काफी पौष्टिक होता है। लेकिन कई बार लोग इसे कच्चा खाना पसंद नहीं करते। चुकंदर को भोजन में शामिल करना बढ़िया माना गया है। इसमें कई ऐसे पोषक तत्व होते हैं, जो बच्चों के विकास के लिए जरूरी माने गए हैं। बड़े लोगों के लिए भी यह काफी फायदेमंद है। चुकंदर की की चटनी भी बहुत टेस्टी होती है। इसे आसानी से तैयार किया जा सकता है। इस चटनी को चावल, डोसा, इडली, पराठा या किसी भी चीज के साथ खा सकते हैं। आज हम बताने जा रहे हैं चुकंदर की चटनी बनाने का तरीका।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

सामग्री
- एक बड़ा चुकंदर कटा और छिला हुआ।
- एक-चौथाई चम्मच राई।
- एक चम्मच उड़द दाल।
- एक चम्मच चना दाल।
- लहसुन की दो कलियां बारीक काटी हुईं। 
- 5-7 करी पत्ता। 
- एक सूखी लाल मिर्च।
- दो चम्मच कद्दूकस किया नारियल।
- एक चम्मच नींबू का रस।
- दो-ढाई चम्मत तेल।
- स्वाद के अनुसार नमक।


विधि
एक कड़ाही या नॉन स्टिक पैन में मद्धिम आंच पर तेल गर्म करें। उसमें राई डाल दें। जब राई तड़कने लगे तो उसमें जीरा, उड़द दाल और चना दाल डाल दें। इस सामग्री को 2-3 मिनट भून कर उसमें कटा लहसुन, करी पत्ता और लाल मिर्च डाल दें। इसे हल्का सुनहरा होने तक भूनें। फिर इसे एक बर्तन में निकाल कर रख लें और ठंडा होने दें। 

इसके बाद उसी कड़ाही या पैन में एक चम्मच तेल डाल कर बारीक कटा चुकंदर और नमक डाल दें। उसे ठीक से मिला कर 4-5 मिनट तक भूनें। फिर उसमें कद्दूकस किया हुआ नारियल डाल कर दो मिनट तक और पकने दें। इसके बाद गैस बंद कर दें। 

दाल-मसाले के मिक्सचर को अलग रख दें। इसके बाद मिक्सी में पकाया हुआ चुकंदर डाल कर नींबू का रस निचोड़ दें। फिर उसे मुलायम होने तक पीसें। चटनी पतली रखनी हो तो पीसते समय ही 3-4 चम्मच पानी डाल दें। इसके बाद उसे निकाल कर अलग बर्तन में रखें और दाल-मसाले वाला मिक्सचर मिला दें। अब चटनी तैयार है। इसे साउथ इंडियन फूड के साथ तो खा ही सकते हैं, किसी भी दूसरे व्यंजन के साथ भी परोस सकते हैं। चाहें तो समोसे या पकौड़े के साथ भी खाएं। इसका स्वाद लाजवाब होता है।