- Home
- Entertainment
- Bollywood
- Kinnaur Landslide: हादसे में मरने वाली दीपा थीं कंगना की फैन, एक्ट्रेस ने पहाड़ों पर जाने वालों को दी चेतावनी
Kinnaur Landslide: हादसे में मरने वाली दीपा थीं कंगना की फैन, एक्ट्रेस ने पहाड़ों पर जाने वालों को दी चेतावनी
मुंबई। हिमाचल प्रदेश के किन्नौर (Kinnaur) में सांगला-चितकुल मार्ग पर रविवार को हुए भूस्खलन में 9 लोगों की मौत हो गई। यह हादसा सांगला-चितकुल मार्ग पर बटसेरी के पास हुआ। मृतकों में जयपुर की रहने वाली आयुर्वेद की डॉक्टर दीपा शर्मा (34) भी शामिल हैं। दीपा, कंगना रनोट की बड़ी फैन थीं। दरसअल, दीपा हिमाचल प्रदेश घूमने गई थीं, जहां वो इस हादसे का शिकार हो गईं। दीपा के निधन पर खुद कंगना ने उन्हें श्रद्धाजंलि देते हुए एक इमोशनल पोस्ट शेयर की है। इसके साथ ही कंगना ने लोगों को इस तरह के मौसम में पहाड़ों पर न जाने की सलाह भी दी है।

अपनी सोशल मीडिया पोस्ट पर कंगना ने लिखा- वो मेरी बहुत बड़ी फैन थीं। उन्होंने मुझे फूल, गिफ्ट्स और मिठाइयां भेजी थी। वो मुझसे मिलने मेरे मनाली वाले घर पर भी आईं थी। हे भगवान! ये किसी बड़े दुख जैसा है।
इसके साथ ही कंगना ने उस समय का भी जिक्र किया जब वो जयपुर में अपनी फिल्म 'मणिकर्णिका' की शूटिंग कर रही थीं। कंगना ने लिखा-मुझे याद है जब मैं जयपुर में मणिकर्णिका की शूटिंग कर रही थी तो बहुत सारे फैंस होटल लॉबी में मेरा इंतजार कर रहे थे। जैसे ही दीपा ने मुझे देखा तो कसकर गले लगा लिया। इसके बाद से ही हम एक-दूसरे के संपर्क में थे।
कंगना ने आगे लिखा- डॉक्टर दीपा की फैमिली और दोस्तों को ईश्वर दुख सहने की ताकत दे। तुम हमेशा मेरे दिल में रहोगी और वापस आओगी। कंगना ने अपने नोट में लोगों को सावधान रहने की सलाह देते हुए कहा कि जो लोग बारिश के मौसम में पहाड़ों में घूमने का प्लान बनाते हैं, मैं उन्हें बता दूं कि ये ठीक नहीं है। इस मौसम लैंडस्लाइड होने का खतरा बना रहता है।
कंगना ने अपनी पोस्ट में कहा- इंसान ने जिस तरह से प्रकृति का दोहन किया है उससे ये खतरा और भी अधिक बढ़ गया है। मैं लोगों से यही अपील करूंगी कि वो इस तरह के मौसम में हिमालय की वादियों में घूमने न जाएं। ये खतरनाक हो सकता है।
बता दें कि डॉक्टर दीपा ने इस हादसे के कुछ घंटे पहले ही घटनास्थल के आसपास फोटोग्राफी की थी। इनमें कुछ फोटो अपने ट्विटर अकाउंट पर पोस्ट की थीं। इनमें एक ट्वीट में अपने फोटो के साथ लिखा कि प्रकृति मां के बिना जीवन कुछ भी नहीं है। इसके कुछ घंटों बाद डॉ. दीपा शर्मा प्रकृति की गोद में ही समा गईं।
दीपा शर्मा के पड़ोसियों के मुताबिक, 2013 में उन्होंने 'कौन बनेगा करोड़पति' (KBC) सीजन 7 में हिस्सा लिया था। जिसमें दीपा ने 6.40 लाख रुपए की रकम भी जीतीं थी। वह पंचकर्म विशेषज्ञ थीं। दीपा का बड़ा भाई महाराष्ट्र पावर ग्रिड में इंजीनियर है। जबकि छोटी बहन बेंगलुरु में रहती है।
बता दें कि किन्नौर जिले में भूस्खलन के बाद पहाड़ी से चट्टानें इतनी तेजी से नीचे गिरीं कि बस्पा नदी का पुल टूट गया। इस हादसे में 9 टूरिस्ट की मौत हो गई है, वहीं 3 गंभीर रूप से घायल हैं। मरने वालों में 4 राजस्थान के, 2 छत्तीसगढ़ के और एक-एक महाराष्ट्र और दिल्ली के थे। एक मृतक के राज्य या शहर का पता नहीं चल पाया है।
इससे पहले शनिवार को भी हिमाचल के किन्नौर में भूस्खलन की घटना हुई थी। शनिवार दोपहर सांगला-छितकुल संपर्क मार्ग पर बटसेरी के गुंसा के करीब एक वाहन पर चट्टान गिरी थी, जिसके चलते काफी देर तक आवाजाही बंद हो गई थी। हालांकि, इस हादसे में किसी की जान नहीं गई।
मनोरंजन जगत की सबसे खास खबरें अब एक क्लिक पर। फिल्में, टीवी शो, वेब सीरीज़ और स्टार अपडेट्स के लिए Bollywood News in Hindi और Entertainment News in Hindi सेक्शन देखें। टीवी शोज़, टीआरपी और सीरियल अपडेट्स के लिए TV News in Hindi पढ़ें। साउथ फिल्मों की बड़ी ख़बरों के लिए South Cinema News, और भोजपुरी इंडस्ट्री अपडेट्स के लिए Bhojpuri News सेक्शन फॉलो करें — सबसे तेज़ एंटरटेनमेंट कवरेज यहीं।