- Home
- Entertainment
- Bollywood
- पढ़ाई में होशियार थे सुशांत सिंह, पास किए थे 11 इंजीनियरिंग एग्जाम, TV से की शुरुआत फिर बने स्टार
पढ़ाई में होशियार थे सुशांत सिंह, पास किए थे 11 इंजीनियरिंग एग्जाम, TV से की शुरुआत फिर बने स्टार
मुंबई. सुशांत सिंह राजपूत (Sushant Singh Rajput) ने कम समय में ही बॉलीवुड में अपनी पहचान बना ली थी। फिर एक दिन अचानक पता चला कि उन्होंने दुनिया को अलविदा कह दिया। 14 जून, 2020 को उनकी मौत की खबर सुनकर हर कोई हैरान रह गया। उनके करीबी उन्हें एक इमोशनल और बेहद तेज दिमाग वाले शख्स के रूप में याद करते हैं। उनका जन्म बिहार के पटना में एक मिडिल क्लास परिवार में हुआ था। उनके पिता का नाम कृष्ण कुमार सिंह और मां का नाम उषा सिंह है। उनके पिता पटना में बिहार स्टेट हैंडलूम कॉर्पोरेशन में टेक्निकल अधिकारी थे। पांच भाई-बहनों में सबसे छोटे सुशांत को घरवाले प्यार से गुलशन कहकर बुलाते थे। सुशांत सिर्फ अच्छे एक्टर, डांसर और परफॉर्मर ही नहीं बल्कि पढ़ाई में बहुत काबिल थे। वे एजुकेशन और रिसर्च के क्षेत्र में बहुत कुछ करना चाहते थे। नीचे पढ़े आखिर कैसे उनका मन पढ़ाई की तरफ गया और वे मैकेनिकल इंजीनियर बने...

सुशांत पढ़ाई में काफी तेज थे। उन्होंने एक इंटरव्यू में बताया कि असल में घर में हमेशा पढ़ने वाला माहौल था। उनकी सभी बहनें पढ़ने में बहुत तेज थीं, ऐसे में उनके पास कोई ऑप्शन नहीं था।
सुशांत ने 2003 में दिल्ली कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा में ऑल इंडिया सातवीं रैंक हासिल की थी। इसके बाद उन्होंने दिल्ली कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग से मेकैनिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई शुरू की लेकिन कोर्स के तीसरे साल में उन्होंने पढ़ाई छोड़कर एक्टिंग शुरू कर दी। वे फिजिक्स में नेशनल ओलंपियाड विनर भी थे। आईएसएम धनबाद सहित उन्होंने करीब 11 इंजीनियरिंग परीक्षाएं पास की थीं।
सुशांत के पचास सपनों में फिजिक्स की किताबें और शोध भी शामिल थे। वे शिक्षा के क्षेत्र में कई क्रांतिकारी काम करना चाहते थे। लोगों के लिए फ्री एजुकेशन, 100 बच्चों को नासा में फ्री वर्कशॉप करवाना, अंतरिक्ष में तारों, ग्रहों और ज्वालामुखी आदि पर रिसर्च करना, तरंगों पर शोध ये सब उनके सपने थे। वो 1 हजार पेड़ भी लगाना चाहते थे। उनकी खूबसूरत हैंडराइटिंग की चर्चा बहुत रही थी।
कॉलेज के दौरान सुशांत ने श्यामक डावर डांस क्लास में एडमिशन लिया। वो एक बेहतरीन डांसर भी थे। फिल्म धूम 2 में वो ऋतिक रोशन के साथ गाने में बैकग्राउंड डांसर थे। 2006 में कॉमनवेल्थ गेम्स के दौरान उन्होंने ऐश्वर्या राय के साथ क्लोजिंग सेरेमनी में डांस किया। कॉलेज के चौथे साल उन्होंने पढ़ाई छोड़ दी और मुंबई अपनी किस्मत आजमाने आ गए।
सुशांत मुंबई पहुंचने के बाद नादिरा बब्बर के थिएटर ग्रुप से जुड़ गए और करीब डेढ़-दो साल उन्होंने थिएटर किया। वो पृथ्वी थिएटर में काम कर रहे थे एक दिन बालाजी टेलीफिल्म्स की कास्टिंग टीम में से एक ने उन्हें देखा। उन्हें ऑडीशन के लिए बुलाया गया और 2008 में पहली बार सीरियल किस देश में है मेरा दिल में मौका मिला।
सुशांत का पहला टीवी शो किस देश में है मेरा दिल था। हालांकि, उनके करियर को असली उड़ान 2009-11 के बीच आए टीवी शो पवित्र रिश्ता से मिली थी। इस सीरियल के बाद वो घर-घर में मानव के नाम से मशहूर हो गए। इसमें उनके साथ अंकिता लोखंडे थीं। दोनों की जोड़ी को पर्दे पर लोगों ने पसंद किया।
इस शो से नेम और फेम कमाने के बाद उनको पहली फिल्म काई पो छे ऑफर हुई, जिसने उनके करियर की धीमी गति को रफ्तार दी। दरअसल, 2011 में कास्टिंग डायरेक्टर मुकेश छाबड़ा ने सुशांत को देखा और उन्हें फिल्म काई पो छे के लिए ऑडीशन देने को कहा था।
सुशांत आखिरी बार फिल्म 'दिल बेचारा' में नजर आए थे। हालांकि ये फिल्म उनकी मौत के बाद रिलीज हुई थी। सुशांत ने अपने करियर में कुल 11 फिल्मों में काम किया। इनमें काई पो छे, शुद्ध देसी रोमांस, पीके, ब्योमकेश बख्शी, एमएस धोनी, राब्ता, केदारनाथ, सोनचिड़िया, छिछोरे, ड्राइव और दिल बेचारा हैं।
सुशांत सिंह राजपूत ने टीवी शो किस देस में है मेरा दिल, पवित्र रिश्ता, जरा नचके दिखा, झलक दिखला जा सीजन 4 जैसे सीरियलों में काम किया। इसके अलावा वो म्यूजिक वीडियो पास आओ में भी काम कर चुके थे।
मनोरंजन जगत की सबसे खास खबरें अब एक क्लिक पर। फिल्में, टीवी शो, वेब सीरीज़ और स्टार अपडेट्स के लिए Bollywood News in Hindi और Entertainment News in Hindi सेक्शन देखें। टीवी शोज़, टीआरपी और सीरियल अपडेट्स के लिए TV News in Hindi पढ़ें। साउथ फिल्मों की बड़ी ख़बरों के लिए South Cinema News, और भोजपुरी इंडस्ट्री अपडेट्स के लिए Bhojpuri News सेक्शन फॉलो करें — सबसे तेज़ एंटरटेनमेंट कवरेज यहीं।