- Home
- Business
- Money News
- जानें दीपावली पर क्यों होता है मुहूर्त ट्रेडिंग सेशन, इसमें निवेश करने से क्या है फायदा
जानें दीपावली पर क्यों होता है मुहूर्त ट्रेडिंग सेशन, इसमें निवेश करने से क्या है फायदा
बिजनेस डेस्क। दीपावली का त्योहार व्यापारियों के लिए सबसे महत्वपूर्ण माना गया है। कहा गया है कि दीपावली की रात धन की देवी लक्ष्मी जी का आगमन होता है। दीपावली पर लक्ष्मी और गणेश की पूजा होती है। दीपावली पर जब पूरे दिन शेयर बाजार बंद होता है, शाम को मुहूर्त ट्रेडिंग सेशन के लिए थोड़ी देर के लिए बाजार में कारोबार होता है। मुहूर्त ट्रेडिंग एक विशेष प्रतीकात्मक ट्रेडिंग सेशन है। यह स्टॉक एक्सचेंज में दीपावली पर आयोजित किया जाता है। बीएसई (BSE) और एनएसई (NSE), दोनों 'शुभ मुहूर्त' या शुभ समय के मुताबिक, एक घंटे का ट्रेडिंग सेशन चलाते हैं। माना जाता है कि इस सेशन में ट्रेडिंग पूरे साल निवेशकों के लिए समृद्धि लाती है। मुहूर्त ट्रेडिंग में ज्यादातर ऑर्डर खरीदने के होते है, जो बाजार में जोड़ने पर जोर देते हैं। इसके बाद एक पॉजिटिव नोट के साथ बाजार बंद होता है। (फाइल फोटो)

निवेश के लिए क्यों खास है दीपावली
रोशनी के त्योहार दीपावली को 'अंधकार पर प्रकाश', 'बुराई पर अच्छाई' और 'अज्ञान पर ज्ञान' की जीत का प्रतीक माना गया है। दीपावली के पहले लोग अपने घरों की सफाई करते हैं, नए कपड़े पहनते हैं, उपहारों और मिठाइयों का आदान-प्रदान करते हैं। इसके साथ ही इस मौके पर सोना खरीदने की परंपरा भी है। दीपावली को पारंपरिक हिंदू लेखा (Accounting) वर्ष की शुरुआत माना जाता है। इसे 'संवत' भी कहते हैं। धन और समृद्धि की देवी लक्ष्मी और गणेश की पूजा दीपावली पर की जाती है। माना जाता है कि इस मौके पर मामूली निवेश भी जरूर करना चाहिए। इससे लक्ष्मी प्रसन्न होती हैं।
(फाइल फोटो)
खाता-बही और तिजोरी की पूजा
दीपावली के मौके पर ही कारोबारी और दुकानदार खाता-बही और तिजोरी की पूजा करते हैं। इसी दिन नए खाता-बही की शुरुआत की जाती है और पुराना खाता-बही बंद कर दिया जाता है। दीपावली के मौके पर परंपरागत ट्रेडिंग सेशन से पहले निवेशक और स्टॉक ब्रोकर चोपड़ा पूजन करते हैं। इसे सबसे महत्वपूर्ण माना गया है।
(फइल फोटो)
मुहूर्त ट्रेडिंग का समय
दीपावली के दिन शेयर बाजार बंद होते हैं, लेकिन मुहूर्त ट्रेडिंग सेशन करीब एक घंटे तक चलता है। दिन के सबसे शुभ घंटे के आधार पर हर साल मुहूर्त ट्रेडिंग का समय तय किया जाता है। कारोबारी समुदाय आधी सदी से इस परंपरा को मान कर चल रहा है। 1957 के बाद से बीएसई (BSE) और 1992 के बाद से एनएसई (NSE) इस खास ट्रेडिंग सेशन का आयोजन कर रहे हैं। इस साल स्टॉक एक्सचेंज में शनिवार 14 नवंबर को शाम 6.15 से 7.15 बजे तक मुहूर्त ट्रेडिंग होगी।
(फाइल फोटो)
इस मौके पर शुभ माना जाता है निवेश
मुहूर्त ट्रेडिंग सेशन में निवेशक और ब्रोकर्स मूल्य आधारित स्टॉक खरीदते हैं, जो लंबी अवधि के लिए अच्छे होते हैं। ऐसा माना जाता है कि विशेष मुहूर्त में ग्रहों की स्थिति ऐसी होती है कि इस मौके पर किया गया निवेश सौभाग्य लाता है। बहुत निवेशकों का मानना है कि इस अवसर पर खरीदे गए शेयर भाग्यशाली होते हैं। ये निवेशक शेयर खरीदने के बाद उन्हें अगली पीढ़ी तक ले जाते हैं। कुछ भी नया शुरू करने के लिए दीपावली को शुभ दिन माना जाता है। कई लोग इस विशेष ट्रेडिंग सेशन के दौरान शेयर बाजार में अपना पहला निवेश करते हैं।
(फाइल फोटो)
करते हैं वैल्यू इन्वेस्टमेंट
ऐसा देखा गया है कि मुहूर्त ट्रेडिंग सेशन में बाजार आमतौर पर ऊपर की ओर बढ़ते हैं। सभी सेगमेंट में खरीदने के ऑर्डर ज्यादा होने से निवेशकों का सेंटीमेंट पॉजिटिव रहता है। इस दिन स्टॉक की कीमतें स्थिर रहती हैं, क्योंकि ज्यादातर निवेशक शेयर बेचने के बजाय खरीदना पसंद करते हैं। निवेशक आमतौर पर मुहूर्त ट्रेडिंग सेशन के दौरान वैल्यू इन्वेस्टमेंट में शामिल होते हैं।
(फाइल फोटो)
निवेश की शुरुआत के लिए सही समय
दीपावली पर स्टॉक मार्केट के इस स्पेशल सेशन में निवेश करना सही माना गया है। बड़ी खरीददारी, टोकन निवेश या पहली बार खरीददारी करने के लिए इसे शुभ दिन माना गया है। हालांकि, मार्केट एक्सपर्ट्स का मानना है कि इस मौके पर भावनाओं में बहकर ओवरवैल्यूड शेयरों की खरीद नहीं करनी चाहिए। निवेश करने के पहले सोच-विचार और विश्लेषण करना जरूरी होता है। तभी शेयर मार्केट में सफलता मिल सकती है।
(फाइल फोटो)
व्यापार समाचार: Read latest business news in Hindi, Investment News, Insurance News, Personal Finance Tips & Budget News Live Updates at Asianet Hindi News