- Home
- Entertainment
- Other Entertainment News
- अक्षय कुमार ने दो साल में दीं 7 हिट फिल्में, 2013 के बाद से नहीं दी ऐसी कोई फिल्म जिसमें हुआ हो घाटा
अक्षय कुमार ने दो साल में दीं 7 हिट फिल्में, 2013 के बाद से नहीं दी ऐसी कोई फिल्म जिसमें हुआ हो घाटा
मुंबई। अक्षय कुमार (Akshay Kumar) की फिल्म लक्ष्मी (Laxmmi) 9 नवंबर को शाम 7 बजकर 5 मिनट पर ओटीटी प्लेटफॉर्म पर रिलीज होगी। लगातार विवादों में घिरी रही इस फिल्म पर एक समय बैन होने का खतरा मंडरा रहा था। अक्षय कुमार लक्ष्मी के जरिए दर्शकों को एक और हिट फिल्म दे देते हैं तो ये उनकी पिछले दो साल में आठवीं सुपरहिट फिल्म बन जाएगी। पिछले दो साल में अक्षय की हिट फिल्मों की बात करें तो गुड न्यूज, हाउसफुल 4, मिशन मंगल, केसरी, 2.0, गोल्ड और पैडमैन शामिल हैं। 29 साल पहले अक्षय ने शुरू किया था करियर...

9 सितंबर, 1967 को अमृतसर में जन्मे अक्षय कुमार ने करियर की शुरुआत 29 साल पहले फिल्म 'सौगंध' से की थी। 1991 में रिलीज हुई यह फिल्म कुछ खास कमाल नहीं दिखा सकी, लेकिन अक्षय कुमार को लोग जानने लगे। इसके बाद अगले साल 1992 में आई फिल्म 'खिलाड़ी' और 1993 में 'वक्त हमारा है' ने अक्षय को इंडस्ट्री में स्थापित कर दिया। तब से अब तक सैकड़ों फिल्मों में काम कर चुके अक्षय आज की तारीख में कामयाबी की गारंटी बन चुके हैं।
हिट के मामले में खान तिकड़ी से आगे हैं अक्षय :
बता दें कि लगातार हिट फिल्में देने के मामले में अक्षय कुमार बॉलीवुड की खान तिकड़ी (सलमान, शाहरुख और आमिर) को भी पीछे छोड़ चुके हैं। पिछले कुछ सालों में जहां सलमान की ट्यूबलाइट, रेस 3, दबंग 3 और भारत जैसी फिल्में कुछ खास नहीं चलीं, वहीं अक्षय कुमार की हर एक फिल्म कामयाबी के नए आयाम गढ़ रही है।
7 सालों से लगातार हिट पर हिट दे रहे अक्षय :
शाहरुख खान की तो पिछले दो साल से जहां कोई फिल्म नहीं आई, वहीं आमिर खान की आखिरी फिल्म 'ठग्स ऑफ हिंदोस्तां' बुरी तरह फ्लॉप रही थी। शाहरुख भी 'जीरो' में कुछ कमाल नहीं कर पाए थे। जबकि अक्षय कुमार पिछले 7 सालों से लगातार हिट पर हिट फिल्में दे रहे हैं।
सात साल में 17 सुपरहिट फिल्में :
पिछले कुछ सालों में अक्षय ने फिल्मी दुनिया में अपनी जड़ें काफी मजबूत कर ली हैं। एक के बाद एक हिट फिल्म देकर वो आज बॉलीवुड के टॉप स्टार हैं। अक्षय कुमार ने पिछले 7 सालों में 17 सुपरहिट फिल्में दी हैं।
3 फिल्मों ने किया 200 करोड़ से ज्यादा का बिजनेस :
अक्षय कुमार की पिछली तीन फिल्में हैं मिशन मंगल, हाउसफुल 4 और गुड न्यूज। ये तीनों ही बॉक्सऑफिस पर 200 करोड़ से ज्यादा की कमाई करने में कामयाब रहीं। इनसे पहले केसरी, 2.0, गोल्ड, पैडमैन, टॉयलेट एक प्रेमकथा जैसी फिल्में भी सुपरहिट रहीं।
2013 में दी थी फ्लॉप फिल्म :
वैसे, पिछले कुछ सालों में अक्षय कुमार की सोलो फ्लॉप फिल्म ढूंढना बेहद मुश्किल काम है। इसके लिए काफी पीछे जाना पड़ेगा। बता दें कि 2013 में आई उनकी फिल्म 'बॉस' ने महज 50 करोड़ रुपए कमाए थे, जबकि इसका बजट 70 करोड़ रुपए था। इसके बाद अक्षय ने एक भी फिल्म ऐसी नहीं दी जिसमें मेकर्स को नुकसान हुआ हो।
बॉस के बाद हिट हुईं ये फिल्में :
'बॉस' के फ्लॉप होने के बाद अक्षय कुमार ने हॉलिडे, एंटरटेनमेंट, बेबी, गब्बर इज बैक, ब्रदर्स (एवरेज), सिंग इज ब्लिंग, एअरलिफ्ट, हाउसफुल 3, रुस्तम, जॉली एलएलबी 2, टॉयलेट एक प्रेम कथा, पैडमैन, गोल्ड, 2.0, केसरी, मिशन मंगल, हाउसफुल 4 और गुड न्यूज जैसी हिट फिल्में दी हैं।
पीएम केयर्स फंड में दिए थे 25 करोड़ :
वर्कफ्रंट की बात करें तो अक्षय कुमार जल्द ही पृथ्वीराज, सूर्यवंशी, बच्चन पांडे और अतरंगी रे जैसी फिल्मों में नजर आएंगे। कोरोना महामारी के दौर में अक्षय कुमार ने पीएम केअर में 25 करोड़ रुपए का दान दिया था और इस वजह से वो चर्चा में आए थे।
मनोरंजन जगत की सबसे खास खबरें अब एक क्लिक पर। फिल्में, टीवी शो, वेब सीरीज़ और स्टार अपडेट्स के लिए Bollywood News in Hindi और Entertainment News in Hindi सेक्शन देखें। टीवी शोज़, टीआरपी और सीरियल अपडेट्स के लिए TV News in Hindi पढ़ें। साउथ फिल्मों की बड़ी ख़बरों के लिए South Cinema News, और भोजपुरी इंडस्ट्री अपडेट्स के लिए Bhojpuri News सेक्शन फॉलो करें — सबसे तेज़ एंटरटेनमेंट कवरेज यहीं।