- Home
- Entertainment
- Other Entertainment News
- नातिन और बेटी के साथ दिखीं नीतू कपूर, पहली बार जन्मदिन पर साथ नहीं होंगे पति ऋषि कपूर
नातिन और बेटी के साथ दिखीं नीतू कपूर, पहली बार जन्मदिन पर साथ नहीं होंगे पति ऋषि कपूर
मुंबई। बॉलीवुड के सदाबहार एक्टर ऋषि कपूर का आज (शुक्रवार) 68वां बर्थडे है। 4 सितम्बर, 1952 को जन्मे ऋषि कपूर के जन्मदिन से ठीक पहले उनकी पत्नी नीतू कपूर बेटी रिद्धिमा और नातिन समारा के साथ नजर आईं। हालांकि ये पहला मौका होगा जब नीतू और उनके परिवार के साथ ऋषि कपूर नहीं होंगे। बता दें कि इसी साल 30 अप्रैल को ऋषि कपूर का ल्यूकेमिया कैंसर की वजह से निधन हो गया।

ऋषि और नीतू की लव स्टोरी काफी इंटरेस्टिंग हैं। जब दोनों ने डेट करना शुरू किया था, तब नीतू सिर्फ 17 साल की थीं। नीतू को ऋषि सेट पर काफी तंग करते थे। नोक-झोंक के बीच दोनों को एक-दूसरे से प्यार हो गया था।
दोनों ने 22 जनवरी 1980 को शादी कर ली। लेकिन शादी तक पहुंचने की राह दोनों के लिए आसान नहीं थी। दरअसल, नीतू की मां फिल्म इंडस्ट्री के लोगों को पसंद नहीं करती थीं। खासकर पुरुषों को। इसलिए जब नीतू का अफेयर ऋषि कपूर के साथ शुरू हुआ तो उन्होंने ये बात अपनी मां से छुपाकर रखी थी।
हालांकि एक दिन नीतू की मां को उनके अफेयर का पता चल गया। अफेयर की बात सुनकर नीतू को उनकी मां ने खूब पीटा था। इस बात का खुलासा खुद नीतू सिंह ने कुछ साल पहले दिए एक इंटरव्यू में किया था।
नीतू के मुताबिक, मां ने लंबे समय बाद ऋषि के साथ उनके रिलेशन को स्वीकार तो कर लिया था। लेकिन बहुत सारी पाबंदियां भी लगा दी थीं। मां उन्हें ऋषि के साथ डेट पर नहीं जाने देतीं थीं।
ऋषि और नीतू ने 1973 से 1981 तक एकसाथ 12 फिल्मों में काम किया। इसी बीच दोनों में प्यार हुआ और लंबे टाइम तक डेटिंग के बाद दोनों ने शादी का फैसला किया था। शादी के बाद दोनों के दो बच्चे बेटी रिद्धिमा और बेटा रणबीर हुए।
कहा जाता है कि 1990 से इनके रिश्तों में काफी सारी परेशानियां आने लगी थीं। इन परेशानियों की वजह ऋषि का शराब पीना था। खबरें आईं कि नशे में उन्होंने नीतू पर कई बार हाथ भी उठाया। इस वजह से परेशान होकर नीतू ने लीगल कदम उठाया और पति के खिलाफ डोमेस्टिक वॉइलेंस का केस कर दिया था।
नीतू ने 1966 में आई फिल्म 'सूरज' से डेब्यू किया था। इस फिल्म में काम करने का ऑफर उन्हें फिल्म की एक्ट्रेस वैजयंतीमाला ने दिलवाया था। इसके अलावा उन्होंने फिल्म 'दस लाख', 'वारिस', 'पवित्र पापी', 'दो कलियां', 'घर घर की कहानी' में बतौर बाल कलाकार काम किया।
नीतू कपूर ने 1973 में आई फिल्म 'रिक्शावाला' से लीड एक्ट्रेस के तौर पर अपनी पारी की शुरुआत की थी। इसके अलावा उन्होंने 'जहरीला इंसान' (1974), 'खेल खेल में' (1975), 'रफू चक्कर' (1975), 'दीवार' (1975), 'कभी कभी' (1976), 'परवरिश' (1977), 'धरमवीर' (1977), 'कस्मे वादे' (1978), 'काला पत्थर' (1979), 'याराना' (1981) जैसी फिल्मों में काम किया।
मनोरंजन जगत की सबसे खास खबरें अब एक क्लिक पर। फिल्में, टीवी शो, वेब सीरीज़ और स्टार अपडेट्स के लिए Bollywood News in Hindi और Entertainment News in Hindi सेक्शन देखें। टीवी शोज़, टीआरपी और सीरियल अपडेट्स के लिए TV News in Hindi पढ़ें। साउथ फिल्मों की बड़ी ख़बरों के लिए South Cinema News, और भोजपुरी इंडस्ट्री अपडेट्स के लिए Bhojpuri News सेक्शन फॉलो करें — सबसे तेज़ एंटरटेनमेंट कवरेज यहीं।