- Home
- States
- Jharkhand
- झारखंड के जामताड़ा में बड़ा हादसा: अब तक 5 शव और 5 बाइक्स भी मिलीं, NDRF ने पलटने वाली नाव भी खोज निकालीं
झारखंड के जामताड़ा में बड़ा हादसा: अब तक 5 शव और 5 बाइक्स भी मिलीं, NDRF ने पलटने वाली नाव भी खोज निकालीं
जामताड़ा। झारखंड के जामताड़ा में नाव हादसे में बड़ा अपडेट है। रेक्यू टीम ने शनिवार को बराकर नदी में एक महिला का शव बरामद किया है। इसके साथ ही 5 बाइक्स भी नदी में मिली हैं। ये बाइक्स भी नाव पर रखी थीं। इससे पहले सुबह नदी में एनडीआरएफ ने हादसे की शिकार नाव को खोज निकाला। इसी नाव पर करीब 20 लोग होकर धनबाद की तरफ से जामताड़ा जा रहे थे। इससे पहले टीम ने 4 शव बरामद किए थे। जबकि 4 लोगों को मौके से सुरक्षित बचा लिया था। रेस्क्यू करने वाली एनडीआरएफ की टीम 12 लोगों की तलाश कर रही थी। यहां बराकर नदी में गुरुवार शाम 5 बजे तेज बारिश और आंधी के बीच ये नाव पलट गई थी। तस्वीरों में देखिए रेस्क्यू ऑपरेशन...

लापता लोगों में नाविक मनसा मंडल भी शामिल है। नाव मिलने के बाद उम्मीद की जा रही है कि डूबे हुए लोगों का भी जल्द पता चलेगा। इसके लिए एनडीआरएफ ने तलाशी अभियान तेज कर दिया है। नदी में नाव के साथ लापता लोगों का सामान भी मिला है। इनमें जूते-चप्पल और बैग शामिल है।
इससे पहले बरबेंदिया घाट स्थित बराकर नदी में तलाश के लिए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देश पर रांची से एनडीआरएफ की चार टीम रेस्क्यू करने पहुंचीं। घटना की सूचना मिलते ही जामताड़ा के उपायुक्त फैज अहमद मुमताज और पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार सिन्हा घटनास्थल पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू करवाया।
प्रशासन का कहना था कि दुर्घटना में नदी में डूब रहे 4 लोगों को बचा लिया गया है और एनडीआरएफ के जवान अन्य लोगों की तलाश में जुटे हैं। गुरुवार शाम से रेस्क्यू ऑपरेशन चल रहा है। शनिवार दोपहर तक लापता लोगों की तलाश की जा रही है। मामले में जांच की जा रही है। नाव में सवार सभी लोग धनबाद के निरसा से जामताड़ा की ओर लौट रहे थे।
इसी दौरान बारिश होने लगी और तेज हवा के कारण नाव बीच नदी में पलट गई। लोगों ने बताया कि ये नाव बरबिंदिया घाट से चली थी और श्यामपुर वीरगांव घाट आ रही थी।
नाव में कुछ बच्चे भी सवार बताए जा रहे हैं। कुछ यात्री और दैनिक मजदूर भी हैं। इसी नदी पर मैथन डैम बना हुआ है। फिलहाल, हादसे में कितने लोगों की जान गई है अभी इसकी कोई अधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है। अफसर अभी कुछ बोलने को तैयार नहीं है।
झारखंड की सरकार, खनन-उद्योग, आदिवासी क्षेत्रों की खबरें, रोजगार-विकास परियोजनाएं और सुरक्षा अपडेट्स पढ़ें। रांची, जमशेदपुर, धनबाद और ग्रामीण इलाकों की ताज़ा जानकारी के लिए Jharkhand News in Hindi सेक्शन फॉलो करें — विश्वसनीय स्थानीय रिपोर्टिंग सिर्फ Asianet News Hindi पर।