रिटायरमेंट के बाद जब घर लौटा वीर योद्धा, तो अपना स्वागत देखकर हो गया इमोशनल
राजगढ़, मध्य प्रदेश. दुश्मनों से देश की रक्षा करने वाले वीर योद्धाओं का जितना सम्मान किया जाए, कम है। सरहद पर अपनी जान की बाजी लगाकर देश और देशवासियों की रक्षा करने वाले सैनिकों पर हर भारतीयों को गर्व है। ऐसा ही गौरवान्वित करने वाला मंजर राजगढ़ जिले के नरसिंहगढ़ कस्बे में देखने को मिला। यहां 17 साल की सेवाओं के बाद जब एक सैनिक अपने घर पहुंचा, तो उसके स्वागत में मानों सैलाब उमड़ पड़ा। महिलाओं ने उसकी आरती उतारी। लोगों ने उसे घोड़े पर दूल्हे की तरह बैठाया और गाजे-बाजे के साथ उसे घर लाया गया। अपना ऐसा स्वागत देखकर सैनिक भावुक हो उठा। उसे उम्मीद नहीं थी कि लोग उसका ऐसा भव्य स्वागत करेंगे। यह सैनिक हैं मनीष चोपड़ा। वे सोमवार को अपने शहर पहुंचे थे। लोगों ने उन्हें घोड़े पर बैठाकर घुमाया। इस दौरान जगह-जगह फूल बरसाकर उनका स्वागत किया गया। बस स्टैंड पर एक मंच बनाकर समापन कार्यक्रम रखा गया। वहां भारत माता का चित्र भी रखा गया था। यहां लोगों ने भूतपूर्व सैनिक का सम्मान किया।
| Published : Feb 04 2020, 01:36 PM IST
- FB
- TW
- Linkdin