Madhya Pradesh Farmer Welfare: मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पांढुर्णा के बलराम कृषि महोत्सव को संबोधित किया। उन्होंने उन्नत खेती, प्राकृतिक कृषि, दुग्ध उत्पादन, किसान कल्याण योजनाओं और कृषि आधारित उद्योगों से किसानों की आय बढ़ाने पर जोर दिया।
Balram Krishi Mahotsav: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि मध्यप्रदेश सरकार किसानों के कल्याण और उनकी आय बढ़ाने के लिए लगातार काम कर रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रदेश विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। किसान, महिला, युवा और गरीब सहित समाज के सभी वर्गों के कल्याण के लिए राज्य सरकार संकल्पबद्ध है। मुख्यमंत्री बुधवार को पांढुर्णा में आयोजित बलराम कृषि महोत्सव को मुख्यमंत्री निवास से वर्चुअली संबोधित कर रहे थे।
बलराम कृषि महोत्सव: किसानों को मिलेगी आधुनिक खेती और प्राकृतिक कृषि की जानकारी
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने जामसांवली धाम के हनुमान जी का स्मरण करते हुए कहा कि किसान कल्याण वर्ष में बलराम कृषि महोत्सव के जरिए किसानों को उन्नत कृषि तकनीक, प्राकृतिक खेती और किसान हितैषी योजनाओं से जोड़ा जा रहा है। पांढुर्णा जिला गेहूं, मक्का, चना, तुअर और संतरे के उत्पादन के लिए महत्वपूर्ण है। यहां खेती के साथ दुग्ध उत्पादन में भी लगातार वृद्धि हो रही है। उन्होंने कहा कि कम वर्षा की स्थिति को देखते हुए फसलों का सर्वे कराया जा रहा है। किसानों को हरसंभव सहायता और जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, ताकि उन्हें किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
ये भी पढ़ें- MP News: CM मोहन यादव की पहल, बुंदेली गायक सुनील लोधी को मिली नई उम्मीद
कृषि आधारित उद्योगों से युवाओं को मिल रहा रोजगार
पांढुर्णा जिले के प्रभारी मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने कहा कि जिला कृषि के साथ कृषि आधारित उत्पादों के निर्माण में भी आगे बढ़ रहा है। यहां स्थापित विभिन्न कृषि आधारित उद्योगों और इकाइयों से युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिल रहे हैं। उन्होंने ग्रामीणों की संपत्तियों की नि:शुल्क रजिस्ट्री कराने की पहल के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।
किसान कल्याण योजनाएं: बिना ब्याज मिल रहा तीन लाख रुपये तक का ऋण
मध्यप्रदेश राज्य सहकारी बैंक के प्रशासक महेंद्र सिंह यादव ने किसानों को आधुनिक खेती से जोड़ने और बलराम जयंती को किसान दिवस घोषित करने के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया। उन्होंने कहा कि पहले मार्च तक ऋण नहीं चुकाने पर किसानों को ओवरड्यू की स्थिति का सामना करना पड़ता था। अब किसान कैलेंडर वर्ष में किसी भी समय अपना ऋण चुका सकते हैं। राज्य सरकार किसानों को तीन लाख रुपये तक का ब्याज मुक्त ऋण उपलब्ध करा रही है। इसके अलावा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि और मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना की राशि सीधे किसानों के बैंक खातों में पहुंचाई जा रही है।
ये भी पढ़ें- खेती-किसानी करने वालों के लिए खुशखबरी! CM मोहन यादव सरकार ने बनाया ये बड़ा प्लान
उन्नत किसानों, मेधावी विद्यार्थियों और पशुपालकों का सम्मान
कार्यक्रम में पांढुर्णा जिले के उन्नतशील किसानों ने मुख्यमंत्री से संवाद कर खेती में किए जा रहे नवाचारों और अपनी सफलता के अनुभव साझा किए। उत्कृष्ट कार्य करने वाले किसानों और मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। वहीं, गोपाल कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना के तहत उत्कृष्ट देशी गायों का पालन करने वाले पांच पशुपालकों को भी सम्मान मिला।
इस अवसर पर किसानों को आधुनिक कृषि तकनीक, प्राकृतिक खेती, कृषि यंत्रीकरण और शासन की विभिन्न किसान हितैषी योजनाओं की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में कलेक्टर नीरज कुमार वशिष्ठ, कपिल यारदे, पूर्व मंत्री नानाभाऊ मोहोड़, संदीप मोहोड़, नगर पालिका अध्यक्ष संदीप घाटोडे, जनपद अध्यक्ष लताबाई तुमडॉम सहित अनेक जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।




