ये हैं भारत के 10 सबसे खूबसूरत पिकनिक स्पॉट, यहां पहुंचते ही उतर जाएगी सारी थकान
International Picnic Day 2022: हर साल दुनियाभर में 18 जून को अंतरराष्ट्रीय पिकनिक डे (International Picnic Day) मनाया जाता है। इस दिन को मनाने का उद्देश्य प्रकृति के प्रति लोगों को जागरुक करना है। ताकि लोग अपने व्यस्त समय से कुछ वक्त निकालकर प्रकृति का आनंद उठा सकें। वैसे, भारत को प्रकृति ने सुंदरता से नवाजा है और यहां एक से बढ़कर एक सुंदर जगहें हैं। इस पैकेज में जानते हैं भारत के 10 सबसे खूबसूरत पिकनिक स्पॉट के बारे में।

नोहकलिकाई फॉल्स
कहां - मेघालय
नोहकलिकाई वॉटर फॉल्स मेघालय में स्थित है। यह झरना बेहद खूबसूरत है। खासकर बरसात में इसका नजारा देखने लायक होता है। कहा जाता है कि एक बार यहीं के एक गांव की रहने वाली लड़की ने इस झरने से छंलाग लगा दी थी। उस लड़की का नाम लिकाई था। बाद में इस झरने का नाम भी उसी लड़की के नाम पर नोहकलिकाई पड़ गया।
ऋषिकेश
कहां - उत्तराखंड
ऋषिकेश हिंदू धर्म की सबसे पवित्र जगहों में से एक है। यहां पहाड़ों के बीच से बहती गंगा नदी और कल-कल आती आवाज बहुत ही मनोरम लगती है। इसके अलावा यहां गंगा नदी के तट पर बना त्रिवेणी घाट मशहूर है। इस घाट पर शाम को होने वाली गंगा आरती प्रसिद्ध है। ऋशिकेश में जंपिंग हाइट्स, रिवर राफ्टिंग और कैंपिंग का आनंद उठाया जा सकता है। इसके अलावा यहां का नीलकंठ महादेव मंदिर, लक्ष्मण झूला देखने लायक जगह हैं।
टी गार्डन हिल ऑफ मुन्नार
कहां - केरल
केरल सिर्फ अपने खूबसूरत समुद्री किनारों और बीच के लिए ही नहीं मशहूर है। यहां मुन्नार में स्थित चाय के हरे-भरे बागान भी काफी मशहरू हैं। केरल के मुन्नार का टी गार्डन हिल देखने लायक है। यह जगह समुद्री तट से करीब 7000 फीट की ऊंचाई पर स्थित है। यहां चारों ओर फैली हरियाली के साथ ही प्रकृति के सुंदर नजारे बरबस ही लोगों का मन मोह लेते हैं।
लोनार झील
कहां- बुलढाणा, महाराष्ट्र
लोनार झील भारत की सबसे सुंदर झीलों में गिनी जाती है। यह झील महाराष्ट्र के बुलढाणा जिले में स्थित है। यह एक सलाइन सोडा लेक है। कहा जाता है कि यह झील 50,000 साल पहले धरती पर एक विशालकाय उल्का पिंड के गिरने से बनी है। इस झील की औसत गहराई करीब 450 फीट है। कुछ साल पहले इस झील का पानी गुलाबी रंग का हो गया था। इस झील के आसपास प्रकृति के सुंदर नजारे देखे जा सकते हैं।
कन्याकुमारी
कहां - तमिलनाडु
कन्याकुमारी एक तरह से समुद्र का संगम है, जहां बंगाल की खाड़ी, हिंद महासागर और अरब सागर मिलते हैं। यहां स्थित स्वामी विवेकानंद मेमोरियल देखने लायक है। यहां से सनराइज और सनसेट का अद्भुत नजारा दिखता है। इसके अलावा तिरुवल्लुवर स्टैच्यू पानी के बीच में स्थित है, जहां नाव से जा सकते हैं। इसके अलावा अम्मन माता मंदिर, गांधी स्मारक भी खूबसूरत जगह हैं।
लोनावला
कहां - महाराष्ट्र
लोनावला पुणे से 64 किलोमीटर दूर एक हिल स्टेशन है। इसे केव्स सिटी भी कहते हैं, क्योंकि यहां कई गुफाएं हैं। यहां स्थित लोहागढ़ किला देश के मशहूर ट्रैकिंग स्थलों में से एक हैं। इसके अलावा कुने फॉल खंडाला में घने जंगलों के बीच स्थित एक खूबसूरत झरना है। यहां घूमने लायक जगहों में पॉना डैम, टाइगर पॉइंट, मच्छी किला फेमस है।
नैनीताल
कहां - उत्तराखंड
उत्तराखंड में स्थित नैनीताल पर्यटकों को अपनी ओर खींचता है। यह चारों तरफ पहाड़ियों से घिरा हुआ है। यहां की मॉल रोड टूरिस्ट के बीच काफी पॉपुलर है। इसके अलावा यहां एल्टीट्यूड जू है, जो कि समुद्र तल से 2100 मीटर ऊंचाई पर स्थित है। इसके अलावा यहां इको कैब गार्डन, हैंगिंग गार्डन और म्यूजिकल फाउंटेन भी बेहद खूबसूरत हैं। इसके साथ ही यहां पर टिफिन टॉप, नैनी चोटी, स्नो व्यू प्वाइंट, नैनी झील देखने लायक जगहें हैं।
शिमला
कहां - हिमाचल प्रदेश
शिमला एक खूबसूरत शहर है, जो पहाड़ी पर बसा हुआ है। कभी ये अंग्रेजों की ग्रीष्मकालीन राजधानी हुआ करता था। यहां की मॉल रोड के अलावा हरी भरी पहाड़ियां, खूबसूरत झरने, ऊंची चोटियां देखने लायक हैं। शिमला को 7 पहाड़ियों का शहर भी कहते हैं। सुरंगों और हरी-भरी पहाड़ियों से गुजरते हुए कालका से शिमला तक कस टॉय ट्रेन का सफर आप कभी नहीं भुला पाएंगे।
ऊटी
कहां - तमिलनाडु
नीलगिरि की पहाड़ियों पर स्थित ऊटी खूबसूरत पिकनिक स्पॉट है। यहां चारों तरफ हरे भरे चाय बागानों के अलावा सुंदर झीलें स्थित हैं। ऊटी में रुकने के लिए कई होटल हैं, जहां से प्रकृति का सुंदर नजारा देखा जा सकता है। ऊटी अपनी चाय के अलावा खुशबूदार तेल और मसालों के लिए मशहूर है। यहां की झीलें, फूलों से भरे गार्डन डोडाबेट्टा चोटी, कलहट्टी वॉटर फॉल्स, कोटागिरि, मदुमलाई वन्यजीव अभयारण्य देखने लायक जगह हैं।
हम्पी
कहां - कर्नाटक
हंपी को वर्ल्ड के हेरिटेज साइट यूनेस्को में शामिल किया गया है। यहां के विजया वित्तला टेंपल में पत्थरों पर की गई चित्रकारी देखने लायक है। इसके अलावा यहां सारेगामा स्तंभ हैं, जिन पर ठोकर मारने पर संगीत पैदा होता है। यहां हजारा राम मंदिर, कमल महल, शिव मंदिर घूमने लायक जगह हैं। इसके अलावा मतंग पर्वत यहां की सबसे ऊंची चोटी है, जिसके चारों तरफ हरियाली और पहाड़ हैं।
ये भी देखें :
PHOTOS: ये हैं भारत के 8 भुतहा पिकनिक स्पॉट, रात तो छोड़िए दिन में भी जाने से कांपते हैं लोग
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.