- Home
- States
- Uttar Pradesh
- यूपी के बरेली में रिश्तों का कत्ल, सौतेली मां के साथ मिलकर बाप ने बेटी को मार कर दफनाया
यूपी के बरेली में रिश्तों का कत्ल, सौतेली मां के साथ मिलकर बाप ने बेटी को मार कर दफनाया
बरेली(Uttar Pradesh). बरेली में रिश्तों को शर्मशार करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक शख्स पर अपनी दूसरी पत्नी के साथ मिलकर अपनी सात साल की बेटी की हत्या कर उसके शव को घर में गड्ढा खोदकर दफनाने का आरोप लगा है। बच्ची की बड़ी बहन भी लापता बताई जा रही है। सूत्रों के मुताबिक इज्जतनगर थाना क्षेत्र के आलोक नगर निवासी रवि बाबू ने लगभग दो साल पहले अपनी पत्नी की मौत के बाद रितु नाम की महिला से दूसरी शादी रचाई थी। सूत्रों ने बताया कि गुरुवार को पति-पत्नी ने सात साल की काजल की गला दबा कर हत्या कर दी। वारदात के बारे में किसी को पता न चले इसलिए आरोपियों ने शव को घर में गड्ढा खोदकर दफन कर दिया।

पड़ोसियों की सूचना पर पुलिस जब घर पहुंची तो आरोपी पति-पत्नी ने बताया कि उनकी कुतिया मर गई है। हालांकि आस-पड़ोस के बच्चों ने पुलिस को बताया कि उनकी बेटी की मौत हुई है। लेकिन पुलिस ने बच्चों की बात पर ध्यान नहीं दिया और वो लौट आई। इस बीच शुक्रवार को बच्चियों के ममेरे भाई सूरज ने थाने में तहरीर देकर काजल की हत्या का आरोप लगाया।
जिसके बाद रविवार को जिलाधिकारी की अनुमति से पुलिस ने घर में गड्ढा खोदकर काजल के शव को बरामद किया। सूत्रों ने बताया कि काजल की बड़ी बहन अब भी लापता है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के मुताबिक मासूम के शरीर पर चाकू जैसे धारदार हथियार के 17 गहरे घाव मिले। ताबड़तोड़ वार से उसके कई अंदरूनी अंग बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए थे और खून के अत्यधिक रिसाव से उसकी मौत हुई थी।
पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी रवि और उसकी पत्नी रितु को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही पुलिस काजल की लापता बड़ी बहन की भी तलाश कर रही है।
पुलिस ने बताया कि सूरज द्वारा पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया गया कि सौतेली मां रितु ने काजल और उसकी बहन का जीना दूभर कर दिया था। वो उनसे बुरा सुलूक करती थी और नौकरानी की तरह घर के काम कराती थी।
उत्तर प्रदेश में हो रही राजनीतिक हलचल, प्रशासनिक फैसले, धार्मिक स्थल अपडेट्स, अपराध और रोजगार समाचार सबसे पहले पाएं। वाराणसी, लखनऊ, नोएडा से लेकर गांव-कस्बों की हर रिपोर्ट के लिए UP News in Hindi सेक्शन देखें — भरोसेमंद और तेज़ अपडेट्स सिर्फ Asianet News Hindi पर।