- Home
- States
- Other State News
- बंगाल इलेक्शन की सबसे हॉट सीट नंदीग्राम के किसानों को इस 'मछली' ने बना दिया मालामाल, कभी रोटी को तरसते थे
बंगाल इलेक्शन की सबसे हॉट सीट नंदीग्राम के किसानों को इस 'मछली' ने बना दिया मालामाल, कभी रोटी को तरसते थे
पांच राज्यों में होने जा रहे विधानसभा चुनाव में पश्चिम बंगाल का चुनाव सबसे हॉट है। इसमें भी यहां की नंदीग्राम सीट पर सारे देश की नजरें टिकी हुई हैं। यहां से तृणमूल कांग्रेस की मुखिया और राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी चुनाव लड़ रही हैं। उनके विरुद्ध खड़े हुए हैं शुभेंदु अधिकारी। शुभेंदु कभी ममता के खास होते थे, लेकिन अब भाजपा के साथ हैं। नंदीग्राम ममता बनर्जी की वो राजनीतिक रणभूमि है, जिसने उन्हें 34 साल पुराने लेफ्ट के शासन को उखाड़ फेंकने में मदद दिलाई। 2007 में लेफ्ट सरकार ने सलीम ग्रुप को स्पेशल इकोनॉमिक जोन नीति के तहत नंदीग्राम में रसायन केंद्र(केमिकल हब) की स्थापना की अनुमति दी थी। ग्रामीणों ने इसका विरोध किया, तो पुलिस ने विद्रोह को कुचलने गोलीबारी कर दी। इससे 14 ग्रामीणों की मौत हो गई। ममता इस घटना के विरोध में मुखर हुईं। नतीजा, लेफ्ट जमींदोज हो गया। जिस माटी में कभी किसानों का खून बहा था, आज वो किसानों के लिए सोना उगल रही है। यहां के किसानों के लिए झींगा मछली(प्रॉन) कमाई का बेहतर जरिया साबित हुई है। जानिए पूरी कहानी...
| Published : Mar 23 2021, 12:32 PM IST
- FB
- TW
- Linkdin
कभी नंदीग्राम में रहने वाले किसान दो वक्त की रोटी के लिए तरसते थे, आज खूब पैसा कमा रहे हैं। यहां के तालाबों में पैदा हो रही झींगा मछली देश-विदेश में भेजी जा रही है।
नंदीग्राम के किसान हमेशा चुनावों में नेताओं से यही मांग करते थे कि उन्हें झींगा मछली पालन के लिए सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। आज यहां फूड प्रोसेसिंग यूनिट के अलावा दूसरी अन्य सुविधाएं आसानी से मिल रही हैं।
जो किसान कभी बमुश्किल 7000 रुपए महीने कमा पाते थे, वे आज झींगा मछली के उत्पादन से 50000 रुपए महीने तक कमा लेते हैं। यहां टाइगर प्रॉन का अच्छा प्रोडक्ट होता है।
आंकड़ों के मुताबिक, नंदीग्राम में करीब 2,200 हेक्टेयर में मछली पालन हो रहा है। नंदीग्राम में मछली पालन के करीब 250 यूनिट हैं। इनमें 16,000 से ज्यादा किसानों को रोजगार मिला हुआ है। नंदीग्राम से सालाना 4,000 टन झींगा और दूसरी मछलियों का उत्पादन हो रहा है। यहां का प्रोडक्ट्स चीन, ताइवान, अमेरिका और जापान तक भेजा जा रहा है।
स्वतंत्रता के बाद नंदीग्राम एजुकेशन का हब बना। हल्दिया के विकास में नंदीग्राम की अहम भूमिका रही। यहीं से हल्दिया को सब्जियां, चावल, मछली आदि की सप्लाई होती है। नंदीग्राम जिले में में मुस्लिम आबादी 60 प्रतिशत है। शहर में तिवारी, मुखर्जी और पांडा का बोलबाला है।
नंदीग्राम मेदिनीपुर जिले का एक ग्रामीण एरिया है। यह राजधानी कोलकाता से दक्षिण-पश्चिम दिशा में करीब 70 किमी दूर है। यह औद्योगिक शहर हल्दिया के सामने और हल्दी नदी के दक्षिण किनारे स्थित है।