Planets Visible During Lunar Eclipse: पूर्ण चंद्र ग्रहण में चांद के लाल होते ही आसमान गहरा दिखता है। जानें इस दौरान कौन से चमकीले सितारे, ग्रह और तारामंडल ज्यादा साफ नजर आते हैं।
Lunar Eclipse Night Sky: आमतौर पर पूर्णिमा की रात चांद की तेज रोशनी के कारण आसमान के कई हल्के सितारे दिखाई नहीं देते। लेकिन जब इसी पूर्णिमा पर चंद्र ग्रहण लगता है, तो नजारा बदल जाता है। पूर्ण चंद्र ग्रहण के दौरान जब पृथ्वी की छाया धीरे-धीरे चांद को ढकती है और वह लाल या तांबे के रंग का दिखाई देने लगता है, तब उसके आसपास का आसमान ज्यादा गहरा नजर आता है। इस दौरान सामान्य पूर्णिमा की तुलना में कई चमकीले सितारे और ग्रह ज्यादा आसानी से नजर आते हैं। NASA के अनुसार- चंद्र ग्रहण के दौरान पृथ्वी की छाया चांद की चमक को कम करती है, जिससे कुछ तारामंडल भी सामान्य से ज्यादा क्लियर दिखाई देते हैं। हालांकि कौन-से ग्रह और सितारे दिखेंगे, यह हर ग्रहण में एक जैसा नहीं होता। यह उस समय आसमान में उनकी स्थिति, मौसम, प्रदूषण और आपके स्थान पर डिपेंट करता है। आइए जानते हैं चंद्र ग्रहण के समय आसमान में क्या-क्या देखने को मिलता है?
चंद्र ग्रहण में आसमान ज्यादा अंधेरा क्यों दिखता है?
चंद्र ग्रहण तब होता है जब सूर्य, पृथ्वी और चंद्रमा लगभग एक सीध में आ जाते हैं और पृथ्वी बीच में होती है। पृथ्वी की छाया चंद्रमा पर पड़ती है। पूर्ण चंद्र ग्रहण में चंद्रमा पृथ्वी की गहरी छाया यानी Umbra में पूरी तरह चला जाता है।
सामान्य पूर्णिमा में चांद बहुत चमकीला होता है। उसकी रोशनी आसपास के आसमान में फैली रहती है, जिससे कम चमक वाले सितारे हमारी आंखों को दिखाई नहीं देते। ग्रहण के दौरान चांद की चमक काफी कम हो जाती है। इसलिए उसके आसपास का आकाश गहरा नजर आता है और कई सितारे ज्यादा आसानी से पहचाने जा सकते हैं। NASA भी बताता है- चंद्र ग्रहण के दौरान तारामंडल सामान्य पूर्णिमा की तुलना में ज्यादा आसानी से दिखाई देता है।
कौन-कौन से ग्रह ज्यादा आसानी से दिखते हैं?
- यह फिक्स नहीं है। क्योंकि ग्रहों की स्थिति लगातार बदलती रहती है। जिस समय चंद्र ग्रहण हो रहा होगा, उस समय जो चमकीले ग्रह आसमान में क्षितिज से ऊपर होंगे, वे दिखाई देंगे।
- बृहस्पति (Jupiter), शनि (Saturn), मंगल (Mars) और शुक्र (Venus) जैसे चमकीले ग्रह कई बार अच्छे ऑप्शन हो सकते हैं। इनमें से कौन-सा ग्रह वास्तव में दिखाई देगा, यह उस खास ग्रहण की तारीख, समय और आपके स्थान पर डिपेंड करेगा।
- जैसे - NASA ने मार्च 2026 के पूर्ण चंद्र ग्रहण के दौरान बृहस्पति और मंगल को देखने की जानकारी दी थी। वहीं 2018 के चंद्र ग्रहण के दौरान नासा ने मंगल और शनि का जिक्र किया था। इसलिए किसी भी चंद्र ग्रहण से पहले उस तारीख के Sky Chart या Astronomy App से यह देखना बेहतर होता है कि आपके इलाके में कौन-से ग्रह दिखाई देंगे।
ये भी पढ़ें- चंद्र ग्रहण के दौरान चांद लाल क्यों हो जाता है? जानें ‘Blood Moon’ के पीछे का पूरा साइंस
सितारे भी ज्यादा साफ क्यों दिखते हैं?
ग्रहण के दौरान सबसे बड़ा फायदा तारों को देखने में होता है। पूर्णिमा की तेज रोशनी कम होने के बाद कम चमकीले तारों और तारामंडलों को देखना आसान हो सकता है। आसमान में दिखाई देने वाले तारों में सीरियस, कैपेला, बेटेल्गेयूज, रिगेल जैसे चमकीले तारे कई अलग-अलग मौसमों में अच्छे उदाहरण हैं, लेकिन हर चंद्र ग्रहण के दौरान ये सभी दिखाई दें, ऐसा जरूरी नहीं है।
क्या सभी ग्रह और सितारे साफ दिखेंगे?
नहीं। चंद्र ग्रहण अपने आप आसमान को पूरी तरह साफ नहीं करता। बादल, धुंध, हवा में नमी, धूल और शहर की रोशनी तारों की दृश्यता को प्रभावित करते हैं। शहर से दूर, कम रोशनी वाली जगह पर चंद्र ग्रहण देखना ज्यादा अच्छा रहता है। NASA भी बेहतर Observation के लिए ब्राइट लाइट से दूर किसी डार्क लोकेशन में जाने की सलाह देता है। एक और दिलचस्प बात यह है कि ग्रह आमतौर पर तारों की तुलना में ज्यादा स्थिर चमकते दिखाई देते हैं। तारे बहुत दूर होने के कारण हमें लगभग प्रकाश-बिंदु (Point of Light) की तरह दिखते हैं और पृथ्वी का वातावरण उनकी रोशनी को थोड़ा बदलता है, जिससे वे टिमटिमाते नजर आते हैं। ग्रह हमें छोटे डिस्क की तरह दिखाई देते हैं, इसलिए उनकी रोशनी आमतौर पर ज्यादा स्थिर लगती है।
ये भी पढ़ें- अगर चंद्र ग्रहण के समय चांद पर खड़े हों तो क्या दिखेगा? साइंस का हैरान करने वाला जवाब
चंद्र ग्रहण देखते समय क्या-क्या खोजें?
अगली बार चंद्र ग्रहण हो तो सिर्फ लाल चांद को देखकर वापस न आएं। कुछ देर आसमान में चांद के आसपास देखें। सबसे पहले चमकीले ग्रह खोजें, फिर आसपास के चमकीले सितारों को पहचानने की कोशिश करें। सबसे खास बात यह है कि चंद्र ग्रहण देखने के लिए किसी विशेष ग्रहण देखने वाले चश्मे (Eclipse Glasses) की जरूरत नहीं होती। इसे सामान्य आंखों से सुरक्षित तरीके से देखा जा सकता है। दूरबीन (Binoculars) से चांद और उसके आसपास का नजारा और बेहतर देखा जा सकता है।
