क्रिकेटर ऋषभ पंत की कार के भीषण रोड एक्सीडेंट के बाद उन्हें कार से निकालकर उनकी जान बचाने वाले ड्राइवर- कंडक्टर को हरियाणा परिवहन विभाग ने सम्मानित किया है।

पानीपत( Haryana). क्रिकेटर ऋषभ पंत की कार के भीषण रोड एक्सीडेंट के बाद उन्हें कार से निकालकर उनकी जान बचाने वाले ड्राइवर- कंडक्टर को हरियाणा परिवहन विभाग ने सम्मानित किया है। हरियाणा परिवहन के इन ड्राइवर और कंडक्टर को महाप्रबंधक कुलदीप जांगड़ा ने सम्मानित किया है। राज्य सरकार ने भी उनकी सराहना की है और वो भी इन दोनों को सम्मानित कर सकती है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

गौरतलब है कि दिल्ली देहरादून हाइवे पर शुक्रवार की सुबह टीम इंडिया के क्रिकेटर ऋषभ पंत की कार डिवाइडर में टकराने के बाद पलट गई थी। हादसा इतना तेज था कि कार पलटने के बस कुछ देर बाद ही उसमें आग लग गई। कार डिवाइडर से टकराते ही हरियाणा परिवहन के पानीपत डिपो के ड्राइवर सुशील कुमार और कंडक्टर परमजीत मौके पर दौड़े और दोनों ने तुंरत ऋषभ पंत को कार से बाहर निकाला। ऋषभ के बाहर निकालते ही अचानक कार में आग लग गई। लेकिन सुशील और परमजीत की बहादुरी और मुस्तैदी से टीम इंडिया के क्रिकेटर ऋषभ पंत की जान बच गई।

बाहर निकालने के 5-7 सेकेंड बाद कार में लग गई आग
क्रिकेटर ऋषभ पंत को बचाने वाले बस कंडक्टर परमजीत ने बताया कि जैसे ही हमने ऋषभ पंत को बाहर निकाला कार में आग लग गई। ज्यादा से ज्यादा 5-7 सेकेंड में कार जलकर खाक हो गई। उनकी पीठ पर काफी चोटें आई थीं। हमने उनके बारे में पूछा तक उन्होंने कहा कि वह भारतीय टीम के क्रिकेटर ऋषभ पंत हैं।

परिवहन विभाग ने दोनों को किया सम्मानित
दुर्घटना के बाद ऋषभ पंत को कार से निकालने वाले ड्राइवर सुशील कुमार और कंडक्टर परमजीत को हरियाणा रोडवेज ने सम्मानित किया। हरियाणा रोडवेज के पानीपत डिपो के महाप्रबंधक कुलदीप जांगड़ा ने इन दोनों को प्रशंसा पत्र और शील्ड दी। जबकि हरियाणा के परिवहन मंत्री मूलचंद शर्मा ने कहा कि सुशील कुमार और परमजीत दोनों ने मानवता की मिसाल पेश की और पंत को तत्काल मदद मुहैया कराई। हरियाणा के परिवहन विभाग के प्रधान सचिव नवदीप विर्क ने भी कुमार और परमजीत की सराहना की है।