Akshita Jain: गुरुग्राम की 37 वर्षीय अक्षिता जैन ने 50 लाख का पैकेज छोड़ साध्वी बनने का फैसला किया। उनकी मां शिरोमणी भी सांसारिक जीवन का त्याग करेंगी।

Who is Akshita Jain: गुरुग्राम की रहने वाली 37 साल की सॉफ्टवेयर इंजीनियर अक्षिता जैन इन दिनों चर्चा में हैं। इसकी वजह उनका एक ऐसा फैसला है, जिसने कॉर्पोरेट जगत से लेकर जैन समाज तक लोगों का ध्यान खींचा है। अक्षिता ने 50 लाख रुपये सालाना पैकेज वाली अपनी नौकरी छोड़कर आध्यात्म और संयम का रास्ता चुनने का फैसला किया है। खास बात यह है कि उनकी मां शिरोमणी भी उनके साथ सांसारिक जीवन का त्याग कर जैन साध्वी बनने जा रही हैं।

अक्षिता जैन और उनकी मां की यह कहानी सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बनी हुई है। दोनों के वीडियो और उनसे जुड़ी पोस्ट तेजी से वायरल हो रही हैं। इनमें अक्षिता अपने जीवन, करियर और साध्वी बनने के फैसले के पीछे की वजह बता रही हैं। मां-बेटी की यह जोड़ी अब सुख-सुविधाओं से भरी जिंदगी छोड़कर आध्यात्म की राह पर आगे बढ़ने की तैयारी कर रही है।

कौन हैं अक्षिता जैन, जिन्होंने छोड़ा 50 लाख का पैकेज?

  • 37 साल की अक्षिता जैन गुरुग्राम में रहती हैं और एक हाई-प्रोफाइल सॉफ्टवेयर इंजीनियर रही हैं। उन्होंने आईआईएम बेंगलुरु से एमबीए की पढ़ाई पूरी की है। अपने करियर के दौरान उन्होंने फिएट, मर्सिडीज-बेंज और फॉक्सवैगन जैसी बड़ी कंपनियों में काम किया है।
  • अक्षिता ने इन कंपनियों में ग्लोबल स्तर पर जिम्मेदारियां संभालीं। वह फॉक्सवैगन में करीब 50 लाख रुपये सालाना के पैकेज पर काम कर रही थीं। इतना शानदार करियर और अच्छी सैलरी होने के बावजूद उन्होंने नौकरी छोड़कर साध्वी बनने का फैसला किया है।
  • उनके इस फैसले ने लोगों के मन में सवाल खड़ा कर दिया है कि आखिर इतनी अच्छी नौकरी और सुख-सुविधाओं वाली जिंदगी छोड़ने के पीछे क्या वजह रही?

अक्षिता ने क्यों लिया साध्वी बनने का फैसला?

  • अक्षिता जैन के मुताबिक, उनके जीवन में बदलाव की एक बड़ी वजह आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI से जुड़ा काम बना। जब उनकी कंपनी में AI पर काम शुरू हुआ, तब उन्हें डेटा सेंटर बनाने की प्रक्रिया के बारे में जानकारी मिली।
  • अक्षिता ने महसूस किया कि डेटा सेंटर के निर्माण के लिए बड़े पैमाने पर जमीन की खुदाई की जाती है। इससे मिट्टी में रहने वाले छोटे-छोटे जीवों को नुकसान पहुंचता है। जैन धर्म में इसे जीवों की हिंसा या विराधना से जोड़कर देखा जाता है।
  • अक्षिता के मन में जीवों के प्रति करुणा और अहिंसा का भाव गहराता गया। इसी सोच ने उन्हें अपनी जीवनशैली और प्राथमिकताओं पर दोबारा विचार करने के लिए प्रेरित किया।
  • धीरे-धीरे उनका झुकाव आध्यात्म और जैन धर्म की शिक्षाओं की ओर बढ़ा। आखिरकार उन्होंने कॉर्पोरेट करियर छोड़कर संयम का रास्ता अपनाने का निर्णय लिया।

मां शिरोमणी भी छोड़ेंगी सांसारिक जीवन, 37 साल तक IOCL में किया काम

  • अक्षिता जैन की मां शिरोमणी की कहानी भी काफी प्रेरणादायक है। उन्होंने इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (IOCL) में करीब 37 साल तक सेवाएं दीं। वह कंपनी में चीफ मैनेजर के पद पर कार्यरत थीं और अक्टूबर 2025 में रिटायर हुई थीं।
  • पति के निधन और परिवार से जुड़ी जिम्मेदारियां पूरी करने के बाद शिरोमणी का झुकाव आध्यात्म की ओर बढ़ने लगा। गुरुग्राम में रहने के दौरान वह जैन साध्वियों के संपर्क में आईं।
  • उनके सानिध्य में रहने के बाद उन्होंने भी सांसारिक मोह-माया छोड़कर तप और वैराग्य का मार्ग चुनने का फैसला किया।
  • इस तरह अब मां और बेटी दोनों एक साथ जैन साध्वी बनने जा रही हैं। एक तरफ अक्षिता ने लाखों रुपये के सालाना पैकेज वाली नौकरी छोड़ी है, तो दूसरी तरफ उनकी मां ने भी लंबी नौकरी और पारिवारिक जीवन के बाद आध्यात्म का रास्ता चुना है।

साध्वी पूर्णप्रज्ञाश्री के सानिध्य में मां-बेटी ने की तैयारी

  • मां-बेटी अब पूरी तरह से संयम और आत्मकल्याण के मार्ग पर चलने के लिए तैयार हैं। वे साध्वी पूर्णप्रज्ञाश्री के सानिध्य में रहकर दीक्षा की तैयारी कर रही हैं।
  • शिरोमणी पहले ही कई कठिन तप और धार्मिक अनुष्ठान पूरे कर चुकी हैं। जैन परंपरा में दीक्षा लेने का अर्थ सांसारिक जीवन, सुख-सुविधाओं और मोह-माया का त्याग करके साधु-साध्वी के नियमों के अनुसार जीवन बिताना होता है।
  • अक्षिता और शिरोमणी का यह फैसला उनके जीवन में एक बड़े बदलाव की शुरुआत है। अब दोनों अपनी जिंदगी आध्यात्म, तपस्या और आत्मकल्याण के लिए समर्पित करने जा रही हैं।

जोधपुर में निकलेगा वरघोड़ा, 25 फरवरी को चेन्नई में दीक्षा समारोह

  • दीक्षा से पहले मंगलवार को राजस्थान के जोधपुर में अक्षिता जैन और उनकी मां शिरोमणी का भव्य वरघोड़ा यानी शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें जैन समाज के साधु-साध्वियों के साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
  • इसके बाद 25 फरवरी को चेन्नई में विधिवत दीक्षा समारोह आयोजित किया जाएगा। दीक्षा ग्रहण करने के बाद मां-बेटी हमेशा के लिए सांसारिक जीवन को अलविदा कह देंगी और संयम तथा आध्यात्म के मार्ग पर आगे बढ़ेंगी।