करीब 15 फीट लंबे इस अजगर को हिसार एयरपोर्ट परिसर से रेस्क्यू किया गया। अजगर ने कोई बड़ी चीज निगली है, जिसे वो पचा नहीं पा रहा है। 

रोहतक। आमतौर पर आपने 8-10 फीट के अजगर देखे होंगे। इससे बड़े अजगर कम ही मिलते हैं। हरियाणा के 25 साल के इतिहास में ऐसा पहली बार सामने आया है, जब 15 फीट लंबा अजगर पकड़ा गया हो। यह अजगर हिसार एयरपोर्ट के परिसर से पकड़ा गया। उसे रोहतक के मिनी जू में ट्रीटमेंट के लिए रखा गया है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

रोहतक मिनी जू के डॉ. अशोक खासा ने बताया कि अजगर ने कोई बड़ी चीज निगल ली है, जिसे वो पचा नहीं पा रहा है। अजगर के पेट में दो-तीन जगह चोट के निशान हैं। अजगर को कुछ दिन देखभाल के बाद अरावली या फिर पहाड़ी क्षेत्र के जंगलों में छोड़ दिया जाएगा। 

हिसार रेंज के मंडलीय वन्य प्राणी अधिकारी पवन ग्रोवर के मुताबिक, अजगर देखे जाने की सूचना पर रोहतक रेंज के मंडलीय वन्य प्राणी अधिकारी दीपक और रोहतक चिड़ियाघर संपर्क किया गया। इसके बाद टीम ने बुधवार सुबह करीब 11:30 बजे एयरपोर्ट से अजगर को पकड़ा। 

यह अजगर इंडियन रॉक पाइथन प्रजाति का है। यह प्रजाति भारत व पड़ोसी देशों में पाई जाती है। यह अजगर सामान्यत: जल स्रोतों के आसपास रहता है। हालांकि यह शांत स्वभाव का होता है, लेकिन खतरा देखकर हमला करने से भी नहीं डरता।