मुख्यमंत्री रघुवर दास ने बुधवार को दावा किया कि राज्य की भाजपा सरकार ने घोटालों के लिए जाने जाने वाले इस राज्य को पांच वर्षों के लिए बेदाग सरकार दी

रांची: झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास ने बुधवार को दावा किया कि राज्य की भाजपा सरकार ने घोटालों के लिए जाने जाने वाले इस राज्य को पांच वर्षों के लिए बेदाग सरकार दी। रघुवर दास ने यहां राज्य विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा का घोषणापत्र जारी करने के कार्यक्रम में कहा, ''हमारी सरकार ने भ्रष्टाचार मुक्त झारखंड बनाने के लिए निगरानी विभाग को मजबूत बनाया जिससे कई भ्रष्ट अधिकारी पकड़े गए।''

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

उन्होंने कहा,''हमने जो विकास किया उसे जनता ने देखा है। 'स्कैम' (घोटाला) झारखंड की छवि को बदलकर पहली बार भाजपा ने एक बेदाग सरकार देने का काम किया।'' घोषणापत्र जारी करते हुए मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि 2014 में भाजपा ने जो वादे जनता से किये थे उनमें से 90 फीसदी वादे पूरे किये गए। दास ने कहा,''हम मानते हैं कि घोषणापत्र महज कागज का टुकड़ा नहीं बल्कि गीता, कुरान और बाइबिल की तरह पवित्र ग्रंथ है। इस संकल्प को भाजपा सरकार सिद्धि तक लेकर जाएगी।''

लोकतंत्र में हिंसा का स्थान नहीं

मुख्यमंत्री ने भावी योजनाओं के संबंध में कहा कि इस सरकार की योजना रोजगार को बढ़ावा देना है। इसी के तहत आदित्यपुर में मेट्रो रेल कोच का प्लांट लगाने की घोषणा की गयी है। वहीं दो स्टील प्लांट चतरा और मनोहरपुर में बनाने का काम चल रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि 546 नयी औद्योगिक इकाइयों का शिलान्यास हुआ है, जिससे 71 हजार करोड़ रुपये का निवेश झारखंड को मिलेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि उग्रवादमुक्त झारखंड सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने माओवादियों से आत्मसमर्पण करने और मुख्यधारा में शामिल होने की अपील की। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में हिंसा का स्थान नहीं है।

उन्होंने कहा कि राज्य के प्रमुख शहरों में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए पुलिस कमिशनरी की स्थापना होगी।