झारखंड के लोहरदगा जिले में तेज रफ्तार कार ने कई लोगों को रौंद दिया इस हादसे में दो महिलाओं की मौत हो गई जबकि कई लोग घायल हैं। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने ड्राइवर की जान बचाई। गुस्साए लोगों ने सड़क जाम की। 

लोहरदगा. झारखंड में रफ्तार का कहर के कारण दो महिलाओं की मौत हो गई है। एक अनियंत्रित आल्टो कार ने सड़क किनारे खड़े करीब आधा दर्जन लोगों को सोमवार देर रात रौंद दिया। कार से टक्कर लगने के बाद लोग सड़क पर इधर-उधर गिर गए जिस कारण से दो महिलाओं की मौत हो गई। जबकि कार चालक समेत अन्य लोग घायल हो गए। घायलों का विभिन्न अस्पतालों में इलाज चल रहा है। घटना के बाद तेज रफ्तार कार सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। चालक कार के स्टेयरिंग में काफी देर तक फंसा रहा। स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद कार चालक को बाहर निकाला। घटना लोहरदगा जिले के लोहरदगा-रांची में सदर थाना क्षेत्र के मन्हो जोबला टोली के पास की है। सूचना पर सदर थाना की पुलिस भी मौके पर पहुंची। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

आधा दर्जन से अधिक लोग हुए घायल
इस दुर्घटना में सड़क किनारे खड़ी चार महिलाएं समेत आधा दर्जन लोग घायल हुए। आनन-फानन में सभी को अस्पताल पहुंचाया गया। जहां इलाज के दौरान हिरहि तुरिया टोला निवासी कविता उरांव (50) और सोहरा उरांव (45) की मौत हो गई। जबकि महिला बिरसी उरांव और कार चालक की हालत गंभीर है। बिरसी उरांव को रांची के रिम्स रेफर कर दिया गया। लोगों ने समझदारी दिखाते हुए कार के स्टेयरिंग में फंसे चालक को किसी तरह बाहर निकाला। जिससे उसकी जान बच गई। कार के पेड़ से टकराने के बाद चालक कार के स्टेयरिंग में फंस गया था। 

लोगों ने सड़क जाम किया
बताया जा रहा है कि सड़क किनारे साथ खड़े सभी लोग मजदूरी कर अपने घर वापस आ रहे थे। इसी क्रम में लोग सड़क किनारे खड़े थे। इसी दौरान लोहरदगा से रांची की ओर जा रही अनियंत्रित कार ने चार महिलाएं समेत अन्य लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। घटना के बाद कार भी सड़क किनारे एक पेड़ से टकरा गई। दो महिलाओं की मौत की सूचना पाकर स्थानीय लोगों ने सड़क को जाम कर दिया। पुलिस में काफी समझा-बुझाकर मामले को शांत कराया और लोगों को मृतकों के आश्रितों को मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया। ऑल्टो कार लोहरदगा जिले के सेन्हा थाना क्षेत्र के सेरेंगहातु तोड़ार निवासी नसीम अंसारी की बताई जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि चालक कार काफी रफ्तार में चला रहा था।

इसे भी पढ़ें-  झारखंड में दरिंदगी की हदें पार: ऑटो में सवार लड़की से की हरकतें, पूरी रात चीखती रही और वो बरपाता रहा कहर