झारखंड में अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हो चुके है कि वो लोग विटनेस को दिन दहाड़े कोर्ट रुम में धमकी दे रहे है। साथ ही बारह उन पर फायर कर जान से मारने की भी कोशिश की जा रही है। रांची में दी केस वापस लेने की धमकी, पलामू में गवाहों पर फायरिंग कर हत्या का प्रयास

रांची.  झारखंड हाईकोर्ट ने बीते दिनों राज्य में गवाहों के ऊपर हो रहे हमले को लेकर स्वत: संज्ञान लेते हुए सरकार से जवाब मांगा था, कि राज्य में गवाहों की सुरक्षा की कोई व्यवस्था है या नहीं? इसके अलावा सरकार से पूछा था कि गवाहों की सुरक्षा के लिए सरकार क्या कर रही है। इसके बावजूद राज्य में गवाह सुरक्षित नहीं हैं। बुधवार को राजधानी रांची और पलामू में फिर से गवाहों के ऊपर हमला किया गया और उनपर दबाव बनाने की कोशिश की गई। इससे साफ नजर आता है कि राज्य में अपरोधियों का हौसला कितना बढ़ा हुआ है। वे खुलकर अपराध करते हैं, और अगर कोई उनके कुकृत्य की गवाही देना चाहते हैं तो उन्हें या तो मार देते हैं या फिर मारपीट कर उनपर दबाव बनाया जाता है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

केस वापस लेने की धमकी देते हुए रांची के बार भवन में दिनदहाड़े गवाहों को डराया
अपराधियों के हौसले कितने बुलंद हैं आप इसका अंदाजा इसी बात से लगा सकते हैं, कि कोर्ट परिसर में आरोपी केस करने वालों को ही धमकी दे रहा है। रांची के धुर्वा के रहने वाले पंकज कुमार सिंह पर आर्मी में भर्ती के नाम पर झारखंड सहित देश के अन्य राज्यों के अभ्यर्थियों से करोड़ों रुपये की ठगी का आरोप है। बुधवार को इसी केस के सिलसिले में अभियुक्त पंकज सिंह कोर्ट पहुंचा था। साथ ही ठगी के शिकार वादी भी कोर्ट पहुंचे थे। इसी दौरान पंकज सिंह ने गवाही देने आये पीड़ितों को उनके वकील के सिरिस्ता में जाकर पहले सेटलमेंट करने का प्रलोभन दिया, और जब वादी नहीं माने तो उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी। अंततः किसी भी सूचक की गवाही दर्ज नहीं हो सकी। अभियोजन पक्ष के अधिवक्ता रुद्रकांत मिश्रा ने उपरोक्त जानकारी देते हुए बताया कि उनके क्लाइंट ने उन्हें यह जानकारी दी की आरोपी पंकज सिंह कोर्ट परिसर में गवाहों और वादियों को धमका रहा है। 

पलामू में भाजपा नेता हत्याकांड के गवाह और बीजेपी नेता पर फायरिंग, बाल-बाल बचे
बीते दिनों पलामू में भाजयुमो के जिला कोषाध्यक्ष सुमित श्रीवास्तव हत्याकांड के गवाह पर अज्ञात अपराधियों ने फायरिंग कर हत्या का प्रयास किया। अपराधी अपने मकसद में कामयाब नहीं हो सके। अज्ञात अपराधियों ने रात में भाजपा किसान मोर्चा के जिला मंत्री सह हरिहरगंज डाकबंगला निवासी सूर्यांशू प्रियदर्शी की कार पर अज्ञात अपराधियों ने गोली चलाई, जिसमें वे बाल-बाल बच गए। वे अपने दोस्त सह भाजपा ओबीसी मोर्चा के मंडल अध्यक्ष अनीश कुमार को उनके घर कटैया गांव से छोड़कर अपनी कार से लौट रहे थे। इस संबंध में प्रभारी थाना प्रभारी निर्भय कुमार ने बताया कि घटनास्थल से एक गोली का खोखा बरामद किया गया है। पुलिस दो अज्ञात अपराधियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान में जुट गई है। सूर्यांशू भाजपा नेता सुमित श्रीवास्तव हत्याकांड का गवाह है। सुमित श्रीवास्तव की हत्या 13 नवंबर 2021 की रात हरिहरगंज अस्पताल के समीप उनकी कार में ही हत्या कर दी गयी थी। परिजनों ने तीन लोगों पर हत्या की नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई थी। पुलिस ने एक को गिरफ्तार कर जेल भेजा था, जबकि दो ने आत्मसमर्पण किया था। 

राज्य में बेलगाम हैं अपराधी, गवाहों की हो रही है हत्या 
बता दें कि, झारखंड के रांची, जमशेदपुर, धनबाद, देवघर, गुमला सहित कई शहरों में हत्या और लूट की कई बड़ी घटनाएं हो रही है। पीछले महीने जमशेदपुर में मनप्रीत की हत्या कर दी गई थी। वो फायरिंग मामले में पंजाब से गवाही देने आया हुआ था। इसके अलावा आदित्यपुर में अपराधियों ने गोली मार कर 3 लोगों आशीष गोराई, राजू गोराई और सुधीर चटर्जी की हत्या कर दी थी। रांची मेन रोड के पास स्थित ओल्ड कमिश्नर कंपाउंड में एक प्रसिद्ध ज्यूलर्स राजेश कुमार पॉल की हत्या अपराधियों ने दिनदहाड़े गोली मारकर कर दी थी। अपराधियों ने उनकी दुकान से लाखों के जेवरात भी लूट लिये थे। इससे पहले बीते 30 मई को शहर के बड़े रियल एस्टेट कारोबारी को भी गैलेक्सिया मॉल के पास अपराधियों ने गोलियों से भून डाला था। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने ऐसी घटनाओं पर चिंता जाहिर करते हुए कहा है कि वो कैबिनेट में भी ये मसला उठाएंगे।

यह भी पढ़े- प. सिंहभूम में सात लोगों की मौत के बाद पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम, घर-घर जाकर मौत का कारण जानने की कोशिश की