मझिआंव में तेज बारिश के बीच दर्जन भर लोग एक महुआ के पेड़ के नीचे रुक गये तभी उन पर यह वज्रपात हो गया। छह लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी जबकि पांच अन्य घायल हो गये। घायलों में दो की अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मौत हो गयी। मृतकों में अधिकतर युवक थे।

गढ़वा. झारखंड के गढ़वा जिले में मझिआंव के पासी टोला में बृहस्पतिवार पूर्वाह्न लगभग 12 बजे वज्रपात की घटना में आठ लोगों की मौत हो गई जबकि तीन लोग घायल हो गए हैं। घायलों को मझिआंव के रेफरल अस्पताल से गढ़वा के सदर अस्पताल भेज दिया गया है। मझिआंव में तेज बारिश के बीच दर्जन भर लोग एक महुआ के पेड़ के नीचे रुक गये तभी उन पर यह वज्रपात हो गया। छह लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी जबकि पांच अन्य घायल हो गये। घायलों में दो की अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मौत हो गयी। मृतकों में अधिकतर युवक थे। घायलों की स्थिति गंभीर है लेकिन वे खतरे से बाहर बताये गये हैं। मरने वालों की पहचान कृष्णा चौधरी, अंतू पटवा, शुभम कुमार, पवन कुमार, संजय चौधरी, सुनील चौधरी, राजू चौधरी, तथा सोनू चौधरी के रूप में हुई है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

घटना की पुष्टि गढ़वा के एसडीपीओ ओम प्रकाश तिवारी ने की है और बताया कि छह लोगों की मौत घटनास्थल पर ही हो गई थी। इस बीच मुख्यमंत्री रघुवर दास ने गढ़वा में वज्रपात से हुई आठ लोगों की मौत पर दुःख जताया है। उन्होंने उपायुक्त को मृतकों के आश्रितों को उचित मुआवजा देने का निर्देश दिया है। मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद सभी मृतकों के आश्रितों को 4-4 लाख रुपये का मुआवजा दिया जा रहा है।
(नोट- यह खबर समाचार एजेंसी भाषा की है, एशियानेट हिंदी टीम ने सिर्फ हेडलाइन में बदलाव किया है।)