Cocopeat vs Soil: क्या कोकोपीट मिट्टी से बेहतर होता है? पौधों की अच्छी ग्रोथ के लिए कौन-सा ग्रोइंग मीडियम चुनें? बीज उगाने के लिए कोकोपीट क्यों इस्तेमाल किया जाता है? गमलों के लिए सबसे अच्छा पॉटिंग मिक्स कैसे तैयार करें? जानें-

Best Soil for Plants: अगर आप घर में गार्डनिंग करते हैं, तो यह जरूर जानते होंगे कि पौधों की अच्छी ग्रोथ के लिए सही मिट्टी चुनना कितना जरूरी होता है। कई बार पौधे लगाने के बावजूद उनकी ग्रोथ नहीं हो पाती। आजकल गार्डनिंग में मिट्टी के साथ-साथ कोकोपीट का भी खूब इस्तेमाल किया जाता है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि कोकोपीट क्या होता है, मिट्टी और कोकोपीट में क्या अंतर है और पौधे लगाने के लिए इनमें से कौन-सा ऑप्शन बेहतर माना जाता है? आइए जानते हैं।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

क्या होती है गार्डन सॉइल?

गार्डन सॉइल यानी नेचुरल मिट्टी, पौधों के लिए सबसे ज्यादा यूज की जाती है। हालांकि, यह थोड़ी भारी होती है और इसकी पानी रोकने की क्षमता मिट्टी के प्रकार पर निर्भर करती है। अगर मिट्टी बहुत ज्यादा चिकनी या भारी हो, तो उसमें पानी जमा हो सकता है, जिससे पौधों की जड़ों को नुकसान पहुंच सकता है। हालांकि मिट्टी में कई जरूरी पोषक तत्व मौजूद होते हैं, जो पौधों की ग्रोथ में मदद करते हैं। कुछ प्रकार की मिट्टी में हवा का प्रवाह कम होता है, जबकि हल्की और भुरभुरी मिट्टी में जड़ों को पर्याप्त ऑक्सीजन मिलती है, जिससे पौधे तेजी से बढ़ते हैं।

और पढे़ं- Garden Soil Alert: गार्डन की मिट्टी में छिपी कमी बता देंगे ये 5 संकेत, तुरंत करें उपाय

क्या होता है कोकोपीट?

कोकोपीट नारियल के छिलकों से तैयार किया जाता है। यह बेहद हल्का और स्पंजी होता है और लंबे समय तक नमी बनाए रखने में मदद करता है। हालांकि इसमें मिट्टी की तुलना में पोषक तत्व बहुत कम होते हैं, लेकिन इसकी बनावट ऐसी होती है कि पौधों की जड़ों को भरपूर हवा मिलती है। यही कारण है कि बीज अंकुरण और नर्सरी तैयार करने के लिए कोकोपीट को बेहद अच्छा माना जाता है। अगर आप बीज से पौधे तैयार करना चाहते हैं, तो कोकोपीट एक बेहतरीन ऑप्शन हो सकता है।

कोकोपीट और मिट्टी में पौधे लगाना, क्या है सही?

कोकोपीट का इस्तेमाल बीजों से पौधे तैयार करने और मनी प्लांट, पोथोस जैसी बेल वाले पौधे के लिए किया जाता है। हालांकि इसमें पोषक तत्व कम होने के कारण समय-समय पर खाद देना जरूरी होता है। वहीं मिट्टी में लगभग हर प्रकार के पौधे लगाए जा सकते हैं। लेकिन अगर मिट्टी बहुत भारी हो, तो उसमें पानी जमा होने लगता है, जिससे जड़ें सड़ सकती हैं और पौधे की ग्रोथ प्रभावित हो सकती है।

पौधे लगाने के लिए कैसे तैयार करें सही मिट्टी?

गमलों में पौधे लगाने के लिए सिर्फ मिट्टी या सिर्फ कोकोपीट का इस्तेमाल करने के बजाय दोनों का मिश्रण सबसे अच्छा माना जाता है। इसके लिए बराबर मात्रा में कोकोपीट और मिट्टी मिलाएं। फिर उसमें थोड़ी मात्रा में वर्मी कम्पोस्ट या गोबर खाद मिला दें। इस मिश्रण में नमी लंबे समय तक बनी रहती है। जड़ों को पर्याप्त हवा मिलती है। पौधों को आवश्यक पोषण मिलता है और पौधों की ग्रोथ बेहतर होती है। इस तैयार मिश्रण में आप गुलाब, गुड़हल, टमाटर, मिर्च, धनिया, पालक, स्नेक प्लांट, मनी प्लांट और पीस लिली जैसे लगभग सभी पौधे आसानी से उगा सकते हैं।

सबसे ज्यादा सर्च किए जाने वाले सवाल

1. क्या सिर्फ कोकोपीट में पौधे उगाए जा सकते हैं?

हां, लेकिन लंबे समय तक अच्छी ग्रोथ के लिए नियमित रूप से खाद और पोषक तत्व देना जरूरी होता है।

2. बीज अंकुरित करने के लिए मिट्टी या कोकोपीट, कौन बेहतर है?

बीज अंकुरण के लिए कोकोपीट बेहतर माना जाता है।

3. गमलों के लिए सबसे अच्छा पॉटिंग मिक्स क्या है?

बराबर मात्रा में मिट्टी और कोकोपीट मिलाकर उसमें वर्मी कम्पोस्ट या गोबर खाद मिलाएं।