Egg Shells for Plants: अंडे के छिलके पौधों के लिए कैसे इस्तेमाल करें? जानें सही तरीका, फायदे, नुकसान और किन पौधों में इन्हें डालना चाहिए और किनमें नहीं।

घर में अंडे का सेवन होता है और अब छिलकों को अक्सर कूड़े में फेंक देते हैं तो जरा ठहर जाइए। यही बेकार समझे जाने वाले छिलके आपके गमले में लगे पौधों के बेहद काम आ सकते हैं। अंडों के छिलकों में मौजूद कैल्शियम मिट्टी के लिए उपयोगी होता है, जरूरत है तो बस सही तरीके से इस्तेमाल करने की। हालांकि, इन्हें गमले में डालना जितना आसान लगता है, उतना ही जरूरी है यह जानना कि कौन से पौधों में अंडे के छिलके डालने चाहिए, कितनी मात्र में इस्तेमाल करना चाहिए और किन पौधों में इसका इस्तेमाल नहीं करना चाहिए। अगर आप भी घर के किचन वेस्ट को स्मार्ट तरीके से इस्तेमाल करना चाहते हैं, तो अंडे के छिलकों से जुड़ी ये बातें जरूर जान लें।

अंडे के छिलके पौधों में कैसे डालें?

  • सबसे पहले छिलकों को अच्छी तरह धो लें, ताकि अंडे के बचे हुए हिस्से और गंध को हटाया जा सके। इसके बाद इन्हें धूप में पूरी तरह सुखाएं।
  • सूखने के बाद छिलकों को हाथ से छोटे टुकड़ों में तोड़ सकते हैं या पीसकर पाउडर बना सकते हैं। बारीक पाउडर मिट्टी के साथ मिलाना ज्यादा सुविधाजनक होता है।
  • इसे गमले की ऊपरी मिट्टी में थोड़ी मात्रा में मिलाएं। चाहें तो सूखे छिलकों को घर की कंपोस्ट में भी शामिल कर सकते हैं।

पौधों में अंडे के छिलके डालने के फायदे

1. कैल्शियम का स्रोत

अंडे के छिलकों में कैल्शियम कार्बोनेट होता है, जो धीरे-धीरे टूटने के दौरान मिट्टी में कैल्शियम उपलब्ध करा सकता है।

2. किचन वेस्ट का बेहतर इस्तेमाल

छिलकों को फेंकने के बजाय दोबारा इस्तेमाल करने से घर के जैविक कचरे को कम करने में मदद मिलती है।

3. मिट्टी में धीरे-धीरे मिलते हैं

बारीक पिसे छिलके समय के साथ मिट्टी में टूटते हैं। इसलिए इन्हें तुरंत असर करने वाली खाद के बजाय धीमे काम करने वाले पूरक की तरह देखा जाना चाहिए।

अंडे के छिलके इस्तेमाल करने के नुकसान

1. हर पौधे के लिए जरूरी नहीं

अगर मिट्टी में पहले से पर्याप्त कैल्शियम मौजूद है, तो अतिरिक्त छिलके डालने से खास फायदा नहीं मिलेगा।

2. मिट्टी का पीएच प्रभावित हो सकता है

अंडे के छिलकों में मौजूद कैल्शियम कार्बोनेट मिट्टी की अम्लता को कम करने में योगदान दे सकता है। इसलिए ऐसे पौधों में इनका ज्यादा इस्तेमाल नहीं करना चाहिए जिन्हें अम्लीय मिट्टी पसंद होती है।

3. तुरंत परिणाम नहीं मिलता

छिलके धीरे-धीरे टूटते हैं। इसलिए इन्हें डालने के बाद पौधे की ग्रोथ तुरंत बढ़ने की उम्मीद नहीं करनी चाहिए।

4. गंदे छिलके समस्या पैदा कर सकते हैं

अगर छिलकों पर अंडे के अवशेष लगे हों और उन्हें सीधे गमले में डाल दिया जाए, तो बदबू या कीटों की परेशानी हो सकती है।

किन पौधों में अंडे के छिलके डाल सकते हैं?

  • टमाटर – कैल्शियम की कमी होने पर उपयोगी हो सकते हैं।
  • मिर्च – गमले में उगाई गई मिर्च में सीमित मात्रा में इस्तेमाल किया जा सकता है।
  • बैंगन – मिट्टी में कैल्शियम की उपलब्धता बढ़ाने के लिए इस्तेमाल कर सकते हैं।
  • भिंडी – सब्जियों वाले गमलों में छिलकों का पाउडर मिलाया जा सकता है।
  • खीरा – जरूरत होने पर थोड़ी मात्रा में इस्तेमाल किया जा सकता है।
  • स्क्वैश और कद्दू – कैल्शियम की जरूरत वाले सब्जी पौधों में इसका इस्तेमाल किया जाता है।
  • ब्रोकली और पत्तागोभी- बगीचे की मिट्टी में सीमित मात्रा में मिलाया जा सकता है।
  • गुलाब – मिट्टी में कैल्शियम की कमी होने पर थोड़ी मात्रा में इस्तेमाल किया जा सकता है।
  • गेंदा – अच्छी तरह तैयार मिट्टी में कम मात्रा में मिलाया जा सकता है।

किन पौधों में सावधानी रखें?

ब्लूबेरी, अजलिया, गार्डेनिया और कैमेलिया जैसे अम्लीय मिट्टी पसंद करने वाले पौधों में अंडे के छिलकों का ज्यादा इस्तेमाल न करें, क्योंकि छिलके मिट्टी की अम्लता को कम करने की दिशा में काम कर सकते हैं।

किन बातों का रखें ध्यान?

  • छिलकों को इस्तेमाल करने से पहले अच्छी तरह धोएं।
  • उन्हें पूरी तरह सुखाने के बाद ही गमले में डालें।
  • छिलकों को बारीक पीसकर इस्तेमाल करना बेहतर है।
  • एक साथ बहुत ज्यादा मात्रा न डालें।
  • हर पौधे की मिट्टी की जरूरत अलग होती है, इसलिए बिना सोचे सभी गमलों में इसका इस्तेमाल न करें
  • अंडे के छिलकों को पौधे की पूरी खाद न समझें। पौधों को दूसरे जरूरी पोषक तत्व भी चाहिए होते हैं