Puri Khaja Recipe: रथयात्रा के शुभ अवसर पर घर में भगवान जगन्नाथ को भोग लगाने के लिए परतदार और कुरकुरा खाजा तैयार करें। इस आसान रेसिपी में जानिए खाजा बनाने की सामग्री, परफेक्ट लेयर बनाने की ट्रिक, एक तार की चाशनी का सही तरीका और मंदिर जैसा स्वाद पाने के आसान टिप्स।

Odisha Sweet Recipe: रथयात्रा और भगवान जगन्नाथ की पूजा का जिक्र हो, तो पुरी के प्रसिद्ध महाप्रसाद खाजा का नाम सबसे पहले आता है। कुरकुरी, परतदार और हल्की मिठास से भरपूर यह पारंपरिक मिठाई सदियों से जगन्नाथ मंदिर के भोग का महत्वपूर्ण हिस्सा रही है। अच्छी बात यह है कि थोड़ी-सी सावधानी और सही तकनीक अपनाकर आप इस स्वादिष्ट खाजा को घर पर भी बना सकते हैं। आइए जानते हैं इसकी आसान रेसिपी, जिससे खाजा की परतें भी परफेक्ट बनेंगी और स्वाद भी बिल्कुल पारंपरिक लगेगा।

खाजा बनाने के लिए आवश्यक सामग्री

  • मैदा - 2 कप
  • देसी घी - 4 बड़े चम्मच (मोयन के लिए)
  • कॉर्नफ्लोर - 3 बड़े चम्मच
  • घी - 2 बड़े चम्मच (लेयर बनाने के लिए)
  • पानी - जरूरत अनुसार
  • तलने के लिए घी या रिफाइंड तेल
  • चीनी - 1½ कप
  • पानी - ¾ कप (चाशनी के लिए)
  • इलायची पाउडर - ½ छोटा चम्मच
  • कुछ बूंदें नींबू का रस (चाशनी में)

स्टेप 1: आटा तैयार करें

सबसे पहले एक बड़े बर्तन में मैदा और घी डालकर अच्छी तरह मिलाएं। अब थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए सख्त लेकिन मुलायम आटा गूंथ लें। आटे को गीले कपड़े से ढककर लगभग 20-25 मिनट के लिए रख दें, ताकि वह अच्छी तरह सेट हो जाए।

View post on Instagram

स्टेप 2: परतें तैयार करें

एक कटोरी में कॉर्नफ्लोर और पिघला हुआ घी मिलाकर स्मूद पेस्ट तैयार करें। अब आटे की 3-4 बराबर लोइयां बनाकर पतली रोटियां बेलें। पहली रोटी पर कॉर्नफ्लोर वाला मिश्रण लगाएं, फिर दूसरी रोटी रखें और दोबारा मिश्रण लगाएं। इसी तरह सभी रोटियों को एक के ऊपर एक रखें। अब इन्हें कसकर रोल करें और लगभग 1 इंच के टुकड़ों में काट लें। हर टुकड़े को हल्के हाथों से बेलें, ताकि खूबसूरत परतें बन सकें।

ये भी पढ़ें- Potato Snack Recipe: मास्टरशेफ स्टाइल क्रिस्पी आलू काला मसाला, घर पर मिनटों में बनाएं वायरल स्नैक

स्टेप 3: धीमी आंच पर तलें

कड़ाही में घी या तेल गर्म करें। आंच मध्यम से धीमी रखें और खाजा को धीरे-धीरे सुनहरा और कुरकुरा होने तक तलें। तेज आंच पर तलने से परतें ठीक से नहीं खुलेंगी, इसलिए धैर्य रखें और हर पीस को समान रूप से पकने दें।

स्टेप 4: चाशनी में डुबोकर तैयार करें

एक पैन में चीनी और पानी डालकर एक तार की चाशनी तैयार करें। इसमें इलायची पाउडर और नींबू की कुछ बूंदें डाल दें। तले हुए खाजा को 20-30 सेकंड के लिए चाशनी में डुबोएं और फिर जाली या प्लेट पर निकालकर ठंडा होने दें। ठंडा होने पर चाशनी की हल्की परत जम जाएगी और खाजा खाने के लिए तैयार होगा।

ये भी पढे़ं- Ginger Garlic Paste Storage: एक बार बनाएं और 6 महीने तक इस्तेमाल करें अदरक-लहसुन पेस्ट, शेफ की आसान किचन ट्रिक

परफेक्ट खाजा बनाने के आसान टिप्स

  • आटा हमेशा थोड़ा सख्त गूंथें, इससे परतें अच्छी बनती हैं।
  • कॉर्नफ्लोर और घी का मिश्रण सभी लेयर पर समान रूप से लगाएं।
  • खाजा को हमेशा धीमी आंच पर तलें।
  • चाशनी एक तार की ही रखें, ज्यादा गाढ़ी होने पर मिठाई सख्त हो सकती है।
  • पूरी तरह ठंडा होने के बाद एयरटाइट डिब्बे में रखें, ताकि कई दिनों तक इसकी कुरकुराहट बनी रहे।

इस आसान रेसिपी से आप घर पर ही जगन्नाथ मंदिर के प्रसिद्ध खाजा जैसा स्वाद और परतदार टेक्सचर तैयार कर सकते हैं। रथयात्रा, जन्माष्टमी या किसी भी शुभ अवसर पर इसे भोग के रूप में बनाकर परिवार और मेहमानों को पारंपरिक स्वाद का आनंद जरूर कराएं।

सोर्स- इंस्टाग्राम