Towel Cement Planter: पुराने तौलिए और सीमेंट की मदद से घर पर खूबसूरत प्लांटर बनाएं। जानें आसान तरीका, जरूरी सामान और इसे आकर्षक बनाने के टिप्स, को घर की सुंदरता में चार चांद लगाएंगे।

घर की सजावट में पौधों का अपना अलग ही आकर्षण होता है। लेकिन हर बार खूबसूरत प्लांटर खरीदने के लिए पैसे खर्च करना जरूरी नहीं है। अगर घर में कोई पुराना तौलिया रखा है, तो उसकी मदद से आप एक बेहद यूनिक सीमेंट प्लांटर बना सकते हैं। इसकी खासियत है कि इसे बनाने के लिए बहुत ज्यादा सामान की जरूरत नहीं पड़ती और इसका टेक्सचर भी बाकी प्लांटर्स से काफी अलग नजर आता है।

प्लांटर बनाने के लिए सामान

  • पुराना कॉटन तौलिया
  • सीमेंट
  • पानी, एक प्लास्टिक की बाल्टी या कटोरी
  • रबर के दस्ताने
  • एक्रेलिक पेंट

सबसे पहले तैयार करें सीमेंट का घोल

एक बड़े बर्तन में सीमेंट लें और उसमें थोड़ा-थोड़ा पानी डालकर अच्छी तरह मिलाएं। ध्यान रखें कि मिश्रण बहुत पतला न हो। इसका टेक्सचर ऐसा होना चाहिए कि तौलिए पर आसानी से चिपक सके। अब पुराने तौलिए को इस घोल में डालकर पूरी तरह भिगो दें। हाथों से तौलिए को हल्के से दबाकर देखें ताकि सीमेंट का मिश्रण कपड़े के हर हिस्से पर अच्छी तरह लग जाए।

ऐसे दें प्लांटर को शेप

अब एक प्लास्टिक की बाल्टी या कटोरी को उल्टा करके रखें। सीमेंट में भीगे तौलिए को इसके ऊपर डालें और चारों तरफ से अपनी पसंद के अनुसार सेट करें। तौलिए की प्राकृतिक सिलवटें ही प्लांटर को खूबसूरत और थोड़ा रस्टिक लुक देंगी। इसे बिना छेड़े 24 से 48 घंटे तक सूखने दें। जब सीमेंट पूरी तरह सख्त हो जाए, तो प्लांटर को धीरे-धीरे मोल्ड से अलग कर लें।

पेंट से बढ़ाएं प्लांटर की खूबसूरती

प्लांटर तैयार होने के बाद आप इसे सफेद, टेराकोटा, ब्लैक या अपनी पसंद के किसी भी रंग से पेंट कर सकते हैं। अगर आपको नेचुरल लुक पसंद है तो इसे बिना पेंट किए भी इस्तेमाल किया जा सकता है। पौधा लगाने से पहले नीचे ड्रेनेज होल जरूर रखें,ताकि अतिरिक्त पानी बाहर निकलता रहे। इसके बाद इसमें छोटे फूल वाले पौधे, हरे-भरे सजावटी पौधे या बालकनी में रखे जाने वाले छोटे प्लांट्स लगाए जा सकते हैं।

घर की सजावट में आएगा नया ट्विस्ट

इस DIY प्लांटर की सबसे खास बात इसका अनोखा टेक्सचर है। पुराने तौलिए की सिलवटें इसे ऐसा लुक देती हैं जो बाजार में मिलने वाले सामान्य प्लांटर्स से बिल्कुल अलग नजर आता है। कम खर्च में घर की बालकनी, छत या गार्डन कॉर्नर को नया रूप देने के लिए यह DIY आइडिया आजमा सकते हैं।