नवरात्रि से दिवाली तक घर सजाने के लिए पुरानी चूड़ियों को फेंकें नहीं! इनसे बनाएं ट्रेंडी वॉल हैंगिंग, ड्रीमकैचर, कैंडल होल्डर, फोटो फ्रेम और तोरण। ये DIY डेकोर आइडिया बजट में घर को देंगे फेस्टिव और स्टाइलिश लुक।

नवरात्रि से दिवाली तक घर को सजाने का मन है, लेकिन हर बार महंगे डेकोर आइटम खरीदना जरूरी नहीं। घर में रखी पुरानी और बेकार चूड़ियों को थोड़ी क्रिएटिविटी से खूबसूरत डेकोर पीस में बदला जा सकता है। चूड़ियों से बने ये DIY आइडिया न सिर्फ बजट फ्रेंडली हैं, बल्कि त्योहारों के दौरान घर की खूबसूरती भी बढ़ाते हैं। आइए जानते हैं, पुरानी चूड़ियों से कौन-कौन से ट्रेंडी डेकोर आइटम बनाए जा सकते हैं।

चूड़ियों से बनाएं खूबसूरत वॉल हैंगिंग

पुरानी रंग-बिरंगी चूड़ियों को गोल आकार में एक-दूसरे से जोड़कर आकर्षक वॉल हैंगिंग तैयार कर सकते हैं। इसे मोतियों, लेस, गोटा-पट्टी या छोटे मिरर से सजाएं। नवरात्रि में इसे पूजा वाले कोने की दीवार पर लगाया जा सकता है, जबकि दिवाली में इसमें फेयरी लाइट्स जोड़कर खूबसूरत लुक दिया जा सकता है।

DIY चूड़ी से बनाएं ड्रीमकैचर

चूड़ियों का इस्तेमाल करके घर पर ड्रीमकैचर जैसा डेकोर पीस बनाएं। चूड़ी के बीच ऊन या रंगीन धागे को क्रिस-क्रॉस पैटर्न में बांधें और नीचे मोती, पंख, रिबन या छोटे टैसल लगाएं। इसे बेडरूम, बालकनी या लिविंग रूम में टांगा जा सकता है।

चूड़ियों से बनाएं खूबसूरत कैंडल होल्डर

दिवाली के लिए पुरानी चूड़ियों से यूनिक कैंडल होल्डर तैयार किया जा सकता है। कई चूड़ियों को एक के ऊपर एक चिपकाकर मजबूत बेस बनाएं और बीच में छोटी मोमबत्ती या LED टी-लाइट रखें। गोल्डन या सिल्वर चूड़ियां इसे फेस्टिव और एलिगेंट लुक देंगी।

चूड़ी से बनाएं सजावटी फोटो फ्रेम

पुराने फोटो फ्रेम को नया लुक देने के लिए उसके किनारों पर रंगीन या डिजाइनर चूड़ियां चिपकाएं। बीच में अपनी पसंदीदा फोटो लगाएं और इसे फूलों, मोतियों या छोटे स्टोन से सजाएं। यह कम खर्च में घर की दीवार या टेबल को पर्सनल टच देने का अच्छा तरीका है।

चूड़ियों से बनाएं खूबसूरत तोरण

नवरात्रि और दिवाली में मुख्य दरवाजे को सजाने के लिए पुरानी चूड़ियों से आकर्षक तोरण बनाया जा सकता है। चूड़ियों को धागे में पिरोकर उनके साथ आम के पत्तों की आर्टिफिशियल लड़ियां, घंटियां, मोती और गोटा-पट्टी लगाएं। रंगों का कॉम्बिनेशन घर के फेस्टिव लुक को और खास बना देगा।