How to Clean Oil Bottle: तेल की बोतल पर जमी चिपचिपी परत और धूल हटाने के लिए बेकिंग सोडा, चावल और नींबू जैसे घरेलू उपाय आजमाएं। जानें सही तरीका और क्लीनिंग टिप्स।
किचन में बिना तेल कोई भी सब्जी बनाना पॉसिबल नहीं है, तेल रखने के लिए लोग डिब्बे, बोतल का इस्तेमाल करते हैं। लगातार यूज करने से बोतल अक्सर चिपचिपी हो जाती है और यहां धीरे-धीरे धूल जमा होने लगती हैं। कई बार तो साबुन से साफ करने के बाद इसकी चिकनाई नहीं जाती है। अगर आपकी बोतल भी चिपचिपी हो गई है तो उसे साफ करने के लिए महंगे क्लीनर की आवश्यकता नहीं है। इसकी बजाय घर में मौजूद कुछ चीजों से इसे क्लीन किया जा सकता है।
तेल की बोतल पर चिपचिपी परत बनती क्यों है?
तेल की पतली परत जब लंबे समय तक हवा, रोशनी और गर्मी के संपर्क में रहती है तो उसमें धीरे-धीरे रासायनिक बदलाव होते हैं। पुराना तेल ज्यादा गाढ़ा और चिपचिपा हो सकता है और उस पर धूल आसानी से चिपकती है। यही कारण है कि अभी-अभी गिरी तेल की बूंद और कई दिनों से जमी तेल की परत को साफ करने का तरीका अलग हो सकता है। अगर तेल ताजा है तो डिशवॉश और गुनगुना पानी काफी हो सकता है। लेकिन पुरानी चिपचिपी परत के लिए पहले उसे ढीला करना और फिर साफ करना ज्यादा आसान रहता है।
1) बेकिंग सोडा और डिशवॉश पेस्ट
अगर बोतल के मुंह, ढक्कन या बाहरी हिस्से पर मोटी चिकनाई जम गई है तो यह सबसे आसान घरेलू तरीकों में से एक है।
- 2 चम्मच बेकिंग सोडा लें
- इसमें थोड़ा लिक्विड डिशवॉश मिलाएं
- कुछ बूंद पानी डालकर गाढ़ा पेस्ट बना लें
- इसे चिपचिपी जगह पर अच्छी तरह लगाएं
- 15-20 मिनट के लिए छोड़ दें
- मुलायम स्पंज या पुराने टूथब्रश से धीरे-धीरे रगड़ें
- साफ पानी से धोकर पूरी तरह सुखा लें
2) बोतल के अंदर चिकनाई के लिए कच्चे का चावल
छोटी गर्दन वाली तेल की बोतल को अंदर से साफ करना सबसे मुश्किल काम होता है। हाथ या स्पंज अंदर नहीं पहुंचता और ब्रश भी हर कोने तक नहीं जा पाता। ऐसे में कच्चे चावल काम आ सकते हैं।
- बोतल को खाली करके पहले हल्के गुनगुने पानी से धो लें
- इसमें एक छोटी मुट्ठी कच्चे चावल डालें
- अब थोड़ा गुनगुना पानी डालें
- इसमें कुछ बूंद लिक्विड डिशवॉश मिलाएं
- ढक्कन अच्छी तरह बंद करें
- बोतल को 2-3 मिनट तक अलग-अलग दिशाओं में हिलाएं
- चावल अंदर की दीवारों से चिपकी गंदगी को घर्षण से ढीला करने में मदद करेंगे
- मिश्रण निकालकर बोतल को कई बार पानी से धो लें
- यह तरीका खासकर उन बोतलों में उपयोगी है जिनके अंदर ब्रश आसानी से नहीं पहुंचता
3) नींबू और नमक से हटाएं चिपचिपाहट
अगर बोतल के बाहर तेल की परत के साथ धूल भी चिपकी हुई है तो नींबू और थोड़ा मोटा नमक आजमा सकते हैं।
- आधा नींबू लें
- कटे हुए हिस्से पर थोड़ा मोटा नमक लगाएं
- इसे बोतल की बाहरी चिपचिपी सतह पर हल्के हाथ से रगड़ें
- कुछ मिनट के लिए छोड़ दें
- फिर गीले माइक्रोफाइबर कपड़े से साफ करें
- अंत में पानी से धोकर सुखा लें
बेकिंग सोडा और सिरका साथ मिलाना जरूरी नहीं
तेल की बोतल साफ करने के लिए बेकिंग सोडा और सिरका मिलाने का तरीका काफी लोकप्रिय है। दोनों को मिलाने पर झाग बनता है, लेकिन ज्यादा झाग बनने का मतलब यह नहीं है कि मिश्रण तेल पर भी उतना ही प्रभावी होगा। बेकिंग सोडा और सिरका एक-दूसरे के साथ प्रतिक्रिया करते हैं। इसलिए अगर आपका लक्ष्य चिपचिपी तेल की परत को हटाना है तो बेकिंग सोडा को डिशवॉश के साथ इस्तेमाल करना ज्यादा सीधा तरीका है।
बोतल में तेल भरने के टिप्स
पुरानी बोतल में थोड़ा तेल बचा है और आप उसके ऊपर नया तेल डालते जा रहे हैं तो यह आदत बदलना बेहतर है।पुराना तेल खत्म करें। बोतल धोने के बाद पूरी तरह सुखाएं और नया तेल भरें। बोतल के अंदर पानी या नमी बची हो तो उसमें तुरंत नया तेल न डालें। सफाई के बाद बोतल को अच्छी तरह खुला रखकर सूखने दें।
बोतल को दोबारा चिपचिपा होने से कैसे बचाएं?
- तेल डालने के बाद स्पाउट और उसके आसपास की जगह को सूखे कपड़े से पोंछ दें
- लगातार गर्मी तेल के ऑक्सीडेशन को बढ़ा सकती है
- तेल की बोतल को धूप वाली खिड़की या गर्म जगह पर रखने से बचें
- छोटी मात्रा में तेल भरने से सफाई और इस्तेमाल दोनों आसान रहते हैं
- अगर तेल बार-बार नीचे बह रहा है तो स्पाउट या ढक्कन की फिटिंग जांचें


