एक वायरल वीडियो में एक छोटी बच्ची अपनी दुल्हन बनी बुआ की विदाई पर उनसे लिपटकर ज़ोर-ज़ोर से रो रही है। वह अपनी बुआ को ससुराल जाने नहीं देना चाहती। यह भावुक वीडियो बुआ-भतीजी के प्यारे रिश्ते को दिखाता है और इंटरनेट पर लोगों का दिल जीत रहा है।

घर में बुआ यानी पापा की बहन से बच्चों का एक अलग ही लगाव होता है। मां-पापा के अलावा बुआ ही होती हैं, जो बच्चों की सबसे अच्छी दोस्त बन जाती हैं। खासकर जब बुआ की शादी नहीं हुई हो, तो भतीजे-भतीजियों की तो जान ही उनमें बसती है। लेकिन जब उसी लाडली बुआ की शादी होती है और विदाई का वक्त आता है, तो इन नन्हे शैतानों का दिल टूट जाता है। ऐसा ही एक बुआ-भतीजी का वीडियो इंटरनेट पर सबका दिल जीत रहा है, जिसे देखकर कई लोगों को अपने बचपन और अपनी प्यारी बुआ की याद आ गई।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

बचपन की यादें ताजा कर गया 'बुआ-भतीजी' का प्यार

बुआ की शादी में नाच-गाना और मस्ती तो खूब होती है, लेकिन जब विदाई का पल आता है तो माहौल एकदम से गमगीन हो जाता है। एक तरफ दुल्हन बनी बुआ अपना घर छोड़कर जाने के दुख में रोती है, तो दूसरी तरफ उसके प्यारे भतीजे-भतीजी भी उसे जाने नहीं देना चाहते। वो भी फूट-फूटकर रोने लगते हैं।

बुआ की 'विदाई' पर बिलख-बिलखकर रोई बच्ची

ऐसा ही एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें एक छोटी सी बच्ची अपनी दुल्हन बनी बुआ से लिपटकर ज़ोर-ज़ोर से रो रही है। ये वीडियो इतना इमोशनल है कि देखकर किसी की भी आंखें नम हो जाएं। वीडियो को PunjabCulture।in नाम के इंस्टाग्राम पेज से पोस्ट किया गया है। इसमें दुल्हन के जोड़े में सजी बुआ अपनी रोती हुई भतीजी को गले लगाए हुए है। बच्ची किसी भी हाल में अपनी बुआ को छोड़ने को तैयार नहीं है। बच्ची के मम्मी-पापा और बाकी रिश्तेदार भी इस पल में काफी भावुक नज़र आ रहे हैं। वीडियो में देखा जा सकता है कि परिवार वाले बच्ची को बुआ से अलग करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन वो मानने को तैयार नहीं है।

वीडियो देखने के बाद एक यूजर ने कमेंट किया, 'इस रिश्ते को शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता।' एक और यूजर ने लिखा, 'इसे भी बुआ के साथ ही भेज दो।' एक शख्स ने कमेंट किया कि ऐसे पल बहुत कम देखने को मिलते हैं, क्योंकि अक्सर लड़कों की शादी से पहले ही उनकी बहनों की शादी हो जाती है, जिससे ऐसा गहरा रिश्ता बन ही नहीं पाता। वहीं कुछ लोगों ने कमेंट्स में बताया कि उनकी शादी में भी बिल्कुल ऐसा ही हुआ था। कुल मिलाकर, इस वीडियो ने हजारों लोगों को इमोशनल कर दिया है।

View post on Instagram