सोशल मीडिया पर एक पिता का वीडियो वायरल हो रहा है, जो अपनी बेटी को सरप्राइज देने उसके नए ऑफिस पहुंच गए. बेटी को चॉकलेट के साथ उन्होंने एक प्यारा सा नोट भी दिया, जिसमें एक दिल छू लेने वाली बात लिखी थी.

सोशल मीडिया पर कई बार अनजान लोगों के कुछ वीडियो ऐसे होते हैं, जिन्हें देखकर हमारी आंखें भी नम हो जाती हैं। ये वीडियो भी कुछ ऐसा ही है। इसमें एक पिता और बेटी हैं। ये वीडियो दिखाता है कि बच्चे अपने मां-बाप के लिए कितने प्यारे होते हैं और हमेशा उनके लिए बच्चे ही रहते हैं। वीडियो में एक पिता अपनी बेटी को सरप्राइज देने के लिए उसके ऑफिस पहुंच जाते हैं।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

काव्या नाम की एक लड़की ने ये वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया है। उसने लिखा, 'मैंने एक हफ्ता पहले ही यहां नौकरी जॉइन की है। आज पापा मुझसे ऑफिस मिलने आए।' काव्या ऑफिस में काम कर रही थीं, तभी उनके पापा का फोन आया और उन्होंने खिड़की से बाहर देखने को कहा। काव्या ने जब बाहर देखा तो नीचे उनके पापा हाथ में गुलदस्ता लिए खड़े थे।

काव्या फौरन नीचे गईं। पापा ने गुलदस्ता देकर उसका स्वागत किया। साथ में एक चॉकलेट और एक प्यारा सा नोट भी दिया। नोट में लिखा था, 'मैं यहां ऑफिस का मुआयना करने नहीं आया हूं। मैं तो बस उस जगह को देखना चाहता था, जहां मेरी बेटी अपना करियर बनाना शुरू कर रही है।' वीडियो में दोनों सेल्फी लेते हुए भी दिखते हैं।

View post on Instagram

इस वीडियो पर हजारों लोग कमेंट कर रहे हैं। कई लोगों ने लिखा कि इसे देखकर उनकी आंखें भर आईं। यूजर्स यह भी कह रहे हैं कि ऐसा पिता मिलना किस्मत की बात है।