फिरोजाबाद में एक पति ने अपनी जिंदा पत्नी का पिंडदान कर दिया। पत्नी ने पति व ससुराल वालों पर उत्पीड़न और जान से मारने की धमकी का आरोप लगाते हुए पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगाई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

उत्तर प्रदेश से एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। यहां एक पति ने अपनी जिंदा पत्नी का ही पिंडदान कर दिया। वजह भी उतनी ही हैरान करने वाली है। यह घटना फिरोजाबाद के लाइनपार थाना क्षेत्र की है। यहां एक पति के अपनी पत्नी का पिंडदान करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। 2 अगस्त को जितेंद्र प्रकाश नाम के शख्स ने अपनी पत्नी का पिंडदान किया और इसका वीडियो अपने वॉट्सऐप स्टेटस पर भी शेयर किया। अब पीड़ित पत्नी दीपा स्वर्णकार ने अपने पति जितेंद्र प्रकाश और सास पर उत्पीड़न, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने पुलिस स्टेशन पहुंचकर सुरक्षा और FIR दर्ज करने की गुहार लगाई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

10 साल पहले हुई थी शादी

नागला विष्णु की रहने वाली दीपा स्वर्णकार की शादी 26 अगस्त, 2014 को जितेंद्र प्रकाश से हुई थी। दीपा का आरोप है कि शादी के बाद से ही उनके पति जितेंद्र, सास मंजू वर्मा, ननद शालिनी और देवर नकुल उन्हें मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित कर रहे हैं। दीपा ने बताया कि 30 जुलाई को भी उनके साथ मारपीट की गई थी, जिसके बाद उन्होंने एक कमरे में बंद होकर अपनी जान बचाई।

पीड़िता के मुताबिक, 2 अगस्त को उनके पति ने उनका पिंडदान कर दिया। जब उन्होंने इस बारे में पूछा, तो पति ने कहा, "तुम मेरे लिए मर चुकी हो।" उसने यह भी कहा कि वह अब उनके साथ नहीं रहना चाहता। दीपा ने दावा किया है कि उनके पास जान से मारने की धमकियों की ऑडियो रिकॉर्डिंग भी है।

दीपा और जितेंद्र के दो बच्चे हैं। दीपा का आरोप है कि उन्हें और उनके बच्चों को मानसिक रूप से परेशान किया जा रहा है। दीपा ने आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई करने और उन्हें सुरक्षा मुहैया कराने की मांग की है।