पहले प्यार का नाटक किया। फिर शादी के सात फेरे लिए। लेकिन उसकी नजर थी पत्नी की इंश्योरेंस पॉलिसी पर। 30 लाख रुपयों के लालच में पति ने उसके मर्डर का फरमान जारी कर दिया। यूपी के गाजीपुर से आई ये खबर दिल दहला देने वाली है।

रिलेशनशिप डेस्क.गाजीपुर कोतवाली के लॉर्ड कॉर्न वॉलिस पार्क के पास मिली महिला की डेड बॉडी का रहस्य पुलिस ने सुलझा लिया है। पिछले दिनों पार्क में मकबरे के पास एक महिला का शव मिला था। बॉडी के पास स्कूटी गिरी पड़ी थी। शुरू में ये लगा कि सड़क हादसे में महिला की मौत हुई होगी। ऐसा बताया गया कि कोई स्कॉर्पियों कार स्कूटी को टक्कर मार कर निकल गई जिससे स्कूटी सवार महिला की मौत हो गई। लेकिन जब पुलिस ने पूरे मामले की तहकीकात शुरू की तो हैरान करने वाला खौफनाक सच सामने आया। पता चला कि महिला की मौत किसी हादसे में नहीं बल्कि सोची समझी साजिश का नतीजा है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

आईटीबीपी का जवान कातिल निकला

दिल दहला देने वाली ये कहानी है काजल पांडे और उसके कातिल पति आशुतोष दुबे की। दरअसल आशुतोष और काजल एक दूसरे से प्यार करते थे। दोनों के घरवाले इस रिश्ते के खिलाफ थे लेकिन दोनों नहीं माने। करीब 4 साल पहले 2019 में दोनों ने अपने रिश्ते पर कोर्ट मैरिज की मुहर लगा दी। इसके बाद काजल को लगा कि उसकी जिंदगी स्वर्ग से सुंदर हो जाएगी। पर उसे क्या मालूम था कि जिसे वो अपना प्रेमी समझ रही थी उसके दिमाग में खूनी साजिश चल रही है। घरवालों से रिश्ता टूटने के बाद काजल अपने पति के भरोसे जिंदगी जी रही थी पर उस पर लग गया लालच का ग्रहण।

काजल का काल बन गई इंश्योरेंस पॉलिसी

दरअसल काजल पांडे के नाम पर 30 लाख रुपए की एक इश्योरेंस पॉलिसी थी। आशुतोष की नजर उसी पॉलिसी पर थी। उसके घरवाले शादी से नाराज थे इसलिए उसने एक ऐसा खौफनाक प्लान बनाया कि एक तीर से दो शिकार हो जाए। पहले तो उसने अपने घरवालों की मर्जी से चुपके से दूसरी शादी कर ली। उसके बाद वो काजल से छुटकारा पाने का प्लान बनाने लगा। इसके लिए उसने भाड़े के हत्यारों की मदद ली। पूरी प्लानिंग के साथ काजल की हत्या की और फिर उसकी लाश को सड़क पर इस तरफ फेंका कि मामला एक्सीडेंट का लगे। शातिर इतना कि काजल की बॉडी के पास ही उसने सड़क पर स्कूटी गिरा दी थी ताकि पुलिस को ये हादसे में हुई मौत लगे।

स्कूटी वाला साजिश का ऐसे हुआ खुलासा

पुलिस ने इस पूरे मामले की पड़ताल के लिए एक स्पेशल टीम बनाई जिसने छानबीन शुरू की। तहकीकात में पता चला कि काजल को आशुतोष की दूसरी शादी के बारे में पता चल गया था। उसके बाद से वो अपने मायके चली गई थी और दोनों के रिश्ते में तनाव चल रहा था। लेकिन आशुतोष की नजर उसकी इंश्योरेंस पॉलिसी पर थी इसलिए उसने एक खतरनाक प्लान बनाया। उसने काजल को फोन कर गाजीपुर के सम्राट ढाबे के पास बुलाया। वहां उसने काजल को स्कॉर्पियों कार में पिक किया जिसमें पहले से ही दो लोग मौजूद थे। तीनों ने मिलकर काजल की गला दबाकर हत्या कर दी और फिर उसकी लाश को कॉर्न वालिस पार्क के पास फेंक दिया। हत्या को हादसे का रूप देने के लिए उन्होंने लाश के पास ही स्कूटी भी गिरा कर छोड़ दी। लेकिन पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में पता चला कि काजल की मौत गला दबाने की वजह से हुई थी। इसके बाद पुलिस ने कत्ल की वजह और कातिल दोनों का पता लगा लिया।