एक मैचमेकर ने 11 लाख कमाने वाली लड़की के परिवार को बैन कर दिया। वे अपनी ही जाति में 1 करोड़ सालाना कमाने वाला दूल्हा चाहते थे। एजेंसी ने इस मांग को लालची मानकर सर्विस देने से मना कर दिया, जो शादी में बढ़ती सैलरी की उम्मीदों को दिखाता है।
आजकल शादी के लिए लड़का-लड़की ढूंढना कितना मुश्किल हो गया है, ये तो सब जानते हैं। कभी लड़के नहीं मिलते, तो कभी लड़कियां। लेकिन कई बार रिश्ते इसलिए नहीं हो पाते क्योंकि डिमांड ही आसमान छूने वाली होती है। खासकर, लड़के की सैलरी को लेकर लड़कियों की उम्मीदें काफी बढ़ गई हैं। लाखों की सैलरी भी अब कम लगने लगी है। लड़की चाहे खुद कमाती हो या नहीं, लेकिन दूल्हा तो 'सुपर रिच' ही चाहिए। इसी वजह से कई रिश्ते बनने से पहले ही टूट जाते हैं।
मैचमेकर ने शेयर किया अनुभव
ऐसी ही एक कहानी 'द डेट क्रू' की फाउंडर ओंद्रिला कपूर ने इंस्टाग्राम पर शेयर की है। उन्होंने बताया कि कैसे उन्हें एक क्लाइंट को अपनी सर्विस से बैन करना पड़ा। ओंद्रिला ने बताया, 'हमने 28 साल की एक बंगाली ब्राह्मण लड़की को बैन कर दिया है। उसके परिवार ने हमें प्रोफाइल दी थी, जिसमें बताया गया था कि लड़की सालाना 11 लाख रुपये कमाती है।'
शुरू में परिवार की शर्त थी कि लड़का उनकी ही जाति का हो और उसकी सैलरी 25 से 50 लाख रुपये सालाना (यानी महीने के करीब 4 लाख) हो। ओंद्रिला ने बताया, 'हमने उनकी पसंद के हिसाब से कई प्रोफाइल दिखाए, लेकिन वे हर बार किसी न किसी बहाने से रिजेक्ट करते रहे। हमें यह बहुत अजीब लगा।'
शक होने पर की पड़ताल
'जब हमें शक हुआ, तो हमने लड़की से पूछा कि उसे किस तरह के लड़के पसंद हैं और कुछ सैंपल प्रोफाइल भेजने को कहा। लड़की ने जो प्रोफाइल भेजे, उन्हें देखकर हमारे होश उड़ गए। उन सभी लड़कों की सैलरी 1 करोड़ रुपये से ज्यादा थी।'
ओंद्रिला ने आगे बताया, 'हमारा शक यकीन में बदल गया। हमने पहले लड़की से बात की, तो उसने बहाना बनाया कि ये लड़के बहुत स्मार्ट और अट्रैक्टिव दिखते हैं, सैलरी की कोई बात नहीं है।'
1 करोड़ कमाने वाला 'जाति का लड़का'
इसके बाद एजेंसी ने लड़की के माता-पिता से बात की। तब जाकर साफ हुआ कि उन्हें अपनी ही जाति का ऐसा लड़का चाहिए, जो सालाना 1 करोड़ रुपये कमाता हो। ओंद्रिला कपूर ने कहा, 'यह डिमांड हमें बहुत ज़्यादा लालची लगी। इसलिए हमने उस क्लाइंट को अपनी मैचमेकिंग सर्विस से बैन कर दिया।'
लोगों ने क्या कहा?
ओंद्रिला ने यह भी बताया कि उन्होंने उन 1 करोड़ कमाने वाले लड़कों से भी संपर्क किया था, जिनके प्रोफाइल लड़की ने भेजे थे। लेकिन जब उन्हें लड़की के परिवार की इस डिमांड का पता चला, तो उन्होंने इस रिश्ते से साफ इनकार कर दिया क्योंकि उन्हें लगा कि परिवार बहुत लालची है।
ओंद्रिला ने यह कहानी अपने इंस्टाग्राम हैंडल oendrila.kapoor पर शेयर की है, जिसके बाद कमेंट्स की बाढ़ आ गई। कई लोग शादी में सैलरी को लेकर रखी जाने वाली ऐसी ही ऊंची मांगों के अपने अनुभव शेयर कर रहे हैं। वहीं, कुछ लोगों का कहना है कि सिर्फ लड़कियां ही नहीं, लड़के भी ऐसी ही उम्मीदें रखते हैं।
