- Home
- Lifestyle
- Travel
- Famous Ganesh Pandals: आस्था से लेकर आर्ट तक, मुंबई-पुणे के इन गणेश पंडालों में मिलेगा सबकुछ
Famous Ganesh Pandals: आस्था से लेकर आर्ट तक, मुंबई-पुणे के इन गणेश पंडालों में मिलेगा सबकुछ
Best Ganesh Chaturthi 2025 Pandals Mumbai And Pune: गणेश चतुर्था का महा पर्व आने वाला है, इस त्यौहार का इंतजार पूरे देश को रहता है खास कर मुंबई और पुणे को। मुंबई और पुणे में गणेश जी का भव्य स्वागत के साथ स्थापना होती है और शानदार पंडाल बनाए जाते हैं।

मुंबई-पुणे के फेमस गणेश पंडाल
Famous Ganesh Chaturthi Pandals: गणेश चतुर्थी का त्योहार महाराष्ट्र में सिर्फ पूजा का पर्व नहीं, बल्कि आस्था, कला और संस्कृति का अनोखा संगम है। महाराष्ट्र में लोग पूरे साल गणेश चतुर्थी का इंतजार करते हैं, खासकर मुंबई और पुणे में इस त्योहार को अलग ही धूम-धाम से मनाया जाता है। यहां हर साल भव्य गणेश पंडाल सजाए जाते हैं, जहां लाखों श्रद्धालु दर्शन के लिए उमड़ते हैं। अगर आप 2025 में गणपति बप्पा के दर्शन की योजना बना रहे हैं, तो मुंबई और पुणे के ये 5 फेमस गणेश पंडाल आपकी लिस्ट में जरूर होने चाहिए।
लालबागचा राजा, मुंबई
मुंबई का सबसे लोकप्रिय और श्रद्धेय गणेश पंडाल है लालबागचा राजा, जो लालबाग मार्केट, परेल इलाके में स्थित है। यहां हर साल बप्पा की भव्य मूर्ति और पंडाल की थीम भक्तों को मंत्रमुग्ध कर देती है। यहां की खासियत यह है कि लोग मानते हैं कि जो भी भक्त सच्चे मन से इच्छा मांगता है, उसकी मनोकामना पूरी होती है। लंबी कतारों के बावजूद श्रद्धालु घंटों यहां दर्शन के लिए इंतजार करते हैं।
अंधेरीचा राजा, मुंबई
मुंबई के अंधेरी इलाके में स्थापित होने वाला अंधेरीचा राजा भी पूरे शहर का मुख्य आकर्षण है। यहां के गणेश पंडाल की खासियत है इसकी आधुनिक और क्रिएटिव थीम, जिसमें हर साल अलग संदेश छुपा होता है। कभी यहां ऐतिहासिक धरोहर दिखाई जाती है, तो कभी सामाजिक मुद्दों को दर्शाने वाली झांकी। इस पंडाल का माहौल भक्तों को सिर्फ धार्मिक ही नहीं, बल्कि सांस्कृतिक अनुभव भी कराता है।
श्रीमंत दगडूशेठ हलवाई गणपति, पुणे
पुणे का सबसे लोकप्रिय और ऐतिहासिक पंडाल है दगडूशेठ हलवाई गणपति, जो पुणे शहर के बुडवार पेठ इलाके में स्थित है। 1893 से स्थापित इस मंदिर की पहचान है बप्पा की स्वर्ण आभा से सजी विशाल प्रतिमा। यहां की सजावट बेहद भव्य होती है और हर साल लाखों लोग दर्शन के लिए आते हैं। यह पंडाल सिर्फ पुणे ही नहीं बल्कि पूरे भारत में अपनी आस्था और ऐतिहासिक महत्व के लिए प्रसिद्ध है।
कस्बा गणपति, पुणे
पुणे का कस्बा गणपति खास तौर पर इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि इसे पुणे शहर का ग्रामदैवत माना जाता है। यह पंडाल पुणे के कस्बा पेठ में स्थित है और यहां की स्थापना शिवाजी महाराज की मां, जीजाबाई ने की थी। कस्बा गणपति मंडल का गणेशोत्सव पुणे की परंपरा और संस्कृति से गहराई से जुड़ा हुआ है। यहां की पूजा विधि और माहौल में पुरानी परंपराओं की झलक मिलती है।
तुलसीबाग गणपति, पुणे
पुणे के व्यस्त बाजार क्षेत्र में स्थित तुलसीबाग गणपति अपनी विशाल मूर्ति और खूबसूरत सजावट के लिए मशहूर है। यहां की गणेश प्रतिमा पुणे की सबसे बड़ी गणेश मूर्तियों में गिनी जाती है। पंडाल की सजावट और आर्टवर्क हर साल भक्तों को आकर्षित करता है। साथ ही, तुलसीबाग मार्केट में गणेशोत्सव के दौरान शॉपिंग और लोकल कल्चर का मजा भी अलग ही होता है।