कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने भाजपा के खिलाफ एक सोशल मीडिया पोस्ट में जमकर भड़ास निकाली। उन्होंने दो वीडियो पोस्ट कर बताया कि किस तरह भाजपा फर्जी और आधे-अधूरे वीडियो पोस्ट कर कांग्रेस नेताओं काे भड़काने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि इस मामले में कानूनी सलाह लेकर एफआईआर दर्ज कराऊंगा। 

भोपाल। कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह (Congress leader Digvijay singh) ने गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी पर (BJP) पर उनके वीडियो को एडिट कर कांग्रेस नेताओं को बदनाम करने की साजिश का आरोप लगाया। दिग्विजय सिंह ने एक कार्यक्रम के दो वीडियो अपने फेसबुक पेज पर पोस्ट किए। इनमें से एक पर फेक और दूसरे पर रियल का टैग लगा है। इनमें से एक वीडियो अधूरा है, जबकि दूसरे वीडियो में दिग्विजय की पूरी बात है। 

सावरकर की बात को बना दिया दिग्विजय का बयान
यह वीडियो गाय और गोमांस को लेकर है, इसलिए यह काफी वायरल हुआ है। पहले वीडियो में दिग्विजय कह रहे हैं - हिंदू धर्म से हिंदुत्व का कोई नाता नहीं है। वे किसी किताब का जिक्र करते हुए बता रहे हैं... और ये भी लिखा है कि गाय जो है ऐसा पशु है वो खुद के मल में लोट लेती है। वो कहां से हमारी माता हो सकती है। उसका गोमांस खाना कोई खराबी नहीं है।



रियल टैग के साथ पोस्ट किए गए वीडियो में दिग्विजय की बात शुरुआत से है। इसमें वे कह रहे हैं 'सावरकर जी के बारे में कहा जाता है आजकल। उनकी खुद की किताब में लिखा है कि हिंदू धर्म का हिंदूत्व से कोई नाता नहीं है। ये भी लिखा है कि गाय जो है, ऐसा पशु है जो खुद के मल में लोट लेती है। वह कहां से हमारी माता हो गई। उसका गोमांस खाना कोई खराबी नहीं है। दिग्विजय वीडियो में कह रहे हैं कि ये सावरकर जी ने खुद ने कहा है, जो आजकल भाजपा और संघ के खास विचारक हैं। ये मालूम है कि नहीं आपको?

यह भी पढ़ें दिग्विजय सिंह ने नियमों के खिलाफ जेल में कैदी से की मुलाकात, फोटो आते ही शिवराज सरकार ने लिया तगड़ा एक्शन

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

कानूनी सलाह लेकर करूंगा एफआईआर
इन दोनों वीडियो के साथ दिग्विजय ने भाजपा पर तीखा हमला किया। कहा- भाजपा हमारे वक्तव्यों को एडिट कर बदनाम करती हैं। यह इसका ज्वलंत उदाहरण है। क्या यह जुर्म नहीं है? कानूनी सलाह लेकर, मैं जिन भाजपा नेताओं ने इसे प्रचारित किया है उनके खिलाफ FIR भी करूंगा और मानहानि का दावा भी करूंगा। समूचे देश में कांग्रेस नेताओं के खिलाफ इसी तरह आधे-अधूरे वीडियो चलाकर भाजपा नेता कांग्रेस के खिलाफ माहौल तैयार करते हैं और अपनी राजनीति चमकाने के लिए झूठ फैलाने का काम करते हैं। लेकिन अब झूठ फैलाने वाले तमाम भाजपा नेता और समर्थकों के खिलाफ कांग्रेस पुलिस में शिकायत दर्ज कराएगी।

यह भी पढ़ें लोगों को भोजन बांटने गई थीं लूसिया, लौटीं, तो घर खंडहर हो चुका था, लेकिन उम्मीद है कि 'वो सुबह कभी तो आएगी'