भाजपा अध्यक्ष ने गांधी और राकांपा अध्यक्ष शरद पवार पर निशाना साधते हुए उनसे महाराष्ट्र में किए गए उनके कामकाज का हिसाब देने को कहा जहां 1999 से 2014 तक 15 साल कांग्रेस-राकांपा सरकार रही।

गढ़चिरौली: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आदिवासी कल्याण के मुद्दे पर कांग्रेस पर निशाना साधते हुए पार्टी के नेता राहुल गांधी से पूछा कि उनकी चार पीढ़ियों ने 70 साल के शासन के दौरान जनजातीय समुदाय के लिए क्या किया। पूर्वी महाराष्ट्र के माओवाद प्रभावित गढ़चिरौली के अहेरी में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए शाह ने यह भी कहा कि नक्सली विकास के विरोधी हैं तथा मोदी सरकार ने पिछले पांच साल में समस्या पर लगाम कसी है। 

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

शाह ने आदिवासी कल्याण के मुद्दे पर कांग्रेस से पूछा सवाल

भाजपा अध्यक्ष शाह ने कहा कि कांग्रेस नीत सरकारों ने वोट-बैंक की राजनीति के लिए संविधान के अनुच्छेद 370 को समाप्त नहीं किया। उन्होंने कहा कि अंतत: मोदी सरकार ने इस विवादास्पद प्रावधान को समाप्त किया जिसके तहत जम्मू कश्मीर को विशेष दर्जा मिला हुआ था। शाह ने आदिवासी बहुल जिले में आयोजित रैली में राहुल गांधी के लिए सवाल किया, ‘‘आपकी चार पीढ़ियों ने 70 साल तक देश पर शासन किया, आपने आदिवासियों के लिए क्या किया?’’

(यह खबर समाचार एजेंसी भाषा की है, एशियानेट हिंदी टीम ने सिर्फ हेडलाइन में बदलाव किया है।)