2015 में अपने दो दोस्तों के संग सीरिया भागा था बेटा। तब से कोई पता नहीं। शक है कि उसने आतंकी संगठन ISI ज्वाइन किया था। 

मुंबई. 75 साल के मोहम्मद सुल्तान रिंद पाकिस्तान के सिंध प्रांत के नुशेरो फिरोजे जिले में रहते हैं। लेकिन उनकी फैमिली मुंबई में रहती है। उनकी पत्नी भारतीय हैं। लेकिन एक बेटे पर उठे शक के कारण उन्हें भारतीय नागरिकता नहीं मिल पा रही है। दरअसल, एक बेटे के सीरिया में आतंकी संगठन ISI से जुड़ जाने की कथित खबरों के चलते इस बूढ़े पिता को भारतीय नागरिकता नहीं मिल पा रही है। अभी यह पिता 45 दिनों के वीजा पर अपनी फैमिली से मिलने हिंदुस्तान आया हुआ है। यह फैमिली मुंबई के मलाड एरिया में रहती है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred


बूढ़े पति के साथ रहना चाहती है पत्नी..
मोहम्मद सुल्तान इससे पहले 2016 में भारत आए थे। इससे पहले 2015 में उनके बेटे अयाज सुल्तान के ISI में शामिल होने की खबरें आई थीं। अयाज के साथ मुंबई के दो अन्य लड़कों के साथ सीरिया गया था। वो तब से गायब है। रिंद पिछली बार जब मुंबई आए थे, तब उन्होंने भारतीय नागरिकता के पाने के लिए प्रयास किए थे, लेकिन सफल नहीं हो सके।

कुवैत में शेफ थे रिंद..
रिंद करीब 45 साल तक कुवैत में रहे। वे वहां शेफ थे। इसी दौरान उनकी मुलाकात जुबैदा(सास) से हुई। इसके बाद वे 1979 में जुबैदा के साथ मुंबई स्थित उसके घर सांताक्रूज आ गए। 10 सितंबर 1979 को रिंद ने जुबैदा की बेटी रजिया से निकाह कर लिया। इसके बाद वे वापस काम पर कुवैत लौट गए। वे अकसर मुंबई अपनी फैमिली से मिलने आते रहे। जुबैदा की मौत के बाद रिंद की पत्नी रजिया अपने चार बच्चों बेटे मोहम्मद इरफान, अयाज सुल्तान और बेटियों समीरा और शाइना के साथ गोरेगांव में शिफ्ट हो गई। करीब तीन साल पहले रिंद ने बुढ़ापे के चलते नौकरी छोड़ दी और पाकिस्तान लौट गए। अयाज के ISI में शामिल होने की खबर के बाद वे इंडिया पहुंचे, लेकिन उन्हें लोगों के काफी ताने झेलने पड़े। अभी रिंद पाकिस्तान में अपने भाई-बहनों के साथ रहते हैं। इस बार वे 11 दिसंबर को बाघा बॉर्डर के रास्ते हिंदुस्तान आए। वे भारतीय नागरिकता चाहते हैं, लेकिन उनके लिए यह अब आसान नहीं दिखता। रजिया कहती हैं कि उनके शौहर के भाई-बहन भी बूढ़े हो चले हैं, इसलिए अब उनकी देखभाल करने वाला कोई नहीं है।

अयाज के कारण नहीं बन सका इरफान का पासपोर्ट
रिंद के दूसरे बेटे इरफान को भी अपने भाई के कारण दिक्कतों का सामना करना पड़ा रहा है। अयाज के भागने के बाद से वो पुलिस के निगरानी में है। इरफान विदेश जाकर नौकरी करना चाहता है, लेकिन उसका पासपोर्ट रिन्यू नहीं किया जा रहा है। इरफान ने कहा कि पुलिस ताने मारती है कि वो भी अपने भाई की तरह ISI में भर्ती होकर कमाई करना चाहता है। अयाज के जाने के बाद यह परिवार अब मलाड में रहने आ गया है। रजिया कहती है कि अयाज एक कॉल सेंटर में जॉब करता था। उसे किसी लड़की ने प्यार में धोखा दिया। इसके बाद उसने सुसाइड करने तक की कोशिश की। रजिया मानती है कि उसके बेटे का इंटरनेट के जरिये ब्रेनवॉश किया गया। घर से भागने के बाद उसने दुबारा कोई संपर्क नहीं किया।