शिवसेना नेता संजय राउत (Sanjay Raut) ने कहा कि मुंबई को हथियाने के लिए भाजपा ने एकनाथ शिंदे को महाराष्ट्र का सीएम बनाया है। मुंबई में इसी साल निकाय चुनाव होने हैं।  

मुंबई। शिवसेना नेता संजय राउत (Sanjay Raut) ने शनिवार को कहा कि भाजपा ने एकनाथ शिंदे (Eknath Shinde) को महाराष्ट्र का मुख्यमंत्री बनाया है ताकि वह बाल ठाकरे की शिवसेना से मुंबई हथिया सके। राउत ने कहा कि उद्धव ठाकरे ने शुक्रवार को स्पष्ट किया कि शिंदे शिवसेना से नहीं हैं। अब यह स्पष्ट हो गया है कि शिंदे का इस्तेमाल मुंबई में शिवसेना को हराने के लिए किया गया है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

दरअसल, मुंबई में इस साल के अंत में निकाय चुनाव होंगे। बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) देश की सबसे अमीर नगर पालिका है। यहां शिवसेना ने दो दशकों से अधिक समय तक राज किया है। राउत का कहना है कि भाजपा एकनाथ शिंदे का इस्तेमाल कर शिवसेना की ताकत कम करना चाहती है।

जहां ठाकरे हैं वहीं है शिवसेना 
राउत ने कहा कि कांग्रेस कई बार बंटी, लेकिन इंदिरा गांधी की कांग्रेस अब भी जिंदा है। इसी तरह शिवसेना वहीं है जहां ठाकरे हैं। उपमुख्यमंत्री का पद संभालने के लिए फडणवीस की सराहना की जानी चाहिए। शिंदे पहले उनकी सरकार में मंत्री थे। भाजपा में अनुशासन बनाए रखा जाता है और आदेशों का पालन किया जाता है।

ईडी के अधिकारियों ने अच्छा व्यवहार किया
मनी लॉन्ड्रिंग जांच के सिलसिले में शुक्रवार को राउत ईडी के सामने पेश हुए थे। इस संबंध में उन्होंने कहा कि मैंने केंद्रीय एजेंसी के अधिकारियों से कहा कि सभी सवाल का जवाब देने के लिए तैयार हूं। ईडी ने मुझसे 10 घंटे तक पूछताछ की। अधिकारियों ने मेरे साथ अच्छा व्यवहार किया। मैंने उनसे कहा कि अगर और जानकारी चाहिए तो मैं दूंगा। डरने की कोई जरूरत नहीं है। मैंने कुछ भी गलत नहीं किया है। सच्चाई मेरे साथ है।

यह भी पढ़ें- बागी विधायकों के साथ आज मुंबई लौटेंगे सीएम एकनाथ शिंदे, शिवसेना ने यूं कसा भाजपा पर तंज

राउत ने कहा कि संसद सदस्य के रूप में यह मेरा कर्तव्य है कि यदि जांच एजेंसी को किसी जानकारी की आवश्यकता है तो मैं उसके सामने पेश होऊं। जिस मामले की वे जांच कर रहे हैं उससे मेरा कोई लेना-देना नहीं है। बता दें कि ईडी ने संजय राउत को मुंबई के चॉल के पुनर्विकास और उनकी पत्नी और दोस्तों से संबंधित वित्तीय लेनदेन से जुड़ी मनी लॉन्ड्रिंग जांच में पूछताछ के लिए तलब किया था।

यह भी पढ़ें- महाराष्ट्र में नया ट्विस्ट: बागी विधायक ने उद्धव ठाकरे से दिए सुलह के संकेत, एकनाथ शिंदे पर शिवसेना का एक्शन