मुंबई के जुहू इलाके में नौकरी के इंटरव्यू के लिए आई एक महिला से बलात्कार करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने जॉब से पहले लड़की को होटल के एक कमरे में बुलाया था।

मुंबई (महाराष्ट). मुंबई के जुहू इलाके में नौकरी के इंटरव्यू के लिए आई एक महिला से बलात्कार करने के आरोप में 25 वर्षीय व्यक्ति को सोमवार तड़के गिरफ्तार किया गया। उसने महिला को होटल के एक कमरे में बुलाया था। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि दिल्ली के रहने वाले साहिल सिंह अरोड़ा को उसके रिश्तेदार के घर से पकड़ा गया।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

नेटवर्किंग साइट के जरिए लड़की से किया संपर्क
पुलिस के मुताबिक, ‘‘आरोपी ने उत्तर प्रदेश से एमबीए कर चुकी पीड़िता को एक निजी बैंक के मानव संसाधन विभाग में नौकरी दिलाने का वादा किया था। उसे होटल के एक कमरे में इंटरव्यू देने के लिए कहा गया, जहां उसके साथ बलात्कार किया गया।’’ पीड़िता नवी मुंबई में रह रही थी और हाल ही में उत्तर प्रदेश लौटी थी। आरोपी को एक पेशेवर नेटवर्किंग वेबसाइट से उसकी जानकारियां मिली थी।

लड़की का चुपके से बना लिया वीडियो
पुलिस ने बताया, ‘‘आरोपी ने जुलाई में उससे संपर्क किया था। अरोड़ा ने अपने आप को निजी बैंक का कर्मचारी बताया था। उसका बलात्कार करने के बाद अरोड़ा से उसे कहा कि इसकी वीडियो बना ली गई और अगर उसने किसी से इसके बारे में कहा तो वह इसकी क्लिप उसके पिता को भेज देगा।’’आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। साथ ही उसे सात दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है।